Category: Bharat

Stay updated with the pulse of the nation!
In this category, explore the latest news and breaking updates from across India – including politics, economy, education, science, law, social issues, and more. Get real-time updates and in-depth coverage of stories that matter to every Indian.

  • Free Eye Checkup:ठाणे पुलिस में मधुमेह मरीजों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर

    Free Eye Checkup:ठाणे पुलिस में मधुमेह मरीजों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर

    ठाणे। ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अधीन संचालित पुलिस औषधालय में मधुमेह से पीड़ित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए शनिवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर (Free Eye Checkup camp) का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 54 पुलिसकर्मियों ने अपनी आंखों की जांच कराई, जिनमें से नौ में विभिन्न नेत्र संबंधी समस्याएं पाई गईं।

    शिविर में वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक एवं रेटिना विशेषज्ञ डॉ. शाहनवाज काजी ने मरीजों की जांच की। इस दौरान रक्त शर्करा, दृष्टि परीक्षण, ग्लूकोमा, मोतियाबिंद तथा डायबिटिक रेटिनोपैथी सहित आंखों से जुड़ी विभिन्न जांचें की गईं। विशेषज्ञों ने बताया कि मधुमेह के मरीज यदि समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं कराते हैं, तो उनकी दृष्टि स्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ड्यूटी की व्यस्तता के कारण अधिकांश पुलिसकर्मी नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष शिविर पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के मार्गदर्शन में डॉ. माधव वाघमारे, चिकित्सा अधिकारी, पुलिस अस्पताल, ठाणे द्वारा आयोजित किया गया।

    दिनभर भारी बारिश के बावजूद 54 पुलिसकर्मियों ने शिविर का लाभ उठाया। जांच के दौरान नौ पुलिसकर्मियों में विभिन्न नेत्र रोगों के लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार और नियमित फॉलो-अप की सलाह दी गई।

    शिविर के सफल आयोजन में अब्बास दमानिया ने विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ समन्वय किया, जबकि शीतल नानकर, रमेश जाधव, खुशाल सुखदारे, रिया उत्तेकर, पूजा पवार और सायली ने सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. माधव वाघमारे ने डॉ. शाहनवाज काजी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

  • Balcony Slab Collapse:मुंबई में लगातार बारिश से इमारत की बालकनी का गिरा स्लैब, युवक घायल

    Balcony Slab Collapse:मुंबई में लगातार बारिश से इमारत की बालकनी का गिरा स्लैब, युवक घायल

    मुंब्रा। लगातार पांच दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मुंब्रा के अमृत नगर स्थित चांदनी अपार्टमेंट में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। इमारत की तीसरी मंजिल की बालकनी का स्लैब अचानक भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

    जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे बालकनी का स्लैब नीचे मौजूद दुकानों के शेड और एक मोमोज के ठेले पर गिर गया। इस दौरान ठेले पर काम कर रहे 24 वर्षीय अब्दुल रहीम शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

    घटना की सूचना मिलते ही मुंब्रा पुलिस, अग्निशमन दल और ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी इमारत को खाली कराकर सील कर दिया गया है।

    टीएमसी के सहायक आयुक्त विजय कावले ने बताया कि इमारत का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा, ताकि उसकी सुरक्षा का आकलन किया जा सके। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल भी जाना। फिलहाल घायल की हालत में सुधार बताया जा रहा है और उसे आगे के उपचार के लिए कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    लगातार हो रही बारिश के बीच इस घटना ने एक बार फिर जर्जर इमारतों की सुरक्षा और समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार का कहर, एक की मौत, 12 घायल

    तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार का कहर, एक की मौत, 12 घायल

    नवी मुंबई। नवी मुंबई के तळोजा फेज-1 इलाके में मंगलवार को तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार के अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने सड़क पर चल रही चार से पांच गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर घटनास्थल का पंचनामा किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    इस हादसे के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटना के बाद का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ा कोई वीडियो या अन्य जानकारी हो तो जांच में सहयोग करें। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

  • Mahayuti Government Mired in Corruption:भ्रष्टाचार में डूबी महायुति सरकार सभी बड़े प्रोजेक्ट्स पर श्वेतपत्र जारी करे : हर्षवर्धन सपकाल

