Thane News: तुर्भे में युवती से छेड़छाड़, आदतन आरोपी संदीप तीर्थे गिरफ्तार

तुर्भे में युवती से छेड़छाड़ के मामले में आदतन आरोपी संदीप तीर्थे गिरफ्तार

Written by

in

नवी मुंबई (Thane News)।
तुर्भे इलाके में एक युवती से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। तुर्भे स्टोर परिसर में रहने वाले संदीप तीर्थे पर आरोप है कि उसने जनवरी 2026 में तुर्भे रेलवे स्टेशन परिसर में युवती का पीछा करते हुए अश्लील हरकतें कीं और उसकी मर्यादा को ठेस पहुंचाई।

पीड़िता जब घर जाने के लिए शेयरिंग ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रही थी, तब आरोपी ने उसका पीछा करते हुए “मैं तुम्हें पसंद करता हूं” जैसे आपत्तिजनक शब्द कहे। इसके बाद 5 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे आरोपी ने दोबारा युवती को परेशान किया। ऑटोरिक्शा में अन्य कोई यात्री मौजूद न होने का फायदा उठाकर आरोपी ने “शुभांगी, तुम मेरे पास आकर बैठो” कहते हुए जबरन नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की, जिससे युवती भयभीत हो गई।

घटना के बाद युवती ने पूरी जानकारी अपने पिता को दी। जब परिजन आरोपी से पूछताछ करने के लिए पावणे नाका परिसर पहुंचे, तो आरोपी ने युवती के भाई के साथ हाथापाई कर मारपीट भी की।

इस मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी संदीप तीर्थे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही एपीएमसी पुलिस स्टेशन और तुर्भे पुलिस स्टेशन में कई मामले दर्ज हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आरोपी की दहशत के कारण इलाके में भय का माहौल बना हुआ है। उस पर फर्जी शिकायतें दर्ज कर लोगों को ब्लैकमेल करने के भी आरोप हैं। फिलहाल तुर्भे पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने इससे पहले और कितनी युवतियों को इसी तरह परेशान किया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *