Tag: Bhiwandi News

  • Bhiwandi Taluka Police: 5 वर्षीय नाबालिग बच्चे का अपहरणकर्ता एक घंटे में हुआ गिरफ्तार; भिवंडी तालुका पुलिस को मिली सफलता!

    Bhiwandi Taluka Police: 5 वर्षीय नाबालिग बच्चे का अपहरणकर्ता एक घंटे में हुआ गिरफ्तार; भिवंडी तालुका पुलिस को मिली सफलता!

    Bhiwandi Taluka Police: भिवंडी तालुका के सावंदे गाँव में एक पांच वर्षीय बच्चे का अपहरण होने के बाद, भिवंडी तालुका पुलिस ने स्थानीय अपराध शाखा की मदद से महज पांच घंटे में मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने कुर्ला से अपहृत बच्चे को सकुशल छुड़ाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मई को गाँव की ‘विलास पाटिल चॉल’ में रहने वाले अंकुर पासवान का पांच साल का छोटा बेटा अंश घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी जब वह नहीं मिला, तो माता-पिता ने भिवंडी तालुका पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

    संबंधित ख़बरें: Bhiwandi Padmanagar Murder Case: प्रेम का जवाब न देने पर महिला की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव जलाने वाला प्रेमी गिरफ्तार!

    घटना की गंभीरता को देखते हुए तालुका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हर्षवर्धन बारवे के नेतृत्व में नाबालिग बच्चे की तलाश के लिए एक टीम का गठन किया गया था। इसके साथ ही स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप गीते के नेतृत्व में भी जांच शुरू की गई। गुप्त और तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ठाणे शहर सहित मुंबई पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के अपराध प्रकटीकरण शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों की मदद ली।

    कल्याण, मुंब्रा, ठाणे और पवई (मुंबई) जैसे इलाकों में तलाश करने पर नाबालिग बच्चा अंश पासवान, पवई के खैराणीपाडा स्थित एक कमरे में आरोपी इकबाल गुड्डू अंसारी (उम्र ३४ वर्ष, निवासी: यूसुफ कंपाउंड, सावंदे) के कब्जे में मिला। पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लिया और नन्हे अंश को भिवंडी लाकर उसके माता-पिता को सौंप दिया।

    इस दौरान आरोपी द्वारा बच्चे के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के कारण, उसके खिलाफ अपहरण के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस अपराध का महज पांच घंटे में पर्दाफाश कर बच्चे को छुड़ाने और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए भिवंडी तालुका पुलिस की हर तरफ सराहना की जा रही है।

  • Bhiwandi Padmanagar Murder Case: प्रेम का जवाब न देने पर महिला की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव जलाने वाला प्रेमी गिरफ्तार!

    Bhiwandi Padmanagar Murder Case: प्रेम का जवाब न देने पर महिला की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव जलाने वाला प्रेमी गिरफ्तार!

    Bhiwandi Padmanagar Murder Case: भिवंडी में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है, जहां प्रेम संबंध से इनकार करने पर एक महिला की हत्या कर शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। इस मामले में भिवंडी क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है।

    पुलिस के अनुसार, पद्मानगर क्षेत्र में रहने वाली सरितादेवी विकास महतो (33) की पहचान संजय मुकादम उर्फ द्वारकाप्रसाद वर्मा (42) से थी। आरोपी महिला से प्रेम संबंध रखना चाहता था, लेकिन महिला ने उसके प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और उससे बातचीत भी बंद कर दी। इसी बात को लेकर आरोपी लगातार नाराज चल रहा था।

    11 मई को आरोपी ने महिला को अपने घर बुलाया। वहां उसने बातचीत के बहाने महिला को रोक लिया। इसी दौरान मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को अपने घर में छिपाकर रखा और रात होने का इंतजार करता रहा।

    मध्यरात्रि के बाद करीब ढाई बजे आरोपी ने शव को एक प्लास्टिक की बोरी में भरा और कंधे पर उठाकर पद्मानगर स्थित दुर्गा प्रसाद होटल के पास एक सुनसान मैदान में ले गया। वहां फटे-पुराने कपड़े और धागों की मदद से शव में आग लगा दी, ताकि पहचान और सबूत पूरी तरह नष्ट हो जाएं।

    संबंधित ख़बरें: Census 2027 Self-Enumeration: ठाणे में ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ प्रोसेस को लोगों ने उत्साह से लिया; 16 मई से एन्यूमरेटर घरों में जाएंगे!

    मामले की जांच भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन के साथ-साथ क्राइम ब्रांच भी कर रही थी। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी थी और कोई प्रत्यक्ष गवाह भी नहीं था। इसके बावजूद क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल के आसपास मौजूद पावरलूम कारखानों और मजदूर बस्तियों में गहन पूछताछ शुरू की।

    गुप्त मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध के रूप में द्वारकाप्रसाद गिरीधारीप्रसाद वर्मा उर्फ संजय मुकादम को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

    इस कार्रवाई का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राउत ने किया। उनके मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीराज माली, मिथुन भोईर, उपनिरीक्षक रवींद्र पाटिल, राजेश शिंदे, रामचंद्र जाधव सहित कई पुलिस कर्मियों ने इस जटिल मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

  • Bhiwandi Municipal Corporation: स्थायी समिति सभापति पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला, तीन प्रभाग समितियों में निर्विरोध चयन तय!

    Bhiwandi Municipal Corporation: स्थायी समिति सभापति पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला, तीन प्रभाग समितियों में निर्विरोध चयन तय!

    Bhiwandi Municipal Corporation: भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका में स्थायी समिति सभापति चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आगामी 14 मई को होने वाले चुनाव के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट), शिवसेना (शिंदे गुट) और भाजपा की उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।

    वहीं पाँच प्रभाग समितियों में से तीन में सभापति पद पर निर्विरोध चयन लगभग तय माना जा रहा है। स्थायी समिति सभापति पद के लिए तीन महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें ईशा इमरान खान राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट), अस्मिता प्रभुदास नाईक शिवसेना (शिंदे गुट) और गीता विठोबा नाईक भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रही हैं।

    16 सदस्यीय स्थायी समिति में आंकड़ों का गणित काफी पेचीदा नजर आ रहा है। वर्तमान दलीय स्थिति में कांग्रेस के 5, भाजपा के 4, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के 2, शिवसेना शिंदे गुट के 2, समाजवादी पार्टी का 1, कोणार्क विकास आघाड़ी का 1 और भिवंडी विकास आघाड़ी का 1 सदस्य शामिल है। ऐसे में सभापति पद के लिए छोटे दलों और निर्दलीय समर्थन की भूमिका अहम मानी जा रही है।

    संबंधित खबरें: Bhiwandi Farmers’ Protest: कुकसे में प्राकृतिक नाला बंद करने से किसानों का फूटा गुस्सा, बिल्डर और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा!

    प्रभाग समितियों की बात करें तो प्रभाग समिति क्रमांक 1 में हसनेन इम्तियाज फारूकी, प्रभाग समिति क्रमांक 2 में तबस्सुम जाकिर बेग तथा प्रभाग समिति क्रमांक 4 में समीना मोहम्मद इमरान अंसारी के खिलाफ कोई अन्य नामांकन नहीं आने से उनका निर्विरोध चयन तय माना जा रहा है।

    वहीं प्रभाग समिति क्रमांक 3 में रंजीता मोहन कोंडा और संजय गणपत भोईर के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। प्रभाग समिति क्रमांक 5 में त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिल सकता है, जहां वैभव एकनाथ भोईर, रोमा नीलेश आलसी और अनाम तारिक अंसारी ने नामांकन दाखिल किया है। अब राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें 14 मई को होने वाले मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हुई हैं।

  • Bhiwandi Fraud: शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, केस दर्ज!

    Bhiwandi Fraud: शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, केस दर्ज!

    Bhiwandi Fraud: भिवंडी के कोनगांव क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला से आरोपी ने लगातार दुष्कर्म किया। महिला के गर्भवती होने पर आरोप ने जबरन गर्भपात की गोली खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वही दो महिलाओं ने दहेज के लिए ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। बढ़ती शोषण व प्रताड़ना की घटना ने शहर में सनसनी फैला दिया है।

    पुलिस के अनुसार कल्याण इलाके में रहने वाली 27 वर्षीय महिला ने कोनगांव पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में बताया है कि उसके पहचान के वीरेन हसमुख पटेल(40) ने पहले महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया, फिर अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का झांसा देकर 25 सितंबर 2024 से 21 अप्रैल 2026 के बीच लगातार उसे अपने हवस का शिकार बनाया। जिसके कारण वह गर्भवती हो गई।

    महिला का आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने गर्भपात की गोलियां खिलाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात कराया। बाद में शादी की बात करने पर आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। जिसके बाद महिला ने 5 मई को कोनगांव पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

    संबंधित खबरें: Farhan Azmi Assist Ravi Shirsat: बिस्तर पर पड़े निष्ठावान कार्यकर्ता के लिए फरहान आजमी ने बढ़ाया मदद का हाथ!

    वही दूसरी ओर भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग महिलाओं ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। एक मामले में महिला ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल वालों ने नई चार पहिया गाड़ी खरीदने के लिए 3 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना दी गई। साथ ही निकाह में मिले स्त्रीधन को भी अपने पास रख लिया।

    इस मामले में पति सहित छह लोगों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया गया है। इसी तरह दूसरे मामले में महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने कम दहेज लाने की बात कहकर 1 लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • Shikshan Kranti Sanghatan: जनगणना और बीएलओ कार्यों से परेशान शिक्षकों को ‘शिक्षण क्रांति संगठन’ की मांग से मिलेगी राहत!

    Shikshan Kranti Sanghatan: जनगणना और बीएलओ कार्यों से परेशान शिक्षकों को ‘शिक्षण क्रांति संगठन’ की मांग से मिलेगी राहत!

    Shikshan Kranti Sanghatan: मतदाता सूची पुनरीक्षण और जनगणना कार्यों के कारण शिक्षा पर अतिरिक्त काम का बोझ पड़ने से शिक्षक काफी परेशान हैं। उन्हें राहत दिलाने के लिए ‘शिक्षण क्रांति संगठन’ द्वारा दिए गए ज्ञापन के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारी के कक्ष में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनगणना और बीएलओ ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

    इस बैठक में शिक्षण क्रांति संगठन के राज्य अध्यक्ष सुधीर देवराम घागस , राज्य संगठक आर.डी. पाटिल, महानगर जिला अध्यक्ष गजानन पाटिल जिला सचिव थॉमस शिनगारे और प्रशासन की ओर से प्रशासनिक अधिकारी भारत बोरनारे, विलास नंदनवार, विलास लिखारे सहित प्रभावित कर्मचारी उपस्थित थे।

    शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भारत बोरनारे ने कहा कि कुछ मांगों को स्वीकार कर लिया गया है और शेष मांगों को नगर निगम आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत कर राहत देने का निर्णय लिया जाएगा। संगठन की मांग के अनुसार, मुख्याध्यापकों को जनगणना और बीएलओ कार्यों से मुक्त कर दिया गया है।

    संबंधित खबरें: Bhiwandi Municipal Corporation: बकरीद पर बली दिए गए जानवरों के अवयवों को नही उठायेंगे मनपा सफाईकर्मी!

    गंभीर बीमारियों से ग्रस्त और सेवानिवृत्ति में 6 महीने से कम समय शेष रहने वाले कर्मचारियों को इस काम से छूट दी जाएगी। कर्मचारियों को बीएलओ या जनगणना में से केवल एक ही काम दिया जाएगा। इस कार्य के लिए कर्मचारियों की कमी को देखते हुए स्व-सहायता स्कूलों के कर्मचारियों से भी यह कार्य करने का आह्वान किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी विभागों के कर्मचारियों को समान अनुपात में लिया जाएगा।

    संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा मानसिक प्रताड़ना दी गई या केस दर्ज करने की धमकी दी गई, तो धमकी देने वाले अधिकारियों के खिलाफ ही मामला दर्ज कराया जाएगा और काम का बहिष्कार किया जाएगा। संगठन ने मांग की है कि इन कार्यों में लगे सभी कर्मचारियों का 1 करोड़ रुपये का बीमा कराने के लिए जिलाधिकारी और सरकार से संपर्क किया जाए। साथ ही, इस कार्य के बदले मिलने वाला मानदेय सीधे कर्मचारियों के बैंक खाते में जमा किया जाना चाहिए।

  • Bhiwandi Municipal Corporation: बकरीद पर बली दिए गए जानवरों के अवयवों को नही उठायेंगे मनपा सफाईकर्मी!

    Bhiwandi Municipal Corporation: बकरीद पर बली दिए गए जानवरों के अवयवों को नही उठायेंगे मनपा सफाईकर्मी!

    Bhiwandi Municipal Corporation: भिवंडी मनपा के सफाई कर्मचारी इस वर्ष बकरीद पर दिए जाने वाले जानवरों की कुर्बानी के बाद निकलने वाले बेस्टेज को नही हटायेंगे। उक्त घोषणा मनपा के सभी मजदूर यूनियनों ने महापौर व उपमहापौर के साथ हुए बैठक के दौरान हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर यूनियनों ने कहा है कि जो लोग जानवरों की बली देंगे,वही अब जानवरों के बेस्टेज को भी हटाए।इतना ही नही यूनियनों का कहना है हर दिन की तरह साफ सफाई का अन्य कार्य सफाई कर्मचारी ही करेंगे।मजदूर यूनियनों के इस निर्णय से मनपा प्रशासन के हाथ पाव फूल गए है।

    भिवंडी मनपा महापौर नारायण चौधरी व उपमहापौर तारिक मोमीन के साथ आगामी बकरीद को लेकर मनपा के 18 मजदूर यूनियनों के प्रतिनिधियों ने 5 मई को दोपहर एक बैठक का आयोजन किया गया था।जिसमें मनपा यूनियनों के प्रतिनिधियों ने सयुक्त रूप से बताया है कि आगामी 27 मई को बकरीद का त्यौहार शुरू हो रहा है।जो लगातार 29 तक चलेगा।जिसके मद्देनजर भिवंडी में बड़े पैमाने पर जानवरों की बली दी जानी है।जिसके बेस्टेज को मनपा सफाई कर्मचारियों द्वारा हटाया जाता है।हर वर्ष मनपा प्रशासन अतिसंवेदनशील शहर में लॉ एंड आर्डर का हवाला देकर उक्त कार्य सफाई कर्मचारियों से करवाती आ रही है।

    सफाई न करने पर कार्रवाई का धौंस देकर डराती है। लेकिन इस वर्ष भी मनपा सफाई कर्मचारी जानवरों की बली के बाद निकलने वाले बेस्तेज को नही हटाएंगे।यूनियनों का कहना है कि जो लोग जानवरों की बलि देंगे वही लोग उनके अवशेष को गोनी में भरकर कचरा गाड़ी में डाले,जिसके बाद मनपा सफाई कर्मी उसे उठाकर ले जायेगे।

    संबंधित खबरें: Bhiwandi Municipal Corporation: भिवंडी में अवैध मोबाइल टावरों के सामने लाचार मनपा प्रशासन, वसूली फिसड्डी!

    साथ ही कुर्बानी सेंटर की पानी डालकर सफाई करने के साथ दवा का छिड़काव को करेंगे। यूनियनों ने हाईकोर्ट का हवाला देते हुए बताया है कि बकरीद को लेकर दायर जनहित याचिका के बाद 5 जुलाई 2022 को न्यायधीश एस के मेमन व एम एस कार्णिक ने कुर्बानी संबंधित निर्देश में बली देने वाले को बेस्टेज़ भी खुद हटाने का निर्देश दिया था।

    इधर महापौर नारायण चौधरी ने यूनियनों की बात सुनने के बाद भरोसा दिलाया कि यूनियनों द्वारा सफाई कर्मचारियों के हित में किए जा रहे मांग पर विचार किया जाएगा।उन्होंने कहा कि बकरीद से पहले मनपा आयुक्त के साथ बैठक कर इसको अमल में लाया जाएगा।इस दौरान भिवंडी म्युनिसिपल कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र कबाड़ी,लेबर फ्रंट के अध्यक्ष संतोष चौहान,विकास निकम,चंद्रकांत सोनवाने,दीपक राव,भारत तांबे ,रविन्द्र गायकवाड़ व श्याम गायकवाड़,सुनील बांगर सहित सभी यूनियनों अध्यक्ष व सचिव इस बैठक में मौजूद थे।

  • Bhiwandi Electricity Theft: भिवंडी में एक साल में किए 5 लाख की बिजली चोरी का भंडाफोड़, 2 पर केस दर्ज!

    Bhiwandi Electricity Theft: भिवंडी में एक साल में किए 5 लाख की बिजली चोरी का भंडाफोड़, 2 पर केस दर्ज!

    भिवंडी: भिवंडी में बिजली चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। टोरेंट पावर कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिन्होंने कथित रूप से एक साल तक अवैध कनेक्शन के जरिए बिजली का इस्तेमाल कर कंपनी को 5 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया।(Bhiwandi Electricity Theft)

    पुलिस के अनुसार, आरोपी सैफ सोहर खान और कैफ सोहर खान, निवासी रसूलाबाद क्षेत्र, ने 10 अप्रैल 2025 से 9 अप्रैल 2026 के बीच अपने घर में बिना मीटर के अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया। जिन्होंने सिंटेक्स बॉक्स से सीधे केबल जोड़कर टोरेंट पावर की लाइन से अनधिकृत कनेक्शन लिया हुआ था।

    इस अवधि में आरोपियों ने करीब 15,013 यूनिट बिजली की चोरी की, जिससे कंपनी को लगभग 5,07,139 रुपये का नुकसान हुआ है।इस मामले में टोरेंट पावर की शिकायत पर शांतीनगर पुलिस ने विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं।

  • Bhiwandi Municipal Corporation: महाराष्ट्र राज्य का 67वां स्थापना दिवस और अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया गया; महापौर ने किया ‘स्व-गणना’ का शुभारंभ!

    Bhiwandi Municipal Corporation: महाराष्ट्र राज्य का 67वां स्थापना दिवस और अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया गया; महापौर ने किया ‘स्व-गणना’ का शुभारंभ!

    भिवंडी: महाराष्ट्र राज्य के 67वें स्थापना दिवस और अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर भिवंडी नगर निगम मुख्यालय के प्रांगण में महापौर नारायण रतन चौधरी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर आयुक्त अनमोल सागर, उपमहापौर तारिक मोमिन, नगरसेवक और निगम के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। ध्वजारोहण के बाद सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। (Bhiwandi Municipal Corporation)

    इसके पश्चात, महापौर नारायण रतन चौधरी और आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) ने निगम प्रांगण में स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की पूर्ण आदमकद प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें नमन किया। वहीं, पुरानी प्रशासनिक इमारत के सामने स्थित डॉ. आंबेडकर की अर्धप्रतिमा पर उपमहापौर तारिक मोमीन और नगरसेवक फराज (बाबा) बहाउद्दीन ने पुष्पांजलि अर्पित की।

    स्वर्गीय इंदिरा गांधी स्मृति उप-जिला अस्पताल के समीप स्थित हुतात्मा स्मारक पर अतिरिक्त आयुक्त विट्ठल डाके और उपायुक्त (मुख्यालय) विक्रम दराडे ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को अभिवादन किया।

    शहरवासी ‘स्व-गणना’ कर राष्ट्रीय जनगणना में सहभागी बनें: महापौर नारायण चौधरी
    भारत में पहली बार हो रही डिजिटल जनगणना के लिए 1 मई से 15 मई तक के पहले चरण में ‘स्व-गणना’ की शुरुआत हो रही है।महापौर नारायण चौधरी ने इस कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई वेबसाइट पर जाकर वे स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें और इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में अपना योगदान दें।

    इस अवसर पर आयुक्त अनमोल सागर, उपमहापौर तारिक मोमिन, नगरसेवक प्रशांत लाड, फराज (बाबा) बहाउद्दीन और कई अधिकारी उपस्थित थे। जनगणना विभाग के सहायक आयुक्त नितिन पाटिल ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नागरिक https://se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपने मोबाइल के माध्यम से स्वयं अपनी गणना कर सकते हैं। जनगणना 2026 के अंतर्गत स्व-गणना अभियान का उद्घाटन महापौर, उपमहापौर और आयुक्त के कर-कमलों द्वारा किया गया।

    इस कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त विट्ठल डाके, नयना ससाणे, उपायुक्त (सामान्य प्रशासन) सपना वसावा, सहायक आयुक्त नितिन पाटिल, समाज कल्याण विभाग प्रमुख मिलिंद पलसुले, मार्केट विभाग प्रमुख स्नेहल पुण्यार्थी, उद्यान विभाग प्रमुख नीलेश संखे, नगर विकास प्रमुख समीर जवरे सहित निगम के विभिन्न प्रभाग समितियों के सहायक आयुक्त और कर्मचारी उपस्थित थे। यह डिजिटल प्रक्रिया 01-05-2026 से 15-05-2026 तक प्रभावी रहेगी।

  • Bhiwandi Nala Cleaning: भिवंडी में नाला सफाई के लिए फिर मई का मुहूर्त, 7 मई की महासभा में खर्च को मिलेगी मंजूरी!

    Bhiwandi Nala Cleaning: भिवंडी में नाला सफाई के लिए फिर मई का मुहूर्त, 7 मई की महासभा में खर्च को मिलेगी मंजूरी!

    भिवंडी: भिवंडी शहर में नाला सफाई का मुद्दा हर साल विवादों में रहता है। प्रशासनिक कार्यकाल समाप्त होने और नए जन प्रतिनिधियों के चुने जाने के बाद नागरिकों को उम्मीद थी कि इस बार सफाई समय पर पूरी होगी, लेकिन यह उम्मीद धराशायी होती दिख रही है।(Bhiwandi Nala Cleaning)

    प्रशासनिक शासन के दौरान नाला सफाई पर लगभग 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाते थे, फिर भी कई इलाकों में जलजमाव और निचले घरों में पानी घुसने की समस्या बनी रहती थी। इस वर्ष, महापौर नारायण चौधरी ने सफाई कार्य जल्दी शुरू करने के लिए 17 मार्च की विशेष सभा में 2 करोड़ 92 लाख 99 हजार 574 रुपये के खर्च का प्रस्ताव रखा था और इसे जल्द पूरा करने का संकल्प लिया था।

    हालाँकि, प्रभाग समितियों के लिए मंगाई गई निविदाओं को महासभा की अंतिम मंजूरी मिलना अभी बाकी है। इसके लिए 7 मई को महासभा आयोजित की गई है। इसका अर्थ यह है कि इस साल भी नाला सफाई का काम मई के दूसरे पखवाड़े में ही शुरू हो पाएगा। ऐसे में नागरिकों का मानना है कि जन प्रतिनिधियों के आने के बाद भी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है।

    मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून मई के अंत तक शुरू हो सकता है, जिससे डर है कि सफाई के बाद निकाला गया कीचड़ बारिश के कारण वापस नालों में ही समा जाएगा।

    “मैं शुरू से ही इस बात पर अड़ा हूँ कि नाला सफाई समय पर और पूरी होनी चाहिए। प्रशासनिक और आर्थिक मंजूरियों के कारण देरी जरूर हुई है, लेकिन इस साल मैं व्यक्तिगत रूप से सफाई कार्य पर नजर रखूँगा। इसके लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है। इस बार काम पूरा होने के बाद ही ठेकेदारों को भुगतान किया जाएगा।”

  • Bhiwandi Free Thalassemia Treatment: भिवंडी में रोटरी क्लब द्वारा मुफ्त थैलेसीमिया उपचार केंद्र की शुरुआत!

    भिवंडी: वर्तमान में थैलेसीमिया के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे मरीजों को हर महीने रक्त बदलना अनिवार्य होता है, जो काफी खर्चीला है। इस कारण कई जरूरतमंद मरीज उपचार से वंचित रह जाते हैं। इन मरीजों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3142 और रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में राजनोली स्थित प्राणायु अस्पताल में चौथे मुफ्त थैलेसीमिया उपचार केंद्र की शुरुआत की गई है।(Bhiwandi )

    इस केंद्र का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हर्ष मकोल के द्वारा किया गया। इस अवसर पर भिवंडी के ग्रामीण और दुर्गम आदिवासी क्षेत्रों की 500 गरीब व जरूरतमंद छात्राओं को स्कूल जाने की सुविधा हेतु साइकिलों का वितरण किया गया।

    इस समारोह में प्राणायु अस्पताल के निदेशक एवं पूर्व असिस्टेंट गवर्नर डॉ. राजेश भोईर, डॉ. निलेश जयवंत, साइकिल दान करने वाले रविप्रकाश, विनया हेब्बार, रोहिदास भोईर, एडवोकेट कैलाश सोनवणे, प्रकाश म्हात्रे, सतीश भोजने, हरिश्चंद्र भोईर, एडवोकेट विशाल भोईर और सुधाकर म्हात्रे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

    “थैलेसीमिया बच्चों में तेजी से फैलने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसमें हर महीने रक्त बदलना जरूरी होता है। हर जगह इसकी सुविधा न होने और इलाज महंगा होने के कारण कई लोग इससे वंचित थे। अब प्राणायु अस्पताल में यह मुफ्त केंद्र शुरू होने से कई मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।”
    डॉ. राजेश भोईर (निदेशक, प्राणायु अस्पताल)

    “हमने ठाणे जिले को थैलेसीमिया मुक्त करने का संकल्प लिया है। भिवंडी में रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट और रोटरी क्लब ऑफ भिवंडी बीकेसी के माध्यम से यह केंद्र शुरू किया गया है, जहाँ मरीजों का मुफ्त इलाज होगा। मैं समाज के नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे थैलेसीमिया मरीजों के लिए बड़ी संख्या में रक्तदान करने हेतु आगे आएं।”