‘एकला चलो की राह’ पर उद्धव शिवसेना, अकेले लड़ेगी बीएमसी चुनाव

Written by

in

मुंबई: महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) स्थानीय निकाय चुनावों में एकला चलो की राह पकड़ती नजर आ रही है। राज्यसभा सांसद और सीनियर नेता संजय राउत ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी मुंबई में अकेले चुनाव लड़ेगी। मगर, दूसरे शहरों को लेकर फैसला अभी तक नहीं हुआ है। यह निर्णय पार्टी की ताकत के आधार पर लिया जाएगा। संजय राउत ने कहा, ‘पार्टी के पास मुंबई में अच्छी-खासी ताकत है। स्थानीय नेताओं का इस बात पर जोर है कि पार्टी को बीएमसी चुनाव अकेले लड़ना चाहिए। इसे देखते हुए हमने मुंबई में बीएमसी चुनाव अकेले लड़ने का मन बनाया है। जहां तक अन्य स्थानीय निकायों का सवाल है तो हम मौजूदा स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।’ संजय राउत ने कहा कि हमारी पार्टी किस सीट पर अकेले लड़ेगी और कहां पर गठबंधन होगा, इस संबंध में चर्चा जारी है। फिलहाल, मुंबई में अकेले लड़ने का फैसला लिया गया है। इससे पहले, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनाव अपने दम पर लड़ सकती है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ता इसके लिए उत्सुक हैं और वह उचित समय पर इस पर निर्णय लेंगे। उन्होंने भाजपा को कम से कम एक चुनाव मतपत्रों से कराने की चुनौती दी।

शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की ९९वीं जयंती पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वह सभी नगर निगमों में पार्टी के कार्यकर्ताओं से बात कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़े। उन्होंने कहा, ‘क्या आप देशद्रोहियों को उनकी जगह दिखाने के लिए तैयार हैं? अभी चुनावों की घोषणा होनी बाकी है। मुझे अपनी तैयारियां देखने दीजिए और मैं आपकी इच्छा के अनुसार निर्णय लूंगा। मैं उचित समय पर निर्णय लूंगा।’ ठाकरे का यह बयान पार्टी नेता संजय राउत की उस घोषणा के कुछ दिन बाद आया जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी स्थानीय निकाय चुनाव अकेले लड़ेगी। इस कदम से विपक्षी खेमे की एकता पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *