Blog

  • Wet-Dry Waste: स्वच्छता दीदियां फैला रही हैं घर-घर जागरूकता, सुखा-गीला कचरा पृथक करने की दी प्रेरणा

    Wet-Dry Waste: स्वच्छता दीदियां फैला रही हैं घर-घर जागरूकता, सुखा-गीला कचरा पृथक करने की दी प्रेरणा

    राजनांदगांव। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में नगर निगम द्वारा स्वच्छता दीदियों की टीम ने शहरवासियों को घर पर ही सुखा एवं गीला कचरा पृथक करने के लिए प्रेरित किया है। इस अभियान का उद्देश्य है – स्रोत पर ही कचरे का पृथककरण कर वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन और पर्यावरण संरक्षण।

    राजनांदगांव में स्वच्छता दीदियों ने विद्यार्थियों को सुखा-गीला कचरा अलग करने और कम्पोस्ट बनाने का प्रशिक्षण दिया

    🏫 विद्यार्थियों को दिया प्रशिक्षण
    स्वच्छता दीदियों ने एकलव्य विद्यालय एवं आई.टी.आई. पेण्ड्री के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें घर पर ही कचरा अलग-अलग रखने की जानकारी दी। साथ ही, गीले कचरे से कम्पोस्ट खाद बनाने की विधि भी सिखाई गई। विद्यार्थियों को अपने परिवार और पड़ोसियों को भी जागरूक करने की समझाइश दी गई।

    🗑️ हरा और नीला डस्टबिन का महत्व

    • हरा डस्टबिन: गीला कचरा जैसे सब्जियों के छिलके, बचा हुआ खाना
    • नीला डस्टबिन: सुखा कचरा जैसे प्लास्टिक, कागज, रैपर आदि
      स्वच्छता दीदियों ने बताया कि इस आदत से न केवल शहर साफ रहेगा, बल्कि वेस्ट से वेल्थ की दिशा में भी कदम बढ़ेगा।

    🚫 सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक
    एसएलआरएम सेंटर के सुपरवाइजर और स्वच्छता दीदियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक जैसे कैरीबैग, डिस्पोजल, पानी पाउच आदि के उपयोग को रोकने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया।

    🗣️ महापौर और आयुक्त का संदेश
    महापौर श्री मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि “स्वच्छता अभियान बिना जनभागीदारी के सफल नहीं हो सकता। सभी नागरिकों को जुड़ना होगा, तभी हम स्वच्छता में उच्च स्थान प्राप्त कर सकते हैं।”

  • Mumbai Police Corruption News: वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, मुंबई पुलिस बल में मचा हड़कंप

    Mumbai Police Corruption News: वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, मुंबई पुलिस बल में मचा हड़कंप

    मुंबई। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (ACB) ने वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस स्टेशन के दो वरिष्ठ अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से मुंबई पुलिस बल में हड़कंप मच गया है।

    गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत सुधाकर सरोदे (Senior Inspector Arrested) और पुलिस उपनिरीक्षक राहुल रमेश वाघमोड़े (Sub Inspector Arrested) शामिल हैं। इन दोनों पर एक दर्ज अपराध के मामले में शिकायतकर्ता से मदद के बदले ₹4.5 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप है।

    💰 रिश्वत की रकम और गिरफ्तारी की प्रक्रिया

    • सरोदे के लिए ₹4 लाख और वाघमोड़े के लिए ₹50 हजार की रिश्वत तय हुई थी।
    • शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
    • कार्रवाई के दौरान सरोदे को ₹2 लाख की पहली किस्त लेते हुए और वाघमोड़े को ₹30 हजार लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

    👮‍♂️ कार्रवाई में शामिल अधिकारी

    इस ऑपरेशन को पुलिस निरीक्षक कृष्णा मेखले की देखरेख में और जांच अधिकारी नितिन थोरात के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। साथ ही अपर पुलिस आयुक्त संदीप दीवान, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अनिल घेरड़ीकर और राजेंद्र सांगले के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई पूरी की गई। मुंबई पुलिस के भीतर भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई एक सख्त संदेश है कि कानून के रक्षक भी कानून के दायरे में हैं। ACB की तत्परता और शिकायतकर्ता की जागरूकता ने इस मामले को उजागर किया।

  • KARWA CHAUTH 2025: करवा चौथ सुहागिनों का पर्व,  व्रत की तारीख, शुभ मुहूर्त और चंद्रोदय का समय जानें

    KARWA CHAUTH 2025: करवा चौथ सुहागिनों का पर्व, व्रत की तारीख, शुभ मुहूर्त और चंद्रोदय का समय जानें

    करवा चौथ का पर्व हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। यह दिन सुहागिनों के लिए विशेष महत्व रखता है, जब वे सूर्योदय से लेकर चंद्रोदय तक निर्जला व्रत रखती हैं और अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की मंगलकामना करती हैं।

    📅 करवा चौथ 2025 की तिथि और शुभ मुहूर्त

    • व्रत की तिथि: 10 अक्टूबर 2025, शुक्रवार
    • चतुर्थी तिथि प्रारंभ: 09 अक्टूबर को रात 10:54 बजे
    • चतुर्थी तिथि समाप्त: 10 अक्टूबर को शाम 07:38 बजे
    • पूजन का शुभ मुहूर्त: सुबह 05:16 से शाम 06:29 तक
    • चंद्रोदय का समय: शाम 07:42 बजे
      इस दिन महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर सोलह श्रृंगार करती हैं और करवा चौथ की कथा सुनती हैं।

    🪔 करवा चौथ पूजा सामग्री लिस्ट
    पूजन के लिए निम्नलिखित सामग्री की आवश्यकता होती है:

    • फूल, कच्चा दूध, शक्कर, घी, अगरबत्ती, दही, मिठाई
    • गंगाजल, अक्षत, सिंदूर, मेहंदी, चूड़ियां, बिछुए
    • महावर, कंघा, बिंदी, चुनरी, पीली मिट्टी, चलनी
    • जल से भरा लोटा, दीपक और पूजन थाली

    💛 वैवाहिक जीवन को मजबूत करने के लिए विशेष उपाय
    करवा चौथ के दिन पीली चूड़ियां पहनना अत्यंत शुभ माना जाता है। चाहे आप किसी भी रंग की साड़ी या चूड़ियां पहनें, उनके साथ एक जोड़ी पीली चूड़ियां अवश्य धारण करें। यह उपाय दांपत्य जीवन में प्रेम, सौहार्द और स्थायित्व लाने वाला होता है।

    🎁 करवा चौथ पर करें ये दान, बढ़ेगी सुख-समृद्धि
    इस दिन निम्नलिखित वस्तुओं का दान करना शुभ फलदायी माना गया है:

    • केसर
    • लाल सिंदूर
    • इत्र
    • चने की दाल
      इन चीजों का दान करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि का आगमन होता है।

  • Gau Mata Seva : गौ माता और मानव कल्याण के लिए राष्ट्रीय हिन्दू सेवा संघ की एम्बुलेंस सेवा शुरू

    Gau Mata Seva : गौ माता और मानव कल्याण के लिए राष्ट्रीय हिन्दू सेवा संघ की एम्बुलेंस सेवा शुरू

    राष्ट्रीय स्वाभिमान। अखिलेश चौबे
    पालघर। पालघर जिले के बोईसर स्थित सम्राट होटल चित्रालय के सामने 22 अप्रैल को राष्ट्रीय हिन्दू सेवा संघ ने समाजसेवा की दिशा में एक नई पहल की। संघ की ओर से गौ माता और मानव कल्याण के लिए एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महिला मंडल की सदस्य पुष्पा तिवारी द्वारा गौसेवा एवं मानव सेवा एम्बुलेंस की पूजा–अर्चना और आरती से हुई। इसके बाद सूर्याकुमार मिश्रा, अशोक श्रीवास्तव, परेश राउत और परशुराम पाटिल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। परंपरा के अनुसार मेहमानों की मौजूदगी में श्रीफल फोड़कर सेवा को औपचारिक रूप से शुरू किया गया।

    इस अवसर पर बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से ललित माली, शिवशंकर तिवारी, रोहित सिंह, लक्ष्मण बेदाडे, आदेश श्रीवास्तव, विनोद शर्मा, जिलेदार वर्मा, राजू सिंह, देवेंद्र सिंह, आर्यन सिंह, सुनीता सकपाल, मीना बोरसे, चांदनी सिंह, अभिनव चौधरी, अमर सावंत, सचिन पाटिल, महेश संखे, शेखर तिवारी आदि शामिल थे।

    संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि गौसेवा एम्बुलेंस का उद्देश्य बीमार, घायल और असहाय गौ माताओं को त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराना है। वहीं मानव सेवा एम्बुलेंस जरूरतमंदों को समय पर अस्पताल पहुँचाने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में मदद करेगी। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सेवा समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की नई मिसाल बनेगी।

  • Vasai-Virar News: वसई में टूटी सड़कों से त्रस्त नागरिकों का अनोखा विरोध :भीख मांगकर जुटाए पैसे, मनपा को सौंपे

    Vasai-Virar News: वसई में टूटी सड़कों से त्रस्त नागरिकों का अनोखा विरोध :भीख मांगकर जुटाए पैसे, मनपा को सौंपे

    राष्ट्रीय स्वाभिमान। प्रेम चौबे

    वसई–विरार:वसई–विरार में जर्जर सड़कों और गड्ढों से परेशान नागरिकों ने रविवार को अपनी नाराज़गी जताने का अनोखा तरीका अपनाया। समाजसेवक आतिश सावंत के नेतृत्व में गाला नगर, लोधा स्कूल के सामने “भीख मांगो आंदोलन” किया गया। इस दौरान नागरिकों ने प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगकर ₹685 की राशि जुटाई।

    सोमवार को यह पूरी राशि पालिका प्रभाग (डी) के सहायक आयुक्त जितेन्द्र नाइक को सौंप दी गई। नागरिकों का संदेश साफ था – “यदि वसई–विरार महानगर पालिका के पास सड़क मरम्मत का बजट नहीं है, तो जनता खुद पैसे इकट्ठा कर देगी।”

    इस मौके पर समाजसेवक शिवकुमार पांडे, प्रदीप मिश्रा और हेमंत मटवणकर समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सहायक आयुक्त ने कहा –
    “जनता से इस तरह पैसे लेने का कोई विभाग नहीं है, लेकिन आपकी भावनाओं को देखते हुए बारिश थमते ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा।”

    मनपा से लौटने के बाद आंदोलन के सूत्रधार आतिश सावंत ने चेतावनी दी –
    “यदि जल्द ही सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन और भी तीव्र रूप लेगा।”

  • BJP News: नमो युवा रन में गूंजा “नशा मुक्त मुंबई” का संकल्प, मुख्यमंत्री समेत हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा

    मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई द्वारा रविवार, 21 सितंबर 2025 को “नमो युवा रन” का आयोजन किया गया। यह दौड़ सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत “नशा मुक्त भारत” अभियान को समर्पित थी और मुंबई के प्रतिष्ठित कोस्टल रोड प्रोमेनेड, वर्ली पर आयोजित की गई। यह अपनी तरह का पहला सार्वजनिक आयोजन था, जिसमें 7,000 से अधिक मुंबईकरों ने भाग लिया।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई द्वारा रविवार, 21 सितंबर 2025 को “नमो युवा रन” का आयोजन
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई द्वारा रविवार, 21 सितंबर 2025 को “नमो युवा रन” का आयोजन


    सुबह 7 बजे शुरू हुई इस 5 किलोमीटर लंबी दौड़ में युवाओं, छात्रों, नागरिकों और फिटनेस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “नशा मुक्त मुंबई” का संकल्प लिया। दौड़ का शुभारंभ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ध्वज लहराकर किया। उनके साथ मंच पर कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित थीं, जिनमें भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या, कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, भाजपा मुंबई अध्यक्ष एवं विधायक अमित साटम, भाजपा मुंबई उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, पद्मश्री अभिनेता अशोक सराफ, फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन और अभिनेत्री नायरा बनर्जी शामिल थे।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई द्वारा रविवार, 21 सितंबर 2025 को “नमो युवा रन” का आयोजन
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई द्वारा रविवार, 21 सितंबर 2025 को “नमो युवा रन” का आयोजन


    इस आयोजन के माध्यम से भाजयुमो मुंबई ने समाज को एक सशक्त संदेश देने हेतु मुख्यमंत्री सहायता कोष में ₹10 लाख का योगदान भी दिया, जो संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। दौड़ का आयोजन पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
    भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा, “जैसे हम अपने प्रियजनों को उनके जन्मदिन पर उनकी पसंद की भेंट देते हैं, वैसे ही नमो युवा रन के माध्यम से हम प्रधानमंत्री को एक फिट, प्रेरित और संगठित युवा शक्ति समर्पित कर रहे हैं, जो ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि नशे के विरुद्ध मुंबई के युवाओं का प्रचंड उद्घोष है।
    मुंबई का कोस्टल रोड प्रोमेनेड इस अवसर पर ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर हो गया।

  • Navratra News: डॉ. अनील काशी मुरारका ने किया श्री शतचंडी महायज्ञ के पंडाल का लोकार्पण, मलाड में 10 दिवसीय आयोजन शुरू

    Navratra News: डॉ. अनील काशी मुरारका ने किया श्री शतचंडी महायज्ञ के पंडाल का लोकार्पण, मलाड में 10 दिवसीय आयोजन शुरू

    मुंबई। श्री रानी सती प्रचार समिति, मलाड (पूर्व) द्वारा अपनी स्थापना के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में यज्ञ वाटिका, मलाड पूर्व में 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक 10 दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया है। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का शुभारंभ 20 सितंबर को रात 9:30 बजे उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. अनील काशी मुरारका द्वारा पंडाल के लोकार्पण के साथ हुआ।
    लोकार्पण समारोह में डॉ. मुरारका ने कहा, “यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी आध्यात्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और समाज सेवा के संकल्प का उत्सव है।”

    डॉ. अनील काशी मुरारका ने किया श्री शतचंडी महायज्ञ के पंडाल का लोकार्पण

    इस अवसर पर मुख्य यजमान विजय पोद्दार एवं उनकी धर्मपत्नी रितु पोद्दार भी उपस्थित रहे। समिति की अध्यक्ष कुसुम माहेश्वरी ने जानकारी दी कि इस महायज्ञ में पूरे मुंबई से श्रद्धालु भाग लेंगे। प्रतिदिन सुबह से शाम तक वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, दुर्गा सप्तशती पाठ, प्रवचन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश भी देगा। मलाड की यज्ञ वाटिका इन दस दिनों तक आध्यात्मिक चेतना, भक्तिभाव और सांस्कृतिक समरसता का केंद्र बनी रहेगी।

  • White House Clarification on H-1B Visa:H-1B वीज़ा पर 88 लाख रुपये शुल्क की अफवाह पर व्हाइट हाउस का स्पष्टीकरण- मौजूदा धारकों को नहीं देना होगा शुल्क

    White House Clarification on H-1B Visa:H-1B वीज़ा पर 88 लाख रुपये शुल्क की अफवाह पर व्हाइट हाउस का स्पष्टीकरण- मौजूदा धारकों को नहीं देना होगा शुल्क

    नई दिल्ली। अमेरिका में H-1B वीज़ा को लेकर एक नई नीति ने दुनियाभर में हलचल मचा दी है। डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन ने इस वीज़ा पर शुल्क बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत नए आवेदकों को अब H-1B वीज़ा के लिए 1 लाख अमेरिकी डॉलर यानी लगभग ₹88 लाख चुकाने होंगे। इस फैसले से अमेरिका में काम करने के इच्छुक हजारों भारतीय तकनीकी पेशेवरों को सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
    कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह शुल्क हर साल देना होगा और मौजूदा वीज़ा धारकों को भी वीज़ा रिन्यूअल के समय यही राशि चुकानी पड़ेगी, अन्यथा उन्हें अमेरिका छोड़कर अपने देश लौटना होगा। इन खबरों से लोगों में भ्रम और चिंता का माहौल बन गया।
    इस गड़बड़ी को देखते हुए व्हाइट हाउस ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर सभी अफवाहों का खंडन किया। व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया कि यह शुल्क केवल नए आवेदकों पर लागू होगा। मौजूदा H-1B वीज़ा धारकों को न तो अमेरिका छोड़ना पड़ेगा और न ही वीज़ा रिन्यूअल के लिए इतनी बड़ी राशि देनी होगी।


    व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा, “जो H-1B वीज़ा धारक फिलहाल देश के बाहर हैं, उन्हें अमेरिका लौटने के लिए 1 लाख डॉलर का शुल्क नहीं देना होगा। सरकार की नई नीति केवल नए आवेदकों के लिए है, मौजूदा वीज़ा धारकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।”
    गौरतलब है कि अमेरिका में H-1B वीज़ा पर रहने वाले लोगों में करीब 70% भारतीय हैं, जो मुख्य रूप से आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं। ट्रम्प प्रशासन के इस नए निर्णय से अमेरिका जाने की योजना बना रहे भारतीयों के लिए रास्ता कठिन हो सकता है। कई लोगों का मानना है कि इससे उनका अमेरिका में काम करने का सपना टूट सकता है।

  • Election Newdelhi: हमने EVM हैक किया तो राहुल गांधी को क्यों बुरा लग रहा है: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

    Election Newdelhi: हमने EVM हैक किया तो राहुल गांधी को क्यों बुरा लग रहा है: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

    नई दिल्ली। देश में EVM यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कई बार EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि EVM के जरिए चुनावी प्रक्रिया में छेड़छाड़ की जा सकती है और इससे चुनाव परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने और कई विपक्षी दलों ने मांग की है कि चुनाव मतपत्रों के जरिए कराए जाएं।
    इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक मीडिया बातचीत में ऐसा बयान दिया है जिससे विवाद और गहराया है। जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि विपक्ष का आरोप है कि भाजपा और उसके सहयोगी दल EVM की मदद से चुनाव जीतते हैं और चुनाव आयोग भी उनके पक्ष में है, तो रेखा गुप्ता ने जवाब दिया, “70 साल तक वो लोग (कांग्रेस) EVM हैक करते रहे तो उन्हें फर्क नहीं पड़ा, अब हमने किया तो उन्हें बुरा लग रहा है, ये अच्छा है।”
    रेखा गुप्ता के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आम आदमी पार्टी ने भी इस वीडियो को शेयर किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री क्या कह रही हैं, एक बार देखिए।”


    इस बयान पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक एक्स यूजर ने लिखा, “रेखा गुप्ता कह रही हैं कि कांग्रेस 70 साल से EVM हैक कर रही थी, जबकि भारत में EVM से चुनाव 2004 के बाद ही शुरू हुए हैं।” भारत में अब तक पांच लोकसभा चुनाव EVM से हुए हैं, जिनमें से तीन भाजपा ने जीते हैं। 2004 से पहले देश में चुनाव मतपत्रों के जरिए होते थे।
    रेखा गुप्ता के इस बयान को लेकर विपक्ष का कहना है कि यह राहुल गांधी के आरोपों की अप्रत्यक्ष पुष्टि है। इससे EVM की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर फिर से सवाल उठने लगे हैं।

  • Bombay High Court: पवित्र पोर्टल की खामियों पर हाईकोर्ट सख्त, शिक्षा विभाग को लगाई फटकार

    Bombay High Court: पवित्र पोर्टल की खामियों पर हाईकोर्ट सख्त, शिक्षा विभाग को लगाई फटकार

    मुंबई: राज्य सरकार के पवित्र पोर्टल के सही ढंग से संचालन न होने और इसके चलते शिक्षकों की नियुक्तियों को रद्द किए जाने पर शनिवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग को कड़ी फटकार लगाई। न्यायालय ने यह भी नाराजगी जताई कि सीधे नियुक्त किए गए शिक्षकों की नियुक्तियों को नियमित करने के लिए 100 से अधिक आदेश दिए गए, लेकिन उनका कोई ठोस असर नहीं हुआ।
    न्यायमूर्ति रविंद्र घुगे और न्यायमूर्ति अश्विन भोबे की खंडपीठ ने टिप्पणी की कि राज्य के महाधिवक्ता ने स्वयं विभिन्न परिसंवादों में पवित्र पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी थी, फिर भी शिक्षा अधिकारी इस प्रणाली को समझने में असफल रहे हैं। इस संदर्भ में एक शिक्षिका और दो संस्थाओं ने अलग-अलग याचिकाएं दायर की थीं, जिनमें उन आदेशों को रद्द करने की मांग की गई थी, जिनमें शिक्षकों की नियुक्तियों को मान्यता देने से इनकार किया गया था।
    पवित्र पोर्टल राज्य के शालेय शिक्षण व क्रीड़ा विभाग का एक ऑनलाइन मंच है, जिसे जिला परिषद और महानगरपालिका की शालाओं में शिक्षक भर्ती के लिए शुरू किया गया था। लेकिन याचिकाओं में आरोप लगाया गया कि यह पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है और इसी आधार पर शिक्षकों की नियुक्तियों को खारिज किया जा रहा है।
    न्यायालय ने सवाल उठाया कि हर शिक्षक को अपनी नियुक्ति की मंजूरी के लिए कोर्ट क्यों आना पड़ता है। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि अब तक कितने शिक्षकों की नियुक्तियां पवित्र पोर्टल के माध्यम से की गई हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए। न्यायालय ने यह भी संकेत दिया कि इस मामले को पूर्णपीठ के समक्ष भेजा जा सकता है।
    खंडपीठ ने याचिकाकर्ता शिक्षकों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि शिक्षा अधिकारियों को आदेश देकर और कार्रवाई करके हम थक चुके हैं। इसलिए अब पवित्र पोर्टल के उपयोग को लेकर स्पष्ट मार्गदर्शक सिद्धांत जारी करने की आवश्यकता है।
    इस बीच, अतिरिक्त सरकारी वकील मनीष पाबळे ने न्यायालय से राज्य का पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा, जिसे स्वीकार करते हुए कोर्ट ने अगली सुनवाई अगले सप्ताह निर्धारित की है।