    Mahayuti Government Mired in Corruption:भ्रष्टाचार में डूबी महायुति सरकार सभी बड़े प्रोजेक्ट्स पर श्वेतपत्र जारी करे : हर्षवर्धन सपकाल

    मुंबई/जलगांव। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने महायुति सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ठेकेदारों और कमीशनखोरी के सहारे चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समृद्धि महामार्ग परियोजना में करीब 20 हजार करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है और इसी धन का उपयोग राजनीतिक दलों को तोड़ने के लिए किया गया। उन्होंने मांग की कि महायुति सरकार अपने कार्यकाल में शुरू किए गए सभी बड़े प्रोजेक्ट्स पर श्वेतपत्र जारी करे।

    Mahayuti Government Mired in Corruption, Release White Paper on All Major Projects: Harshvardhan Sapkal

    जलगांव में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मधुकराव चौधरी की प्रतिमा के अनावरण समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपकाल ने कहा कि पिछले छह दिनों की भारी बारिश के दौरान हुई मौतें और जनजीवन की बदहाली सरकार की प्रशासनिक विफलता का परिणाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल बस पर पेड़ गिरने, खुले मैनहोल में गिरने सहित विभिन्न घटनाओं में हुई मौतों के लिए सरकार जिम्मेदार है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

    मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपकाल ने कहा कि नासिक में बादल फटने की आशंका बताकर सरकार ने स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित की थी, लेकिन बाद में यह दावा गलत साबित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के आंदोलन को रोकने के लिए इस तरह की अफवाह फैलाई गई। सपकाल ने मुख्यमंत्री फडणवीस को “देश का सबसे बड़ा झूठा नेता” बताते हुए कहा कि अलग विदर्भ, धनगर आरक्षण, मराठा आरक्षण, अजित पवार के साथ गठबंधन नहीं करने और लाडली बहन योजना के तहत 2500 रुपये देने जैसे कई वादे पूरे नहीं किए गए।

    शरद पवार की पार्टी के संभावित विलय की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ने वाली सभी विपक्षी ताकतों को एकजुट होना चाहिए और कांग्रेस इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। सपकाल ने दावा किया कि देश में भाजपा का प्रभावी मुकाबला करने की क्षमता केवल कांग्रेस के पास है।

  • El-Nino Impact Pacific Ocean Temperature rise India Monsoon warning: अल नीनो का बढ़ता असर! प्रशांत महासागर में तेजी से बढ़ रहा तापमान, भारत के मानसून पर मंडरा रहा खतरा

    El-Nino Impact Pacific Ocean Temperature rise India Monsoon warning: अल नीनो का बढ़ता असर! प्रशांत महासागर में तेजी से बढ़ रहा तापमान, भारत के मानसून पर मंडरा रहा खतरा

    नई दिल्ली: जलवायु परिवर्तन और अल नीनो के बढ़ते प्रभाव के बीच दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण जलवायु क्षेत्रों में से एक ट्रॉपिकल प्रशांत महासागर तेजी से गर्म हो रहा है। अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के समुद्री सतह तापमान के ताजा आंकड़ों से संकेत मिले हैं कि वर्ष 2026 में प्रशांत महासागर के नीनो 3.4 क्षेत्र का तापमान पिछले साल की तुलना में काफी अधिक दर्ज किया गया है।

    वैज्ञानिकों के अनुसार नीनो 3.4 क्षेत्र मध्य प्रशांत महासागर का वह हिस्सा है, जहां समुद्र की सतह के तापमान में बदलाव के आधार पर अल नीनो और ला नीना जैसी वैश्विक जलवायु घटनाओं की निगरानी की जाती है।

    2026 में समुद्र का तापमान 2025 से काफी अधिक (El-Nino Impact Pacific Ocean Temperature rise)

    NOAA के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 4 जुलाई 2026 के बीच नीनो 3.4 क्षेत्र का तापमान लगातार वर्ष 2025 की इसी अवधि से अधिक रहा।

    • 1 जून 2026: तापमान 28.90 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
    • 4 जुलाई 2026: तापमान बढ़कर 29.23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

    वहीं, वर्ष 2025 में इसी अवधि के दौरान तापमान 27.84 डिग्री सेल्सियस से घटकर 27.59 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था।

    आंकड़ों के अनुसार 2026 में 1 जून को तापमान का अंतर 1.06 डिग्री सेल्सियस था, जो 4 जुलाई तक बढ़कर 1.64 डिग्री सेल्सियस हो गया। यानी करीब 55 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

    लगातार 29 डिग्री से ऊपर तापमान वैज्ञानिकों के लिए चिंता का विषय

    2026 में नीनो 3.4 क्षेत्र में तापमान लगातार 29 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। वैज्ञानिक इसे गंभीर संकेत मान रहे हैं, क्योंकि गर्म समुद्री सतह वातावरण में अधिक गर्मी और नमी छोड़ती है।

    इसका असर केवल प्रशांत महासागर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह दुनिया के कई हिस्सों में:

    • बारिश के पैटर्न,
    • हवा के प्रवाह,
    • मानसून प्रणाली,
    • सूखे और गर्मी की स्थिति

    को प्रभावित कर सकता है।

    इस साल 19 जून को नीनो 3.4 क्षेत्र का अधिकतम तापमान 29.41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 1 जून को 28.90 डिग्री सेल्सियस रहा।

    भारत के मानसून पर पड़ सकता है असर

    प्रशांत महासागर में बढ़ता तापमान भारत के लिए चिंता का कारण बन सकता है। भारत की कृषि और अर्थव्यवस्था काफी हद तक दक्षिण-पश्चिम मानसून पर निर्भर है। मानसून देश की सालाना बारिश का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा उपलब्ध कराता है।

    अल नीनो की स्थिति मजबूत होने पर अक्सर भारत में:

    • सामान्य से कम बारिश,
    • लंबे समय तक गर्मी,
    • सूखे जैसे हालात,
    • बारिश के असमान वितरण

    का खतरा बढ़ जाता है।

    हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून पर केवल अल नीनो का ही असर नहीं पड़ता। इंडियन ओशन डाइपोल (IOD), स्थानीय मौसम प्रणालियां और अन्य समुद्री परिस्थितियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

    IMD ने जुलाई में कम बारिश का जताया अनुमान

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पहले ही जुलाई महीने में सामान्य से कम बारिश की संभावना जता चुका है। विभाग के अनुसार इक्वेटोरियल पैसिफिक क्षेत्र में अल नीनो की स्थिति मजबूत हो रही है।

    यह अनुमान ऐसे समय में आया है जब भारत ने 1901 के बाद से जून महीने में सबसे कम बारिश वाले वर्षों में से एक का अनुभव किया है। कई राज्यों में मानसून की रफ्तार धीमी रही, जिसके कारण:

    • खेती प्रभावित हुई,
    • जलाशयों में पानी की कमी बढ़ी,
    • गर्मी का असर लंबे समय तक बना रहा।

    सरकार ने तैयारियों के दिए निर्देश

    मानसून की संभावित कमी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबंधित मंत्रालयों को आकस्मिक योजनाएं तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

    सरकार का फोकस खास तौर पर:

    • कृषि क्षेत्र को राहत,
    • जल प्रबंधन,
    • सूखा प्रभावित क्षेत्रों की तैयारी,
    • आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता

    पर है।

    विशेषज्ञों की नजर अब प्रशांत महासागर पर

    जलवायु विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले हफ्तों में प्रशांत महासागर के तापमान का रुख भारत सहित दुनिया के कई हिस्सों के मौसम को प्रभावित कर सकता है। यदि अल नीनो का प्रभाव और मजबूत होता है, तो मानसून की स्थिति पर इसका असर देखने को मिल सकता है।

    फिलहाल वैज्ञानिक समुद्र के तापमान, वायुमंडलीय बदलाव और मानसूनी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

  • By-election to the famous Bankipur assembly seat in Bihar: बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी का दांव, अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी को टिकट; प्रशांत किशोर और RJD की रेखा गुप्ता से होगा मुकाबला

    By-election to the famous Bankipur assembly seat in Bihar: बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी का दांव, अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी को टिकट; प्रशांत किशोर और RJD की रेखा गुप्ता से होगा मुकाबला

    पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस हॉट सीट के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने युवा नेता अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। बांकीपुर उपचुनाव में अब मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं। वहीं प्रशांत किशोर के बांकीपुर उपचुनाव में उतरने से शत्रुघ्न सिन्हा काफी गदगद नजर आ रहे हैं। शॉटगन ने प्रशांत किशोर की तारीफ करते हुए उन्हें सबसे काबिल बताया और कहा कि पीके ने जबरदस्त हलचल मचा दी है।

    बीजेपी ने युवा चेहरे पर लगाया भरोसा

    बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। पार्टी ने इस बार बाहरी चेहरे की बजाय स्थानीय संगठन से जुड़े युवा नेता पर भरोसा जताया है। अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी कायस्थ समाज से आते हैं और लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय हैं। वह वर्तमान में प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वह पटना महानगर भाजयुमो के अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में उन्होंने मंडल मंत्री और महामंत्री जैसी जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। करीब 40 वर्ष से कम उम्र के अभिषेक को टिकट देकर बीजेपी ने युवा मतदाताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं को साधने की कोशिश की है। पार्टी ने उम्मीदवार चयन में सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा है।

    तीन दशक से बीजेपी का मजबूत किला है बांकीपुर

    पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से बीजेपी का गढ़ मानी जाती रही है। इस सीट पर नवीन परिवार का दबदबा रहा है। नितिन नवीन लगातार पांच बार बांकीपुर से विधायक रहे। इससे पहले उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी लगातार चार बार इस सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। यानी करीब तीन दशक से अधिक समय तक यह सीट बीजेपी के प्रभाव में रही है। अब बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने इस मजबूत किले को बचाने की है।

    प्रशांत किशोर की एंट्री से मुकाबला दिलचस्प

    बांकीपुर उपचुनाव को सबसे ज्यादा चर्चा जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी ने दी है। राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पहली बार किसी बड़े चुनावी मैदान में सीधे उतर रहे हैं। प्रशांत किशोर बीजेपी के इस पारंपरिक गढ़ में सेंध लगाने का दावा कर रहे हैं। जन सुराज पार्टी पिछले कई दिनों से क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रही है। उनकी उम्मीदवारी से बीजेपी के पारंपरिक वोट बैंक और शहरी मतदाताओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

    RJD ने फिर रेखा गुप्ता पर जताया भरोसा

    महागठबंधन की ओर से आरजेडी ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। वह पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन बीजेपी के नितिन नवीन से करीब 52 हजार वोटों के बड़े अंतर से हार गई थीं। पिछले चुनाव में जन सुराज की प्रत्याशी वंदना कुमारी को करीब 7,717 वोट मिले थे। हालांकि इस बार खुद प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने से समीकरण बदलने की संभावना है।

    कई दलों की मौजूदगी से बढ़ी राजनीतिक गर्मी

    बांकीपुर सीट पर मुकाबला और भी रोचक हो गया है। पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) ने सामाजिक कार्यकर्ता वीना मानवी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) भी प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। ऐसे में बांकीपुर में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

    चुनाव कार्यक्रम

    बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है।

    • नामांकन की अंतिम तारीख: 13 जुलाई
    • नामांकन वापसी की अंतिम तारीख: 16 जुलाई
    • मतदान: 30 जुलाई
    • मतगणना और परिणाम: 3 अगस्त

    अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या बीजेपी अपने पुराने किले को बचा पाएगी या प्रशांत किशोर और विपक्षी दल मिलकर इस सीट पर नया राजनीतिक समीकरण बना पाएंगे।

  • 17 Trains Cancelled After Landslide: लोनावला-कर्जत रेल मार्ग पर भूस्खलन से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित, 17 ट्रेनें रद्द, कई का रूट बदला

    17 Trains Cancelled After Landslide: लोनावला-कर्जत रेल मार्ग पर भूस्खलन से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित, 17 ट्रेनें रद्द, कई का रूट बदला

    मुंबई: मध्य रेलवे के लोनावला-कर्जत सेक्शन में ठाकुरवाड़ी केबिन और मंकी हिल केबिन के बीच 6 जुलाई को हुए भूस्खलन के कारण ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट, डायवर्ट और रिशेड्यूल किया है।

    मध्य रेलवे के अनुसार 7 जुलाई को भूस्खलन के कारण कुल 17 ट्रेनें रद्द, 1 ट्रेन आंशिक रूप से रद्द, 29 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन, 14 ट्रेनों को बीच रास्ते से समाप्त, 12 ट्रेनों को दूसरे स्टेशन से रवाना किया गया, जबकि 12 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।

    रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में पुणे-भुज एक्सप्रेस, पुणे-सोलापुर इंटरसिटी, सोलापुर-पुणे इंटरसिटी, पुणे-सीएसएमटी इंद्रायणी एक्सप्रेस, पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस, धुले-सीएसएमटी एक्सप्रेस, सातारा-दादर एक्सप्रेस, कोल्हापुर-सीएसएमटी एक्सप्रेस और सीएसएमटी-सोलापुर एक्सप्रेस शामिल हैं।

    इसके अलावा 8 जुलाई से चलने वाली भुज-पुणे एक्सप्रेस और सीएसएमटी-कोल्हापुर एक्सप्रेस को भी रद्द किया गया है।

    रेलवे ने बताया कि कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। चेन्नई, हैदराबाद, नांदेड़, कोयंबटूर, भुवनेश्वर, राजकोट, बेंगलुरु और अन्य शहरों से आने-जाने वाली ट्रेनों को दौंड, मनमाड, इगतपुरी, कल्याण और सूरत मार्ग से डायवर्ट किया गया है।

    कुछ ट्रेनों को पुणे, इगतपुरी, दौंड और खड़की स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया है। वहीं कई ट्रेनों को पुणे, खड़की, चिंचवड़ और दौंड जैसे स्टेशनों से शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है।

    मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक सूचना का पालन करें।

    मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि लोनावला-कर्जत सेक्शन में भूस्खलन के बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों का संचालन नियंत्रित किया जा रहा है। रेलवे की टीम मौके पर मरम्मत और बहाली कार्य में जुटी हुई है।

    🚆 रद्द की गई ट्रेनें (17)

    6 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली ट्रेन

    1. 11092 पुणे–भुज एक्सप्रेस

    7 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली ट्रेनें

    1. 12169 पुणे–सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस
    2. 12170 सोलापुर–पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस
    3. 22106 पुणे–CSMT इंद्रायणी एक्सप्रेस
    4. 12128 पुणे–CSMT इंटरसिटी एक्सप्रेस
    5. 11008 पुणे–CSMT डेक्कन एक्सप्रेस
    6. 12123 CSMT–पुणे डेक्कन क्वीन एक्सप्रेस
    7. 12126 पुणे–CSMT प्रगति एक्सप्रेस
    8. 12125 CSMT–पुणे प्रगति एक्सप्रेस
    9. 11009 CSMT–पुणे सिंहगढ़ एक्सप्रेस
    10. 11011 CSMT–धुले एक्सप्रेस
    11. 11012 धुले–CSMT एक्सप्रेस
    12. 11028 सातारा–दादर एक्सप्रेस
    13. 17412 कोल्हापुर–CSMT एक्सप्रेस
    14. 12115 CSMT–सोलापुर एक्सप्रेस

    8 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली ट्रेनें

    1. 11091 भुज–पुणे एक्सप्रेस
    2. 17411 CSMT–कोल्हापुर एक्सप्रेस

    🚆 आंशिक रूप से रद्द ट्रेन (1)

    1. 11029 CSMT–कोल्हापुर एक्सप्रेस
      CSMT से खड़की तक रद्द रहेगी। ट्रेन खड़की से अपने निर्धारित समय पर चलेगी।

    🚆 डायवर्ट की गई ट्रेनें (29)

    1. 22160 चेन्नई–CSMT एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–इगतपुरी–कल्याण मार्ग
    2. 09029 वेलंकन्नी–दहानू रोड स्पेशल → दौंड–मनमाड–जलगांव–सूरत मार्ग
    3. 17614 नांदेड–पनवेल एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–इगतपुरी–कल्याण–पनवेल
    4. 14805 यशवंतपुर–बाड़मेर एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–जलगांव–सूरत
    5. 11014 कोयंबटूर–LTT एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–इगतपुरी–कल्याण
    6. 12164 चेन्नई–LTT एक्सप्रेस → दौंड–अंकाई–मनमाड–इगतपुरी–कल्याण
    7. 16340 नागरकोइल–LTT एक्सप्रेस → दौंड–अंकाई–मनमाड–इगतपुरी–कल्याण
    8. 11018 कराईकल–LTT एक्सप्रेस → दौंड–अंकाई–मनमाड–इगतपुरी–कल्याण
    9. 22159 CSMT–चेन्नई एक्सप्रेस → कल्याण–इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    10. 22732 CSMT–हैदराबाद एक्सप्रेस → कल्याण–इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    11. 17613 पनवेल–नांदेड एक्सप्रेस → इगतपुरी–मनमाड–अंकाई–दौंड
    12. 22943 दौंड–इंदौर एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–जलगांव–सूरत
    13. 00150 कामाख्या–खड़की भारत गौरव स्पेशल → अंकाई–दौंड–पुणे
    14. 11020 भुवनेश्वर–CSMT एक्सप्रेस → दौंड–अंकाई–मनमाड–इगतपुरी–कल्याण
    15. 22718 सिकंदराबाद–राजकोट एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–सूरत
    16. 22158 चेन्नई–CSMT एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–इगतपुरी
    17. 20694 बेंगलुरु–जोधपुर एक्सप्रेस → पुणे–दौंड–मनमाड–सूरत
    18. 20476 मिराज–बीकानेर एक्सप्रेस → पुणे–दौंड–मनमाड–सूरत
    19. 11019 CSMT–भुवनेश्वर एक्सप्रेस → इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    20. 20968 पोरबंदर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस → सूरत–जलगांव–मनमाड–दौंड
    21. 12163 LTT–चेन्नई एक्सप्रेस → इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    22. 17411 CSMT–कोल्हापुर एक्सप्रेस → इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    23. 22107 CSMT–लातूर एक्सप्रेस → इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    24. 20685 गांधीनगर–बेंगलुरु एक्सप्रेस → वसई रोड–रोहा–मडगांव–लोंडा
    25. 22108 लातूर–CSMT एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–इगतपुरी
    26. 11013 LTT–कोयंबटूर एक्सप्रेस → इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    27. 22157 CSMT–चेन्नई एक्सप्रेस → कल्याण–इगतपुरी–मनमाड–दौंड
    28. 12263 पुणे–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस → दौंड–अंकाई–सूरत
    29. 16340 नागरकोइल–LTT एक्सप्रेस → दौंड–मनमाड–इगतपुरी

    🚆 शॉर्ट टर्मिनेट की गई ट्रेनें (14)

    1. 17317 हुबली–दादर एक्सप्रेस → पुणे
    2. 22731 हैदराबाद–CSMT एक्सप्रेस → पुणे
    3. 22226 सोलापुर–CSMT वंदे भारत → पुणे
    4. 17614 नांदेड–पनवेल एक्सप्रेस → इगतपुरी
    5. 11302 बेंगलुरु–CSMT एक्सप्रेस → पुणे
    6. 01435 सोलापुर–LTT एक्सप्रेस → कुर्डुवाड़ी
    7. 18519 विशाखापट्टनम–LTT एक्सप्रेस → पुणे
    8. 12702 हैदराबाद–CSMT एक्सप्रेस → दौंड
    9. 11140 होसपेट–CSMT एक्सप्रेस → खड़की
    10. 11030 कोल्हापुर–CSMT एक्सप्रेस → खड़की
    11. 11022 तिरुनेलवेली–दादर एक्सप्रेस → पुणे
    12. 17317 हुबली–दादर एक्सप्रेस → खड़की
    13. 17614 नांदेड–पनवेल एक्सप्रेस → दौंड

    🚆 शॉर्ट ओरिजिनेट की गई ट्रेनें (12)

    1. 17318 दादर–हुबली एक्सप्रेस → पुणे से चलेगी
    2. 12701 CSMT–सिकंदराबाद एक्सप्रेस → पुणे से चलेगी
    3. 22225 CSMT–सोलापुर वंदे भारत → पुणे से चलेगी
    4. 17613 पनवेल–नांदेड एक्सप्रेस → इगतपुरी से चलेगी
    5. 11301 CSMT–बेंगलुरु एक्सप्रेस → पुणे से चलेगी
    6. 18520 LTT–विशाखापट्टनम एक्सप्रेस → पुणे से चलेगी
    7. 11029 CSMT–कोल्हापुर एक्सप्रेस → खड़की से चलेगी
    8. 11139 CSMT–होसपेट एक्सप्रेस → चिंचवड़ से चलेगी
    9. 11021 दादर–तिरुनेलवेली एक्सप्रेस → पुणे से चलेगी
    10. 17318 दादर–हुबली एक्सप्रेस → खड़की से चलेगी
    11. 16339 LTT–नागरकोइल एक्सप्रेस → खड़की से चलेगी
    12. 17613 पनवेल–नांदेड एक्सप्रेस → दौंड से चलेगी

    🚆 रिशेड्यूल की गई ट्रेनें (12)

    1. 20706 CSMT–नांदेड एक्सप्रेस
    2. 22943 दौंड–इंदौर एक्सप्रेस
    3. 12263 पुणे–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस
    4. 11019 CSMT–भुवनेश्वर एक्सप्रेस
    5. 22157 CSMT–चेन्नई एक्सप्रेस
    6. 20476 मिराज–बीकानेर एक्सप्रेस
    7. 18520 LTT–विशाखापट्टनम एक्सप्रेस
    8. 11301 CSMT–बेंगलुरु एक्सप्रेस
    9. 22107 CSMT–लातूर एक्सप्रेस
    10. 11057 CSMT–अमृतसर एक्सप्रेस
    11. 17411 CSMT–कोल्हापुर एक्सप्रेस
    12. 20496 हडपसर–जोधपुर एक्सप्रेस

    भूस्खलन के कारण मुंबई–पुणे रेल मार्ग पर यह बदलाव किए गए हैं। मध्य रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

  • Monsoon Alert (Heavy Rain in 13 States): 13 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट; अगले 12 घंटे कई इलाकों के लिए बेहद अहम

    Monsoon Alert (Heavy Rain in 13 States): 13 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट; अगले 12 घंटे कई इलाकों के लिए बेहद अहम

    नई दिल्ली: देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 8 जुलाई के लिए मौसम का नया अलर्ट जारी करते हुए उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

    मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

    13 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट(Heavy Rain in 13 States)

    IMD ने 8 जुलाई को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

    इन राज्यों के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। किसानों, मछुआरों और खुले इलाकों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

    दिल्ली में तेज बारिश और 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा की संभावना

    राजधानी दिल्ली में बुधवार को तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

    दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।

    उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

    उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है।

    अलर्ट वाले प्रमुख जिलों में मथुरा, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन, अलीगढ़, कानपुर, अमरोहा, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और देवरिया शामिल हैं।

    इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    बिहार में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

    बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें पटना, गया, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, अररिया, किशनगंज और बेगूसराय शामिल हैं।

    यहां तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी मौसम बिगड़ने के संकेत

    झारखंड के रांची, दुमका, देवघर, हजारीबाग, पलामू, गढ़वा, लातेहार और खूंटी समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। यहां हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

    वहीं पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, मालदा, नादिया, दार्जिलिंग, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, कूचबिहार और पूर्व मेदिनीपुर में भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

    पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का खतरा

    उत्तराखंड में पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, हरिद्वार, चमोली और ऋषिकेश समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां तेज हवाएं 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

    हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, कुल्लू, ऊना, कांगड़ा, चंबा और किन्नौर में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

    जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़, कठुआ, उधमपुर, जम्मू, राजौरी, अनंतनाग, पुंछ और कुलगाम सहित कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया गया है।

    राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी

    राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, जैसलमेर, अलवर, जोधपुर और डूंगरपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। यहां हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।

    मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, सतना, रीवा, विदिशा, बालाघाट, सिवनी, देवास और छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

    प्रशासन ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

    मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माण वाले स्थानों के पास खड़े होने से बचें। मानसून के इस सक्रिय दौर में अगले कुछ घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।

  • Congress Begins MPSC Protest Against CBT: एमपीएससी की परीक्षा को सीबीटी और नॉर्मलाइजेशन के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

    Congress Begins MPSC Protest Against CBT: एमपीएससी की परीक्षा को सीबीटी और नॉर्मलाइजेशन के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

    मुंबई: महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं को CBT (Computer Based Test) पद्धति से कराने और नॉर्मलाइजेशन प्रणाली लागू करने के फैसले के विरोध में महाराष्ट्र कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस की ओर से बुधवार 8 जुलाई 2026 से CBD बेलापुर स्थित MPSC मुख्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन श्रृंखला उपवास और धरना आंदोलन शुरू किया जाएगा।

    कांग्रेस का कहना है कि MPSC का यह निर्णय राज्य के लाखों प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। पार्टी के अनुसार, इस फैसले से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और डिजिटल सुविधाओं से वंचित छात्रों को नुकसान होने की आशंका है।

    छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का मोर्चा

    महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि पार्टी शुरुआत से ही छात्रों की मांगों का समर्थन कर रही है। विधानसभा सत्र के दौरान महाविकास आघाड़ी के विधायकों ने भी इस मुद्दे को सदन में उठाया था।

    कांग्रेस ने बताया कि इस मामले में MPSC अध्यक्ष विवेक भीमनवार से दो बार फोन पर संपर्क कर कांग्रेस प्रतिनिधियों, छात्रों और विभिन्न छात्र संगठनों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

    10 दिन का दिया था अल्टीमेटम

    कांग्रेस के रोजगार एवं स्वयंरोजगार विभाग की ओर से 28 जून 2026 को चेतावनी दी गई थी कि यदि 10 दिनों के भीतर CBT पद्धति से परीक्षा कराने का फैसला वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी छात्रों के समर्थन में आंदोलन करेगी।

    कांग्रेस का आरोप है कि सरकार और MPSC प्रशासन ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद अब आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

    कांग्रेस नेताओं की होगी भागीदारी

    इस आंदोलन में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष आबा दळवी और प्रदेश महासचिव तथा रोजगार एवं स्वयंरोजगार विभाग के अध्यक्ष धनंजय रामकृष्ण शिंदे सहित पार्टी के पदाधिकारी शामिल होंगे।

    कांग्रेस ने मांग की है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए MPSC परीक्षा में CBT प्रणाली और नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू करने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए।

  • Thane Rain Alert:ठाणे में भारी बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट, NDRF की दो टीमें तैनात; नदियों के जलस्तर पर निगरानी तेज

    ठाणे: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए ठाणे जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा है। नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से बारिश, नदियों के जलस्तर, बांधों की स्थिति और संभावित आपात हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

    जिला प्रशासन के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की सुबह 8 बजे तक जिले में 237.63 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि 1 जून से अब तक कुल 705.65 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

    जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने बताया कि भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है। जिले में आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए NDRF की दो टीमें और 30 अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

    नदियों और बांधों के जलस्तर पर विशेष निगरानी(Thane Rain Alert)

    प्रशासन द्वारा जिले की प्रमुख नदियों और जलस्रोतों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेष रूप से—

    • उल्हास नदी के मुहाने,
    • जांभुलपाड़ा,
    • बदलापुर क्षेत्र,

    में जलस्तर की निगरानी की जा रही है।

    प्रशासन के अनुसार, बदलापुर और जांभुलपाड़ा में पानी चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंचा है, लेकिन संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। वहीं, कल्याण तालुका की कालू नदी और शाहपुर तालुका की भातसा नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के स्तर से नीचे बताया गया है।

    बांधों में पानी के भंडारण और छोड़े जा रहे पानी (डिस्चार्ज) की जानकारी भी लगातार जुटाई जा रही है और स्थिति के अनुसार एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

    कसारा घाट में रेलवे ट्रैक से मलबा हटाया गया

    भारी बारिश के कारण कसारा घाट क्षेत्र में रेलवे लाइन पर गिरे मलबे को रेलवे प्रशासन ने तत्काल हटाकर मुंबई की ओर जाने वाला रेल यातायात बहाल कर दिया है। हालांकि, कुछ लोकल ट्रेन सेवाएं करीब 20 से 25 मिनट की देरी से चल रही हैं।

    जिला प्रशासन के अनुसार सड़क यातायात फिलहाल सामान्य रूप से जारी है और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

    अंबरनाथ में बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    अंबरनाथ तालुका के नागांव इलाके में नदी में बहे एक बच्चे की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत दल युद्ध स्तर पर खोज अभियान चला रहे हैं।

    इसके अलावा, भारी बारिश के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में हुए हादसों में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। प्रशासन संबंधित घटनाओं का रिकॉर्ड तैयार कर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

    नागरिकों से प्रशासन की अपील

    जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे—

    • नदियों, नालों और पुलों के पास जाने से बचें।
    • जलभराव वाले और निचले इलाकों में अनावश्यक यात्रा न करें।
    • बिजली के खंभों और खतरनाक संरचनाओं से दूर रहें।
    • सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें।
    • प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

    जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहकर बारिश, जलस्तर, परिवहन व्यवस्था और आपात स्थितियों की निगरानी कर रहा है। पुलिस, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, महावितरण और अन्य सरकारी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।