Blog

  • Dhamaal 4: अरशद वारसी बोले- ‘धमाल 4’ में लौटेगी पहली फिल्म वाली मासूमियत और कॉमेडी

    Dhamaal 4: अरशद वारसी बोले- ‘धमाल 4’ में लौटेगी पहली फिल्म वाली मासूमियत और कॉमेडी

    Dhamaal 4: बॉलीवुड अभिनेता अरशद वारसी का कहना है कि आगामी कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ में दर्शकों को पहली ‘धमाल’ फिल्म जैसी मासूमियत, बेहतरीन हास्य और मनोरंजन का वही अंदाज देखने को मिलेगा, जिसने इस फ्रेंचाइज़ी को कल्ट कॉमेडी का दर्जा दिलाया था।

    फिल्म को लेकर बातचीत में अरशद वारसी ने कहा कि वह फिलहाल कहानी से जुड़े ज्यादा विवरण साझा नहीं कर सकते, लेकिन इतना तय है कि ‘धमाल 4’ में मूल फिल्म की सादगी, हल्का-फुल्का हास्य और मजेदार मनोरंजन को फिर से जीवंत किया गया है।

    उन्होंने फिल्म की पूरी स्टार कास्ट को अपना परिवार बताते हुए कहा कि सभी कलाकारों के साथ दोबारा काम करना हमेशा यादगार अनुभव होता है। उनके मुताबिक, इस बार पूरी टीम पहले से बड़े स्तर पर दर्शकों को हंसी से भरपूर मनोरंजन देने के लिए तैयार है।

    फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा के साथ ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

    ‘धमाल 4’ को गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ ने देवगन फिल्म्स के सहयोग से प्रस्तुत किया है। यह टी-सीरीज़ फिल्म्स, मारुति इंटरनेशनल और पैनोरमा स्टूडियो का संयुक्त प्रोडक्शन है। फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है, जबकि अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठाकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक इसके निर्माता हैं। ‘धमाल 4’ 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

  • Alpha Movie: ‘ऐल्फा’ के लिए आलिया भट्ट और शर्वरी ने हॉलीवुड एक्शन एक्सपर्ट जेसन नोविएलो से ली ट्रेनिंग

    Alpha Movie: ‘ऐल्फा’ के लिए आलिया भट्ट और शर्वरी ने हॉलीवुड एक्शन एक्सपर्ट जेसन नोविएलो से ली ट्रेनिंग

    Alpha Movie: यश राज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘ऐल्फा’ के लिए बॉलीवुड अभिनेत्रियां आलिया भट्ट और शर्वरी ने हॉलीवुड के मशहूर एक्शन ट्रेनर और स्टंट विशेषज्ञ जेसन नोविएलो से विशेष प्रशिक्षण लिया है। फिल्म में दमदार और हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस को वास्तविक बनाने के लिए दोनों अभिनेत्रियों ने लंबे समय तक कड़ी तैयारी की।

    मार्शल आर्ट्स और स्टंट प्रदर्शन के क्षेत्र में चार दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले जेसन नोविएलो कई बार के विश्व चैंपियन मार्शल आर्टिस्ट रह चुके हैं। उन्होंने फिल्म की जरूरतों के अनुरूप आलिया और शर्वरी को चुनौतीपूर्ण एक्शन दृश्यों के लिए शारीरिक फिटनेस, फाइट कोरियोग्राफी और स्टंट तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया।

    फिल्म के बड़े पैमाने पर फिल्माए गए एक्शन सीक्वेंस के लिए दोनों अभिनेत्रियों ने व्यापक अभ्यास और कठिन ट्रेनिंग सेशन पूरे किए, ताकि पर्दे पर उनका एक्शन अधिक प्रभावशाली और विश्वसनीय नजर आए।

    आदित्य चोपड़ा के निर्माण और शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘ऐल्फा’ 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखा जा रहा है।

  • Mardaani 3 WTP: सोनी मैक्स पर 18 जुलाई को होगा ‘मर्दानी 3’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर!

    Mardaani 3 WTP: सोनी मैक्स पर 18 जुलाई को होगा ‘मर्दानी 3’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर!

    Mardaani 3 WTP: बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी अभिनीत फिल्म मर्दानी 3 का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 18 जुलाई को रात आठ बजे सोनी मैक्स पर होगा। भारत की चर्चित फीमेल कॉप फ्रेंचाइज़ी की इस नई फिल्म में रानी मुखर्जी एक बार फिर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के दमदार किरदार में नजर आएंगी।

    अभिराज मीनावाला के निर्देशन में यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में जानकी बोदीवाला और मल्लिका प्रसाद भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी लापता लड़कियों के एक रहस्यमयी मामले की जांच पर आधारित है, जिसमें शिवानी शिवाजी रॉय एक खतरनाक अपराधी नेटवर्क का पर्दाफाश करती हैं।

    फिल्म में एक्शन, सस्पेंस और भावनात्मक घटनाक्रम का मिश्रण देखने को मिलेगा। रानी मुखर्जी ने कहा कि मर्दानी उनके लिए केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज में होने वाले गंभीर अपराधों के खिलाफ एक सशक्त आवाज़ है। उन्होंने कहा कि मर्दानी 3 की कहानी शूटिंग पूरी होने के बाद भी उनके साथ लंबे समय तक जुड़ी रही और उनका मानना है कि इसका संदेश आज पहले से अधिक प्रासंगिक है।

    उन्होंने कहा कि सोनी मैक्स पर फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इससे फिल्म का संदेश, एक्शन और भावनात्मक पक्ष देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगा। 18 जुलाई को प्रसारित होने वाला यह प्रीमियर दर्शकों को रोमांच, न्याय और साहस से भरपूर सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगा।

  • Air Marshal Dikshit: एयर मार्शल दीक्षित ने वायु सेना उप प्रमुख और लेफ्टिनेंट जनरल जैन ने सेना उप प्रमुख का कार्यभार संभाला!

    Air Marshal Dikshit: एयर मार्शल दीक्षित ने वायु सेना उप प्रमुख और लेफ्टिनेंट जनरल जैन ने सेना उप प्रमुख का कार्यभार संभाला!

    Air Marshal Dikshit: एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित और लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने बुधवार को यहां क्रमश: वायु सेना और थल सेना के उप प्रमुख का पदभार ग्रहण किया। इसके अलावा एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख तथा लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में पदभार ग्रहण किया।

    एयर मार्शल दीक्षित को छह दिसंबर 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा स्टाफ सर्विस कॉलेज (बंगलादेश) तथा राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज से जुड़े रहे हैं और उन्हें 3,500 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करण, एचपीटी-32, एएन-32, एवरो, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस सहित अनेक प्रकार के विमान उडाने का अनुभव है।

    वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं। लगभग चार दशकों के अपने विशिष्ट सेवाकाल के दौरान एयर मार्शल दीक्षित ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई प्रमुख अभियानों एवं सैन्य अभ्यासों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।

    राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व कैडेट छात्र लेफ्टिनेंट जनरल जैन जून 1988 में महार रेजिमेंट में शामिल हुए थे। लगभग चार दशकों की विशिष्ट सेवा के दौरान, उन्होंने विभिन्न परिचालन परिवेशों में कमान और स्टाफ के कई पदों पर कार्य किया है। उन्होंने अर्ध-मरुस्थलीय क्षेत्र में इन्फैंट्री बटालियन की कमान संभाली साथ ही दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में भी सेवाएं दी हैं।

    इसके अलावा, उन्होंने स्ट्राइक कोर में एक इन्फैंट्री ब्रिगेड, काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स और उत्तरी कमान में एक पिवट कोर की कमान भी संभाली है। उनकी सेवाओं में ऑपरेशन पवन में भागीदारी, इथियोपिया में संयुक्त राष्ट्र मिशन में सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में सेवा और नियंत्रण रेखा तथा उत्तर पूर्व में उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों और आतंकवाद विरोधी अभियानों का अनुभव शामिल हैं। उन्होंने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन में एक सेक्टर की कमान भी संभाली है।

    राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज से जुड़े रहे एयर मार्शल तेजिंदर सिंह 13 जून, 1987 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में शामिल हुए। वह श्रेणी ‘ए’ के योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं और उन्हें 4,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। उन्होंने एक फाइटर स्क्वाड्रन, एक रडार स्टेशन, एक प्रमुख फाइटर अड्डे की कमान संभाली है और जम्मू-कश्मीर के एयर ऑफिसर कमांडिंग भी रह चुके हैं।

    लेफ्टिनेंट जनरल पुष्कर को दिसंबर 1988 में 74 बख्तरबंद रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त हुए थे। जनरल ऑफिसर का चार दशकों से अधिक का गौरवशाली और विशिष्ट सैन्य करियर रहा है। अपनी सेवा के दौरान, उन्होंने विभिन्न भौगोलिक और संचालन संबंधी परिवेशों में कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी कई पदों पर कार्य किया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान द्वितीय कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में उन्होंने निर्णायक नेतृत्व और रणनीतिक दूरदर्शिता का परिचय दिया।

  • Somnath Ghosh: सोमनाथ घोष मलेशिया में भारत के नए उच्चायुक्त नियुक्त!

    Somnath Ghosh: सोमनाथ घोष मलेशिया में भारत के नए उच्चायुक्त नियुक्त!

    Somnath Ghosh: भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 1997 बैच के वरिष्ठ अधिकारी सोमनाथ घोष को मलेशिया में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर बी. एन. रेड्डी का स्थान लेंगे। इस संबंध में विदेश मंत्रालय ने बुधवार को आधिकारिक जानकारी दी।

    वर्तमान में शिकागो में भारत के महावाणिज्यदूत के रूप में कार्यरत सोमनाथ घोष जल्द ही मलेशिया में अपना नया कार्यभार संभालेंगे।

    विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और मलेशिया के बीच लंबे समय से मजबूत और मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंध रहे हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा और सांस्कृतिक सहयोग समेत कई क्षेत्रों में साझेदारी और अधिक मजबूत हुई है।

    मलेशिया में भारतीय मूल के करीब 27.5 लाख लोग रहते हैं, जो अमेरिका के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा भारतीय प्रवासी समुदाय माना जाता है। इस समुदाय में अधिकांश लोग तमिल भाषी हैं, जो दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती प्रदान करते हैं।

  • Manoharpura Toll Plaza Tolling: दिल्ली-जयपुर खंड के मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग शुरु, बिना रुके कटेगा टोल!

    Manoharpura Toll Plaza Tolling: दिल्ली-जयपुर खंड के मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग शुरु, बिना रुके कटेगा टोल!

    Manoharpura Toll Plaza Tolling: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के दिल्ली-जयपुर खंड पर स्थित मनोहरपुरा टोल प्लाजा को मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) आधारित टोलिंग प्रणाली शुरू कर दी है जिससे टोल प्लाजा पर वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा और उनका टोल खुद ही कट जाएगा।

    एनएचएआई ने बुधवार को बताया कि मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर अब रुके बिना वाहनों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। राजस्थान में इस तरह के इस दूसरे टोल प्लाजा पर यात्रियों का यात्रा का समय बचेगा, ईंधन की खपत कम होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी। इससे पहले 19 जून को दौलतपुरा टोल प्लाजा पर राजस्थान की पहली एमएलएफएफ प्रणाली शुरू की गयी थी।

    अब मनोहरपुरा के बाद व्यस्त दिल्ली-जयपुर खंड पर शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर भी यह प्रणाली लागू करने की योजना है। प्राधिकरण के अनुसार एमएलएफएफ डिजिटल राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रणाली स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) तकनीक को फास्टैग आधारित इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह से जोड़ती है, जिससे बिना किसी बैरियर और न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप के स्वतः टोल वसूली संभव हो सकेगी।

    एनएचएआई ने कहा कि इस व्यवस्था का लाभ उठाने के लिए वाहन चालकों को अपने फास्टैग खाते में पर्याप्त शेष राशि बनाये रखनी होगी। यदि फास्टैग में पर्याप्त राशि नहीं होगी अथवा वह अमान्य या खराब पाया गया, तो संबंधित वाहन स्वामी को ई-नोटिस जारी किया जायेगा। ई-नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर सामान्य टोल शुल्क जमा करना होगा। निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने पर संबंधित वाहन से सामान्य दर का दोगुना उपयोगकर्ता शुल्क वसूला जायेगा।

    प्राधिकरण ने बताया कि ई-नोटिस का भुगतान एनएचएफई ई-नोटिस पोर्टल तथा राजमार्ग यात्रा ऐप के माध्यम से किया जा सकेगा। एनएचएआई के अनुसार एमएलएफएफ प्रणाली से टोल संग्रह में पारदर्शिता बढ़ेगी, भौतिक टोल प्लाजा के संचालन की लागत कम होगी तथा देशभर में टोल संचालन की समग्र दक्षता में सुधार होगा।

  • Gold Smuggling: पश्चिम बंगाल में 34 करोड़ रुपये का 24 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त, सात गिरफ्तार!

    Gold Smuggling: पश्चिम बंगाल में 34 करोड़ रुपये का 24 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त, सात गिरफ्तार!

    Gold Smuggling: सीमापार से सोने की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता दर्ज करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल में गिरोह का भंडाफोड़ कर विदेश से गैर कानूनी तरीके से लाया गया 24 किलोग्राम सोना जब्त किया है, जिसका मूल्य 34 करोड़ रुपये आंका गया है। एजेंसी ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

    वित्त मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार खुफिया सूचना के आधार पर चलाये गये एक विशेष अभियान में डीआरआई अधिकारियों ने नदिया जिले में कृष्णनगर से चाकदह की ओर अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर जा रहे सात व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान उनके शरीर पर पहनी गयी विशेष रूप से तैयार कपड़े की कमर पेटी के भीतर छिपाकर रखे गये सोने के 180 बिस्कुट बरामद किये गये।

    सोने की बट्टियों पर विदेश की मुहर थी। बरामद सोने का कुल वजन लगभग 24 किलोग्राम है, जिसकी कीमत लगभग 34 करोड़ रुपये आंकी गयी है। इस सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है।

    तस्करी की इस पूरी कार्रवाई में शामिल सातों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तस्करी का माल ढोने वाले ये लोग भारत-बंगलादेश सीमा के निकट स्थित विभिन्न स्थानों से तस्करी का सोना प्राप्त कर उसे आगे दूसरे वाहकों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहे थे।

  • ICAR-Seychelles MoU: प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान आईसीएआर और सेशेल्स के कृषि विभाग के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए!

    ICAR-Seychelles MoU: प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान आईसीएआर और सेशेल्स के कृषि विभाग के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए!

    ICAR-Seychelles MoU: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल ही में संपन्न सेशेल्स गणराज्य की यात्रा के दौरान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और सेशेल्स गणराज्य के कृषि मंत्रालय ने खेती में शोध और शिक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

    दोनों देशों के बीच कृषि अनुसंधान, शिक्षा, क्षमता निर्माण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह ज्ञापन संयुक्त अनुसंधान कार्यक्रमों को बढ़ावा देने, वैज्ञानिकों, अनुसंधानकर्ताओं और छात्रों के आदान-प्रदान और उन्नत कृषि प्रौद्योगिकियों और सर्वोत्तम प्रणालियों को साझा करने के लिए एक ढांचा प्रदान करता है।

    समझौते को अमल में लाने के लिए, दोनों पक्षों ने पांच वर्षीय कार्य योजना (2026-2031) पर भी हस्ताक्षर किए। कार्य योजना में जलवायु-अनुकूल कृषि, बागवानी, फसलोत्तर प्रबंधन, पशुधन विकास और टिकाऊ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

    इस सहयोग का उद्देश्य संस्थागत संबंधों को मजबूत करना, कृषि पैदावार में सुधार, तकनीकी क्षमता का निर्माण और जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा जैसी उभरती चुनौतियों का समाधान करते हुए सतत कृषि विकास को समर्थन देना है।

    उल्लेखनीय है कि परिषद विश्वभर के साझेदार संस्थानों के साथ 100 से अधिक समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर के माध्यम से भारत की वैश्विक कृषि साझेदारी का निरंतर विस्तार कर रही है। सेशेल्स के साथ समझौता ज्ञापन ग्लोबल साउथ के साथ सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से सतत कृषि, नवाचार और वैश्विक खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने की उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

  • Bribery Case: पंजीकृत अपराध में सहायता के लिए धन की मांग; रिश्वतखोरी के मामले में एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज!

    Bribery Case: पंजीकृत अपराध में सहायता के लिए धन की मांग; रिश्वतखोरी के मामले में एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज!

    Bribery Case: वर्तकनगर पुलिस स्टेशन में सुहास लहनु रहाणे (42) के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला पुलिस स्टेशन में दर्ज एक शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है, जिसमें सहायक पुलिस निरीक्षक ने 50,000 रुपये की मांग की और 20,000 रुपये की किस्त ले ली।

    इसके अलावा, पुलिस स्टेशन में दर्ज एक अपराध में कानूनी सहायता और शिकायतकर्ता के साथ समझौता कराने के लिए 30,000 रुपये की मांग की गई थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। वर्तकनगर पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास लहनु रहाणे (42) के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये अग्रिम लिए और शेष 30,000 रुपये की मांग की। ठाणे भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) में 10 जून को शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में रिश्वत की मांग का खुलासा होने के बाद, पुलिस निरीक्षक प्रमोद अहिरे की शिकायत पर सरकार ने वर्तकनगर पुलिस स्टेशन में रहाणे के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।

  • Thane Orange Alert: ठाणे के विभिन्न इलाकों में पेड़ गिरने से 15 वाहन क्षतिग्रस्त; एक व्यक्ति घायल; 3 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी!

    Thane Orange Alert: ठाणे के विभिन्न इलाकों में पेड़ गिरने से 15 वाहन क्षतिग्रस्त; एक व्यक्ति घायल; 3 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी!

    Thane Orange Alert: जून के अंत में ठाणे में बारिश फिर से ज़ोरों से लौट आई है। सोमवार को रुकी बारिश मंगलवार को पूरे दिन जारी रही। इसके साथ ही इस मौसम में कुल बारिश का रिकॉर्ड 342 मिमी तक पहुंच गया है, जिससे संकेत मिलता है कि पिछले कुछ दिनों की बारिश का संचय हो रहा है।

    हालांकि, इस बारिश के साथ ही शहर में दो पेड़ और दो शाखाएं गिर गईं, जिससे 15 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षतिग्रस्त वाहनों में ठाणे पुलिस के बम निरोधक दस्ते की एक बस भी शामिल है।

    इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ठाणे और आसपास के इलाकों के लिए 3 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। रविवार रात से शुरू हुई बारिश सोमवार को और तेज हो गई।

    सोमवार को 116.83 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, और मंगलवार शाम तक 70 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके चलते जाम्भाली नाका, जूना मार्केट, वंदना टॉकीज क्षेत्र समेत कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। पिछले दो दिनों में ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को आग, पेड़-पौधे गिरने, जलभराव, सड़क कटाव आदि से संबंधित 58 शिकायतें प्राप्त हुईं।

    पेड़ और शाखाएं गिरने से 15 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए मंगलवार सुबह प्रशांत कॉर्नर इलाके में वागले एस्टेट पुलिस स्टेशन के पास एक विशाल पेड़ गिर गया। इस हादसे में सड़क किनारे खड़ी ग्यारह गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इनमें ठाणे पुलिस की बम निरोधक बस, एक टेम्पो, दो कारें, एक तिपहिया वाहन और छह दोपहिया वाहन शामिल थे।

    संत ज्ञानेश्वर नगर निवासी पवन झा (52), जो कार्यालय जा रहे थे, पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने बताया कि वसंत विहार क्षेत्र में एक पेड़ दो कारों पर गिर गया, जबकि रेमंड क्षेत्र और मानसिक अस्पताल के पास पेड़ की शाखाएं गिर गईं, जिससे दोपहिया और चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

    कादंबरी जंक्शन पर सीमेंट टैंकर पलट गया
    मंगलवार दोपहर लगातार बारिश के बीच, ठाणे के घोड़बंदर रोड की ओर जा रहा एक सीमेंट टैंकर केंदंबरी जंक्शन पर यू-टर्न लेते समय पलट गया। बारिश में भीगते हुए यह टैंकर नागपुर से 50 टन सीमेंट लेकर आ रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत टैंकर को सीधा किया। कुछ समय तक यातायात की गति धीमी रही।