Talent Hunt 2026: कांग्रेस ने शुरू किया ‘प्रतिभा खोज’ अभियान, विशेषज्ञों को मिलेगा पार्टी में जुड़ने का अवसर

दिल्ली के पूर्व विधायक हरि शंकर गुप्ता ने टैलेंट हंट मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस के साथ निजामुद्दीन राईन, शकील चौधरी और अनुसूचित जाति विभाग मुंबई अध्यक्ष सुभाष भालेराव की उपस्थिति में हुआ लांच

मुंबई: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने नई और विशेषज्ञ प्रतिभाओं को अवसर देने के उद्देश्य से ‘प्रतिभा खोज’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत देशभर के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को कांग्रेस पार्टी में काम करने का मंच उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व विधायक हरि शंकर गुप्ता ने पत्रकार परिषद में दी।

हरि शंकर गुप्ता ने बताया कि यह अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में ऑनलाइन आवेदन 15 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद इन आवेदनों की छानबीन की जाएगी और वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी पत्रकारों और समाज के विशेषज्ञों की समिति द्वारा प्रत्यक्ष साक्षात्कार लिया जाएगा। साक्षात्कार के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

गुप्ता ने कहा कि इस अभियान से चयनित लोगों को कांग्रेस पार्टी के साथ काम करने का मौका मिलेगा। उन्हें प्रवक्ता, सोशल मीडिया और शोध कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को देशभर में पहुंचाना और पार्टी में नए, ताजगी भरे चेहरों को जोड़ना है।

मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने बताया कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्षा वर्षाताई गायकवाड़ के नेतृत्व में टैलेंट हंट कमिटी बनाई गई है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने और सभी जिलों में समन्वय स्थापित करने का काम कमिटी द्वारा किया जाएगा। राजहंस ने कहा कि यह अभियान कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के विचारों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर मुंबई कांग्रेस के अन्य नेता निजामुद्दीन राईन, शकील चौधरी और अनुसूचित जाति विभाग मुंबई अध्यक्ष सुभाष भालेराव भी उपस्थित थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *