Anjali Kulthe: मुंबई हमले की गुमनाम हीरो अंजली कुलथे की कहानी, फिल्म में कंगना रनौत करेंगी पर्दे पर जीवंत

kangana ranaut

Written by

in

Anjali Kulthe: 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की अनकही कहानियों को बड़े पर्दे पर लाने वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ इन दिनों चर्चा में है। इस फिल्म में अभिनेत्री Kangana Ranaut एक साहसी नर्स अंजली कुलथे की भूमिका निभा रही हैं। अंजली कुलथे मुंबई के कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में स्टाफ नर्स थीं और 26 नवंबर 2008 की भयावह रात उन्होंने अपनी सूझबूझ और साहस से कई जिंदगियां बचाईं। उनकी बहादुरी की कहानी अब फिल्म के माध्यम से देशभर के लोगों तक पहुंचेगी।

26/11 के आतंकी हमलों के दौरान जब आतंकवादी छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) पर हमला करने के बाद कामा अस्पताल की ओर बढ़े, तब अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल था। इसी बीच अंजली कुलथे ने खतरे को भांपते हुए अस्पताल में भर्ती करीब 20 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उन्होंने वार्ड के दरवाजे बंद कर दिए, सभी लाइटें बुझा दीं और महिलाओं को एक छोटे से कमरे में छिपाकर शांत रहने के लिए कहा ताकि आतंकवादियों का ध्यान उनकी ओर न जाए।

संबंधित खबर: Peddi Controversy: ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर के सीन्स पर विवाद, फेमस सिंगर ने मेकर्स पर लगाया आरोप

स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण तब हो गई जब छिपी हुई महिलाओं में से एक हाई-रिस्क गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। अस्पताल के भीतर और बाहर गोलियों की आवाजें गूंज रही थीं और डॉक्टरों का पहुंचना मुश्किल था। ऐसे हालात में अंजली कुलथे ने अद्भुत साहस दिखाते हुए महिला को सुरक्षित तरीके से लेबर रूम तक पहुंचाया। अगले दिन उस महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। बताया जाता है कि उस बच्ची का नाम बाद में उस भयावह रात की याद में ‘गोली’ रखा गया था।

फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ केवल अंजली कुलथे ही नहीं, बल्कि कामा अस्पताल के उन नर्सों, वार्ड बॉय, सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों को भी श्रद्धांजलि देती है जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों मरीजों की रक्षा की थी। फिल्म 12 जून को रिलीज होने वाली है और इसका उद्देश्य 26/11 के उन गुमनाम नायकों की कहानी सामने लाना है, जिनकी बहादुरी को अक्सर मुख्यधारा की चर्चाओं में पर्याप्त स्थान नहीं मिला।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *