मुंबई। दि मुन्सिपल सहकारी बैंक संचालक चुनाव 2025-2030 की मतगणना के दौरान गंभीर गड़बड़ी का आरोप सामने आया है। सरकार पैनल के प्रमुख विष्णु घुमरे ने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी ने जानबूझकर उनके समर्थित उम्मीदवारों को हराने की साजिश की और वोटों में हेरफेर किया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और सहकारी व्यवस्था के साथ अन्याय है, इसलिए वोटों की दोबारा गिनती कराई जानी चाहिए।
घुमरे ने इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा पदाधिकारियों और उनके पैनल के साथ जानबूझकर भेदभाव किया गया है। इस गड़बड़ी की जांच कराई जानी चाहिए और निष्पक्ष तरीके से पुनः मतगणना होनी चाहिए।
इस बीच चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। सर्वसाधारण गट में सहकार पैनल से विवेक आठवले, किरण आव्हाड, अभिजीत बागुल, बोरीचा बिपीन, घारे सुरेश, जाधव विजय नाना, इंदल राठोड, महेश ठाकरे, बनसोडे नितीन और कसबे कुणाल विजयी हुए हैं। वहीं जय सहकार पैनल से विष्णु घुमरे, मुकेश घुमरे, दरेकर संतोष और दामोदरे रविंद्र को जीत मिली है।
राखीव गट में ओबीसी सीट पर सहकार पैनल के भानुदास भोईर, एनटी सीट पर जय सहकार पैनल के राजेंद्र कराडे और एससी सीट पर सहकार पैनल के गिरीष जाधव विजयी हुए। महिला गट में सहकार पैनल की लीना इंगळे और जय सहकार पैनल की कविता विशे को सफलता हासिल हुई।
चुनाव नतीजों के बीच विष्णु घुमरे के आरोपों ने पूरे चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है।
Category: Mumbai
-

बीएमसी सहकारी बैंक चुनाव 2025/2030 मतगणना में गड़बड़ी का आरोप, विष्णु घुमरे ने की दोबारा गिनती की मांग
-

वडाला पुलिस ने 10.30 लाख रुपये का 52 किलो गांजा जब्त किया, दो आरोपी गिरफ्तार
मुंबई। वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.30 लाख रुपये मूल्य का 52 किलो गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम अबूबकर मेहंदी हसन शान और शाहबाज शमीन खान हैं। दोनों एक सफेद वैगनआर कार (MH 01 EE 3013) में गांजा लेकर जा रहे थे।
पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी
जोन 4 के पुलिस उपायुक्त आर. रागसुधा के मार्गदर्शन में गश्त कर रही वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस टीम को संदिग्ध कार दिखाई दी। जब अपराध दस्ते ने कार रोकने की कोशिश की तो चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
कार से बरामद हुआ 52 किलो गांजा
तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(ए), 20(बी)(2)(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
अदालत ने भेजा पुलिस हिरासत में
जब्त किए गए माल का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 10.30 लाख रुपये आंका गया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 25 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। -

BEST Election 2025: बेस्ट की क्रेडिट सोसायटी के पदाधिकारी चुनाव में ठाकरे बंधुओं को लगा बड़ा झटका, 21-0 मैदान से साफ
मुंबई। मुंबई में हुए बहुप्रतीक्षित दी बेस्ट एम्प्लॉईज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी (BEST Election 2025) के नतीजे घोषित हो गए हैं। बैलेट पेपर पर हुए इस चुनाव में ठाकरे बंधुओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के एक साथ आने के बावजूद उनके उत्कर्ष पैनल को एक भी सीट नहीं मिली। इस परिणाम ने शिवसेना और मनसे दोनों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनाव में दोनों दल मिलकर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।शिवसेना-मनसे मैदान से साफ
18 अगस्त को इस चुनाव के लिए मतदान हुआ था। मंगलवार को नतीजे आने थे, लेकिन मुंबई में हुई जोरदार बारिश के कारण मतगणना में देरी हुई और देर रात परिणाम घोषित किया गया। चुनाव में कुल 21 सीटें थीं, जिसमें शशांक राव पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 सीटें जीत लीं। वहीं भाजपा, शिवसेना शिंदे गुट और नितेश राणे की संयुक्त महायुती के सहकार समृद्धि पैनल को 7 सीटें मिलीं। ठाकरे गुट और मनसे के उत्कर्ष पैनल को कोई सफलता नहीं मिली।पिछले 9 वर्षों से चली आ रही अपनी सत्ता हाथ से गई
इस नतीजे के साथ ठाकरे गुट की शिवसेना ने बेस्ट पतपेढी में पिछले 9 वर्षों से चली आ रही अपनी सत्ता भी गंवा दी। माना जा रहा है कि यह हार शिवसेना (उद्धव गुट) और मनसे दोनों के लिए आगामी चुनावों में एक बड़ा झटका साबित हो सकती है। -

“SCOE” NSS यूनिट की 2024-25 की ‘ईयर ऑफ इम्पैक्ट’: सेवा और बदलाव की अविस्मरणीय यात्रा
खारघर। सारस्वत कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (SCOE), खारघर की एनएसएस (NSS) इकाई ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में सामुदायिक भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।प्रिंसिपल डॉ. मंजुषा देशमुख, नवी मुंबई एरिया समन्वयक डॉ. सुनीता पाल और एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर संजय सिंह के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने 95 से अधिक विविध गतिविधियों में भाग लेकर नवी मुंबई और आसपास के हजारों लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला।वर्ष की शुरुआत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से हुई और इसके बाद बेलापुर, वाशी, कामोठे तथा कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। युवाओं को संवेदनशील विषयों पर जागरूक करने के लिए पॉक्सो अधिनियम सेमिनार, बाल मनोविज्ञान वेबिनार और अंगदान पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देते हुए सीवुड्स, खारघर, गिरगांव चौपाटी और कलावंती दुर्ग में मैंग्रोव व किले की सफाई अभियान चलाए गए। ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे वृक्षारोपण अभियान और हरित पहलुओं ने कॉलेज की पर्यावरण-सचेत सोच को और मजबूत किया।राष्ट्रीय पर्व भी पूरे उत्साह से मनाए गए। ‘हर घर तिरंगा’, गांधी जयंती पर भजन संध्या और गणतंत्र दिवस पर ‘आर्टशाला’ कार्यक्रम इसका उदाहरण रहे।
एनएसएस स्थापना दिवस पर कॉलेज परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।स्वयंसेवकों ने नेरुल और कामोठे के मतदान केंद्रों पर चुनाव ड्यूटी में भी भाग लिया और मतदाताओं को मार्गदर्शन, बुजुर्गों की मदद और भीड़ प्रबंधन जैसी सेवाएं दीं। त्योहारों के दौरान बाजारों में यातायात नियंत्रण और स्वच्छता अभियानों में भी योगदान दिया।समाजसेवा के साथ-साथ उत्सवों को समावेशी बनाने पर भी ध्यान रहा। जन्माष्टमी पर अनाथालय का दौरा, आदिवासी महिलाओं को सहयोग हेतु राखी बिक्री, और ‘दिवाली विद माय भारत’ अभियान (जिसमें वंचितों के लिए कपड़े और स्टेशनरी दान किए गए) इसके उदाहरण हैं।
स्वयंसेवकों को व्यावहारिक अनुभव दिलाने के लिए सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, अस्पताल दौरे और पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान में भी शामिल किया गया।वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण धामणी गांव में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस आवासीय शिविर रहा, जिसमें बांध निर्माण, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियां, वृक्षारोपण, कौशल निर्माण सत्र और सामुदायिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
यह शिविर ‘मैं नहीं, बल्कि तुम’ के आदर्श को साकार करता दिखा।संपूर्ण वर्ष की गतिविधियाँ “SCOE” एनएसएस इकाई की सेवा-भावना, नेतृत्व क्षमता और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।
-

संगठन शक्ति और आध्यात्मिक विकास का प्रतीक है दहीहंडी : शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
मुंबई। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपने चातुर्मास व्रत महोत्सव के दौरान कहा कि दहीहांडी कोई साधारण आयोजन नहीं, बल्कि संगठन शक्ति और आध्यात्मिक विकास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि दूध बिखर जाता है, पर दही और माखन एकत्र होकर शक्ति का प्रतीक बनते हैं। इसी संगठन शक्ति को बढ़ाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने दही-माखन की चोरी की लीला की।
शंकराचार्य जी ने कहा—
• “दहीहंडी का उत्सव हमारी प्रकृति बदल देता है। जहाँ सामान्य जीवन में लोग टांग खींचते हैं, वहीं यहाँ लोग दूसरों को ऊपर चढ़ने में मदद करते हैं।”
• “यह पर्व हमें श्रीकृष्ण के साथ गोप-ग्वाल बनने का अवसर देता है।”
मुंबई के बोरीवली स्थित कोराकेंद्र ग्राउंड पर उनके चातुर्मास्य महामहोत्सव के दौरान जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। शंकराचार्य जी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और स्वयं प्रसाद वितरित किया।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान की भक्ति का आधार प्रेम है। “यदि हम आत्म पदार्थ में प्रेम बढ़ाएँ, तो हमें समाधान के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। ब्रह्म हमारे भीतर ही है, बस उसे पहचानने की आवश्यकता है।” -

Vote Chore:‘वोट चोरी’ के खिलाफ मुंबई महिला कांग्रेस का मशाल जुलूस
मुंबई। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और मुंबई महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष रजनीताई शेट्टी के मार्गदर्शन तथा प्रज्योति चंद्रकांत हंडोरे के नेतृत्व में दक्षिण मध्य मुंबई महिला कांग्रेस ने चेंबूर विधानसभा प्रभाग क्र.150 में मशाल जलाकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
इस दौरान रजनीताई शेट्टी, उपाध्यक्ष पूर्वी पटेल, पूर्व नगरसेविका संगीता हंडोरे, सुप्रिया पाठक, आयशा खान, रूपारेल, कुंडताई, तालुका व वार्ड अध्यक्ष समेत अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। -

दादर और एलटीटी नये रेलवे पुलिस स्टेशनों का उद्घाटन रेलवे पुलिस महासंचालक प्रशांत बुरडे एवं पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर के हाथों
मुंबई।
रेलवे पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और कार्यभार कम करने के उद्देश्य से मुंबई रेलवे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में नए पुलिस स्टेशनों की स्थापना की जा रही है। इसी कड़ी में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और आसनगांव रेलवे पुलिस स्टेशनों का निर्माण पूरा कर इन्हें कार्यान्वित किया गया। साथ ही दादर और पनवेल रेलवे पुलिस स्टेशनों की नई सुसज्जित इमारतों का भी उद्घाटन रेलवे पुलिस महासंचालक प्रशांत बुरडे और रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर के हाथों संपन्न हुआ।रेलवे पुलिस पर बढ़ा बोझ
वर्तमान में मुंबई रेलवे पुलिस बल के अधीन 17 पुलिस स्टेशन कार्यरत हैं, लेकिन बढ़ती आबादी और यात्री संख्या की तुलना में उपलब्ध जनशक्ति अपर्याप्त है। नतीजतन पुलिसकर्मियों पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। इसी कारण रेलवे पुलिस ने 5 नए स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस और आसनगांव सबसे पहले कार्यान्वित किए गए हैं।
उद्घाटन समारोह
इस अवसर पर आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी परिमंडल) सुनीता ठाकरे, पुलिस उपायुक्त (मध्य परिमंडल) प्रज्ञा ज़ेडगे, एसीपी (अपराध शाखा) राजेंद्र रनमाले, एसीपी (सीएसएमटी डिवीजन) सुधाकर शिरसाठ, एसीपी (कल्याण डिवीजन) नंदराज पाटिल, एसीपी (हार्बर डिवीजन) नीलिमा कुलकर्णी, एसीपी (बांद्रा डिवीजन) किशोर शिंदे, एसीपी (वसई डिवीजन) मनीषा रावखंडे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संभाजी यादव और कुंजबिहारी सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नए थानों का कार्यक्षेत्र
- लोकमान्य तिलक टर्मिनस रेलवे पुलिस स्टेशन का अधिकार क्षेत्र: कुर्ला हार्बर प्लेटफॉर्म नं. 7-8, तिलकनगर, गोवंडी और मानखुर्द स्टेशन।
- आसनगांव रेलवे पुलिस स्टेशन का अधिकार क्षेत्र: टिटवाला, खडावली, वासिंद, आसनगांव, अटगांव, तानशेत, खरडी, उंबरमाली और कसारा स्टेशन।
नई नियुक्तियाँ
नवनिर्मित एलटीटी रेलवे पुलिस स्टेशन पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जबर ताबोली तथा आसनगांव रेलवे पुलिस स्टेशन पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन मोरे को नियुक्त किया गया है।
सहयोग से निर्माण
इन नए स्टेशनों का निर्माण मध्य रेलवे और केंद्रीय रेलवे सुरक्षा बल की मदद से किया गया है। इसके साथ ही दादर और पनवेल रेलवे पुलिस स्टेशनों की पुरानी इमारतों को तोड़कर नई आधुनिक इमारतें बनाकर संचालन शुरू कर दिया गया है।
-

मध्य रेलवे विजिलेंस ने गोदान एक्सप्रेस से 6 लाख रुपए का प्रतिबंधित तम्बाकू किया बरामद
यूपी के आज़मगढ़–गोंडा रूट पर मादक पदार्थों की तस्करी चरम पर
राष्ट्रीय स्वाभिमान। सुजीत मिश्र
मुंबई। मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने 13 अगस्त की शाम लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ट्रेन संख्या 11056 गोदान एक्सप्रेस से 500 किलोग्राम प्रतिबंधित तम्बाकू जब्त किया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपये आँकी गई है। बरामद माल को तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हवाले कर दिया गया।
गोंडा से लोड होकर मुंबई पहुँचा माल
जाँच में सामने आया है कि यह तम्बाकू गोंडा जंक्शन से ही लोड किया गया था और इसे मुंबई में उतारकर स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से सप्लाई करने की तैयारी थी। विजिलेंस टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि गोदान एक्सप्रेस में अवैध सामान की खेप भेजी जा रही है। टीम ने LTT पर ट्रेन पहुँचते ही बोगियों की सघन तलाशी ली और तम्बाकू के बड़े-बड़े 10 बोरे बरामद किए।
पहले भी पकड़ी जा चुकी हैं मादक पदार्थ की भारी खेपें
रेलवे सूत्र बताते हैं कि गोंडा–आज़मगढ़ दिशा से आने वाली कई ट्रेनों में प्रतिबंधित और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। 11 दिसंबर 2024 को विजिलेंस टीम ने ट्रेन संख्या 20104 आज़मगढ़–एलटीटी एक्सप्रेस से 1,200 किलो भाँग पकड़ी थी। इन घटनाओं के बाद इस रूट को रेलवे के उच्चाधिकारियों को हाई रिस्क में रखना चाहिए।
तस्करी के लिए पसंदीदा रूट क्यों?
विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वांचल क्षेत्र के कुछ हिस्सों में प्रतिबंधित तम्बाकू, भाँग और अन्य मादक पदार्थों का अवैध उत्पादन और कारोबार होता है। गोंडा और आज़मगढ़ से मुंबई तक सीधी ट्रेन सेवा होने के कारण तस्कर इन ट्रेनों का इस्तेमाल सप्लाई चैन के रूप में करते हैं। इस दौरान अन्य अवैध सामान और असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी बनी रहती है।
रेलवे प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों में अब निगरानी और कड़ी होगी। विजिलेंस, RPF और GRP का संयुक्त अभियान चलाकर बोगियों में आकस्मिक तलाशी की जाएगी। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे संदिग्ध सामान या गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें। -

गौ सेवा, रक्षा और संवर्धन को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए : भाजपा नेता जे.पी. सिंह
चातुर्मास में शंकराचार्य जी के संकल्प ‘गौमाता राष्ट्रमाता’ अभियान को मिला बल
प्रेम चौबे
मुंबई:मुंबई के बोरीवली स्थित कोरा केंद्र मैदान में चल रहे चातुर्मास महाव्रत एवं गौ प्रतिष्ठा यज्ञ में ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी प्रतिदिन अपने प्रवचनों के माध्यम से गौ सेवा, संरक्षण, संवर्धन और सनातन धर्म पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन दे रहे हैं। उनके सत्संग से पूरा पंडाल भक्ति और जागरूकता के वातावरण से गूंज रहा है।चातुर्मास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लोक भारती स्कूल ऑफ कॉलेज के अध्यक्ष जे.पी. सिंह ने स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। वे लोक भारती संस्थान के संस्थापक-संचालक भी हैं, जो शिक्षा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके अनुसार संस्थान में छात्रों पर किसी प्रकार की अनावश्यक बाध्यता नहीं थोपी जाती और शिक्षा संसाधनों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।इस अवसर पर शहडोल (म.प्र.) से आए पंडित राम अवतार शुक्ल, जिन्होंने श्रीमद्भागवत गीता के 700 श्लोक कंठस्थ कर किसी भी क्रम में सुनाने का अद्वितीय संकल्प पूरा किया, को स्वामी जी ने ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि और ‘शलाका सम्मान’ प्रदान किया। जे.पी. सिंह ने भी उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया।अपने संबोधन में जे.पी. सिंह ने कहा, “गौ माता हमारी जननी के समान हैं, अतः केंद्र सरकार को उन्हें ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करना चाहिए।” उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि गौ सेवा, रक्षा, संवर्धन और आध्यात्मिक महत्व से जुड़े विषयों को स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि बच्चे बचपन से ही इस विरासत को समझ सकें और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभा सकें।
-

घाटकोपर हादसा स्थल के पास फिर लगा होर्डिंग, आधिकारिक या अनधिकृत को लेकर नागरिकों में सवाल
राष्ट्रीय स्वाभिमान। शिवदिनेश शर्मा
मुंबई। 13 मई 2024 को घाटकोपर (पूर्व) में रेलवे पुलिस कॉलोनी के पास एक विशाल होर्डिंग गिरने से हुए भीषण हादसे में 17 लोगों की मौत और 75 नागरिक घायल हुए थे। हादसे की जांच के लिए समिति बनी, कई गिरफ्तारियां हुईं और मुख्य आरोपी भावेश भिंडे को हाल ही में जमानत भी मिल चुकी है।
अब, हादसा स्थल से पैदल दूरी पर फिर से एक बड़ा होर्डिंग लगाया गया है। इसकी वैधता और ऊंचाई को लेकर स्थानीय नागरिकों में भ्रम और नाराजगी है।
स्थानीयों की चिंता
एक रिक्शा चालक ने कहा—
“पिछले साल जो हादसा हुआ, वो हम भूल नहीं पाए। अगर इस नए होर्डिंग के साथ भी कुछ गड़बड़ हुई, तो कौन जिम्मेदार होगा?”
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह होर्डिंग संदिग्ध है और इसकी ऊंचाई भी नियमों के अनुरूप नहीं दिखती।
महानगर पालिका से प्रतिक्रिया नहीं
एन वार्ड के सहायक आयुक्त गजानन बेल्लाले से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।
पिछले हादसे का पृष्ठभूमि
जांच में सामने आया था कि तत्कालीन रेलवे पुलिस आयुक्त खालिद कैसर के माध्यम से पुलिस कल्याण कोष के नाम पर रेलवे पुलिस परिसर में अनधिकृत पेट्रोल पंप शुरू किया गया था। इसके बगल में उनकी पत्नी और एक साझेदार ने 4 अनधिकृत होर्डिंग लगा दिए थे।
13 मई 2024 को इनमें से एक विशाल होर्डिंग गिर गया और बड़ी जनहानि हुई।मुंबई क्राइम ब्रांच की चार्जशीट में होर्डिंग के आकार में नियमों से छेड़छाड़ का भी जिक्र है।
हादसे के बाद की कार्रवाई
- हादसे के बाद मुंबई महानगर पालिका ने एक साल के भीतर लगभग 1,450 होर्डिंग्स का निरीक्षण किया।
- इनमें से 238 अनधिकृत पाए गए।
- 175 को तुरंत हटाया गया।
फिर भी, अब घाटकोपर हादसा स्थल के पास नया होर्डिंग लगाने से जांच की मांग फिर से उठ रही है।