International Olympic Day 2026: ओलंपिक डे रन के साथ लखनऊ में खेल भावना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

International Olympic Day 2026

Written by

in

International Olympic Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस 2026 के अवसर पर बुधवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में उत्साह और खेल भावना से भरपूर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के संरक्षण में लखनऊ ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों, विद्यार्थियों और विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आगाज ओलंपिक डे रन से हुआ, जिसे उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने ओलंपिक ध्वज के साथ दौड़ लगाते हुए खेल भावना, एकजुटता और उत्कृष्टता का संदेश प्रसारित किया।

समारोह के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले 15 खिलाड़ियों को ‘विजय पथ अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को ‘पत्रकार शिरोमणि सम्मान’ प्रदान किया गया।

विराज सागर दास ने कहा कि ओलंपिक दिवस जैसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और प्रदेश की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए लखनऊ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी तथा उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि ओलंपिक दिवस केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान जैसे मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का अवसर भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाना है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने प्रदेश की सभी जिला ओलंपिक समितियों को 100-100 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। इस अभियान की शुरुआत विराज सागर दास ने सांकेतिक वृक्षारोपण कर की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह, रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा, जूडो एसोसिएशन के सचिव मुनव्वर अंजार, वुशू एसोसिएशन के सचिव मनीष कक्कड़, टेनिकॉइट एसोसिएशन के महासचिव सिकंदर विलियम्स सहित अनेक खिलाड़ी, खेल पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *