By-election to the famous Bankipur assembly seat in Bihar: बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी का दांव, अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी को टिकट; प्रशांत किशोर और RJD की रेखा गुप्ता से होगा मुकाबला

बांकीपुर उपचुनाव को सबसे ज्यादा चर्चा जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी

Written by

in

, ,

पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस हॉट सीट के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने युवा नेता अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। बांकीपुर उपचुनाव में अब मुकाबला त्रिकोणीय होने के आसार हैं। वहीं प्रशांत किशोर के बांकीपुर उपचुनाव में उतरने से शत्रुघ्न सिन्हा काफी गदगद नजर आ रहे हैं। शॉटगन ने प्रशांत किशोर की तारीफ करते हुए उन्हें सबसे काबिल बताया और कहा कि पीके ने जबरदस्त हलचल मचा दी है।

बीजेपी ने युवा चेहरे पर लगाया भरोसा

बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई। पार्टी ने इस बार बाहरी चेहरे की बजाय स्थानीय संगठन से जुड़े युवा नेता पर भरोसा जताया है। अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी कायस्थ समाज से आते हैं और लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय हैं। वह वर्तमान में प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वह पटना महानगर भाजयुमो के अध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में उन्होंने मंडल मंत्री और महामंत्री जैसी जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। करीब 40 वर्ष से कम उम्र के अभिषेक को टिकट देकर बीजेपी ने युवा मतदाताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं को साधने की कोशिश की है। पार्टी ने उम्मीदवार चयन में सामाजिक समीकरणों को भी ध्यान में रखा है।

तीन दशक से बीजेपी का मजबूत किला है बांकीपुर

पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से बीजेपी का गढ़ मानी जाती रही है। इस सीट पर नवीन परिवार का दबदबा रहा है। नितिन नवीन लगातार पांच बार बांकीपुर से विधायक रहे। इससे पहले उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी लगातार चार बार इस सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। यानी करीब तीन दशक से अधिक समय तक यह सीट बीजेपी के प्रभाव में रही है। अब बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने इस मजबूत किले को बचाने की है।

प्रशांत किशोर की एंट्री से मुकाबला दिलचस्प

बांकीपुर उपचुनाव को सबसे ज्यादा चर्चा जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी ने दी है। राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर पहली बार किसी बड़े चुनावी मैदान में सीधे उतर रहे हैं। प्रशांत किशोर बीजेपी के इस पारंपरिक गढ़ में सेंध लगाने का दावा कर रहे हैं। जन सुराज पार्टी पिछले कई दिनों से क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रही है। उनकी उम्मीदवारी से बीजेपी के पारंपरिक वोट बैंक और शहरी मतदाताओं पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

RJD ने फिर रेखा गुप्ता पर जताया भरोसा

महागठबंधन की ओर से आरजेडी ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। वह पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन बीजेपी के नितिन नवीन से करीब 52 हजार वोटों के बड़े अंतर से हार गई थीं। पिछले चुनाव में जन सुराज की प्रत्याशी वंदना कुमारी को करीब 7,717 वोट मिले थे। हालांकि इस बार खुद प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने से समीकरण बदलने की संभावना है।

कई दलों की मौजूदगी से बढ़ी राजनीतिक गर्मी

बांकीपुर सीट पर मुकाबला और भी रोचक हो गया है। पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) ने सामाजिक कार्यकर्ता वीना मानवी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) भी प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। ऐसे में बांकीपुर में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

चुनाव कार्यक्रम

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है।

  • नामांकन की अंतिम तारीख: 13 जुलाई
  • नामांकन वापसी की अंतिम तारीख: 16 जुलाई
  • मतदान: 30 जुलाई
  • मतगणना और परिणाम: 3 अगस्त

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या बीजेपी अपने पुराने किले को बचा पाएगी या प्रशांत किशोर और विपक्षी दल मिलकर इस सीट पर नया राजनीतिक समीकरण बना पाएंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *