Gold Smuggling: पश्चिम बंगाल में 34 करोड़ रुपये का 24 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त, सात गिरफ्तार!

Gold Smuggling

Written by

in

Gold Smuggling: सीमापार से सोने की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता दर्ज करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल में गिरोह का भंडाफोड़ कर विदेश से गैर कानूनी तरीके से लाया गया 24 किलोग्राम सोना जब्त किया है, जिसका मूल्य 34 करोड़ रुपये आंका गया है। एजेंसी ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

वित्त मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार खुफिया सूचना के आधार पर चलाये गये एक विशेष अभियान में डीआरआई अधिकारियों ने नदिया जिले में कृष्णनगर से चाकदह की ओर अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर जा रहे सात व्यक्तियों को रोका। तलाशी के दौरान उनके शरीर पर पहनी गयी विशेष रूप से तैयार कपड़े की कमर पेटी के भीतर छिपाकर रखे गये सोने के 180 बिस्कुट बरामद किये गये।

सोने की बट्टियों पर विदेश की मुहर थी। बरामद सोने का कुल वजन लगभग 24 किलोग्राम है, जिसकी कीमत लगभग 34 करोड़ रुपये आंकी गयी है। इस सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है।

तस्करी की इस पूरी कार्रवाई में शामिल सातों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तस्करी का माल ढोने वाले ये लोग भारत-बंगलादेश सीमा के निकट स्थित विभिन्न स्थानों से तस्करी का सोना प्राप्त कर उसे आगे दूसरे वाहकों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहे थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *