Category: Maharashtra Police

  • मुंबई शॉक: कुशीनगर एक्सप्रेस में 3 साल के मासूम का शव मिला, हत्या का राज खुला;आरोपी भाई गिरफ्तार

    मुंबई शॉक: कुशीनगर एक्सप्रेस में 3 साल के मासूम का शव मिला, हत्या का राज खुला;आरोपी भाई गिरफ्तार

    राष्ट्रीय स्वाभिमान। शिवदिनेश शर्मा

    मुंबई: दिल दहला देने वाली घटना! कुशीनगर एक्सप्रेस के बी2 एसी कोच के शौचालय में सिर्फ 3 साल का मासूम बच्चा मृत पाया गया। शव की पहचान सूरत के अमरोली के रहने वाले बच्चे के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, यह मासूम रात को लापता हुआ था। उसके माता-पिता ने 22 अगस्त को अमरोली पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन मुंबई में इस खौफनाक खोज ने सबको हिला कर रख दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्चे की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या की गई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने वाला मासूम का ही मौसी का लड़का भाई, विकाश शाह, था। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।

    मुंबई रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना से रेलवे यात्री भी स्तब्ध हैं और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के लाखों सुरक्षा दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
    इस दर्दनाक घटना ने न केवल मासूम के परिवार को तहस-नहस कर दिया है, बल्कि पूरे शहर में रेलवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • वडाला पुलिस ने 10.30 लाख रुपये का 52 किलो गांजा जब्त किया, दो आरोपी गिरफ्तार

    वडाला पुलिस ने 10.30 लाख रुपये का 52 किलो गांजा जब्त किया, दो आरोपी गिरफ्तार

    मुंबई। वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.30 लाख रुपये मूल्य का 52 किलो गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
    पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम अबूबकर मेहंदी हसन शान और शाहबाज शमीन खान हैं। दोनों एक सफेद वैगनआर कार (MH 01 EE 3013) में गांजा लेकर जा रहे थे।


    पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी
    जोन 4 के पुलिस उपायुक्त आर. रागसुधा के मार्गदर्शन में गश्त कर रही वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस टीम को संदिग्ध कार दिखाई दी। जब अपराध दस्ते ने कार रोकने की कोशिश की तो चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।


    कार से बरामद हुआ 52 किलो गांजा
    तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(ए), 20(बी)(2)(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।


    अदालत ने भेजा पुलिस हिरासत में
    जब्त किए गए माल का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 10.30 लाख रुपये आंका गया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 25 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

  • दादर और एलटीटी नये रेलवे पुलिस स्टेशनों का उद्घाटन रेलवे पुलिस महासंचालक प्रशांत बुरडे एवं पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर के हाथों

    दादर और एलटीटी नये रेलवे पुलिस स्टेशनों का उद्घाटन रेलवे पुलिस महासंचालक प्रशांत बुरडे एवं पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर के हाथों

    मुंबई।
    रेलवे पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और कार्यभार कम करने के उद्देश्य से मुंबई रेलवे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में नए पुलिस स्टेशनों की स्थापना की जा रही है। इसी कड़ी में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और आसनगांव रेलवे पुलिस स्टेशनों का निर्माण पूरा कर इन्हें कार्यान्वित किया गया। साथ ही दादर और पनवेल रेलवे पुलिस स्टेशनों की नई सुसज्जित इमारतों का भी उद्घाटन रेलवे पुलिस महासंचालक प्रशांत बुरडे और रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर के हाथों संपन्न हुआ।

    रेलवे पुलिस पर बढ़ा बोझ

    वर्तमान में मुंबई रेलवे पुलिस बल के अधीन 17 पुलिस स्टेशन कार्यरत हैं, लेकिन बढ़ती आबादी और यात्री संख्या की तुलना में उपलब्ध जनशक्ति अपर्याप्त है। नतीजतन पुलिसकर्मियों पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। इसी कारण रेलवे पुलिस ने 5 नए स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस और आसनगांव सबसे पहले कार्यान्वित किए गए हैं।

    उद्घाटन समारोह

    इस अवसर पर आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी परिमंडल) सुनीता ठाकरे, पुलिस उपायुक्त (मध्य परिमंडल) प्रज्ञा ज़ेडगे, एसीपी (अपराध शाखा) राजेंद्र रनमाले, एसीपी (सीएसएमटी डिवीजन) सुधाकर शिरसाठ, एसीपी (कल्याण डिवीजन) नंदराज पाटिल, एसीपी (हार्बर डिवीजन) नीलिमा कुलकर्णी, एसीपी (बांद्रा डिवीजन) किशोर शिंदे, एसीपी (वसई डिवीजन) मनीषा रावखंडे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संभाजी यादव और कुंजबिहारी सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    नए थानों का कार्यक्षेत्र

    • लोकमान्य तिलक टर्मिनस रेलवे पुलिस स्टेशन का अधिकार क्षेत्र: कुर्ला हार्बर प्लेटफॉर्म नं. 7-8, तिलकनगर, गोवंडी और मानखुर्द स्टेशन।
    • आसनगांव रेलवे पुलिस स्टेशन का अधिकार क्षेत्र: टिटवाला, खडावली, वासिंद, आसनगांव, अटगांव, तानशेत, खरडी, उंबरमाली और कसारा स्टेशन।

    नई नियुक्तियाँ

    नवनिर्मित एलटीटी रेलवे पुलिस स्टेशन पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जबर ताबोली तथा आसनगांव रेलवे पुलिस स्टेशन पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन मोरे को नियुक्त किया गया है।

    सहयोग से निर्माण

    इन नए स्टेशनों का निर्माण मध्य रेलवे और केंद्रीय रेलवे सुरक्षा बल की मदद से किया गया है। इसके साथ ही दादर और पनवेल रेलवे पुलिस स्टेशनों की पुरानी इमारतों को तोड़कर नई आधुनिक इमारतें बनाकर संचालन शुरू कर दिया गया है।

  • मुंबई क्राइम ब्रांच ने कुर्ला से 25 लाख की ई-सिगरेट और हुक्का फ्लेवर जब्त किए

    मुंबई क्राइम ब्रांच ने कुर्ला से 25 लाख की ई-सिगरेट और हुक्का फ्लेवर जब्त किए

    शिवदिनेश शर्मा

    मुंबई : 25 लाख की इलेक्ट्रिक सिगरेट और हुक्का फ्लेवर जब्त – मुंबई – पुलिस की अपराध शाखा, सेल-6 ने कुर्ला में दो मिठाई की दुकानों पर छापा मारकर लाखों रुपये मूल्य की प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का स्टॉक जब्त किया है। पुलिस ने इस संबंध में विनोबा भावे नगर पुलिस में मामला दर्ज किया है। अपराध शाखा, सेल-6 के प्रभारी पुलिस निरीक्षक भरत घोणे को एक गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने कुर्ला (पश्चिम) के मकड़वाला कंपाउंड में सिद्धपुरा मस्जिद के पास, आशाबाई चाल में प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बेचने के इरादे से अवैध रूप से स्टॉक किया है। इसलिए, इस स्थान पर छापा मारा गया और कार्रवाई की गई। उबेद मोहम्मद सलीम शेख को हिरासत में लिया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल 1,884 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और विभिन्न कंपनियों के फ्लेवर और तंबाकू युक्त हुक्का फ्लेवर और 25 लाख 50 हजार 195 रुपये की नकदी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 की धारा 7, 8 और सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन का निषेध और व्यापार, वाणिज्य, उत्पादन, आपूर्ति और वितरण का विनियमन) अधिनियम, 2003 की धारा 4, 21 के तहत विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। अब, इस अपराध की आगे की जांच सेल – 6 द्वारा की जा रही है।

  • 36 वर्षों की निडर सेवा के बाद ठाणे पुलिस उपनिरीक्षक अजीत पालकर सेवानिवृत्त

    36 वर्षों की निडर सेवा के बाद ठाणे पुलिस उपनिरीक्षक अजीत पालकर सेवानिवृत्त

    ठाणे। “कर्तव्य चाहे कठिन हो या संकट गहरा, हमें झुकना नहीं चाहिए”— इसी आदर्श वाक्य पर चलते हुए ठाणे शहर पुलिस उपनिरीक्षक अजीत कृष्ण पालकर ने 36 वर्षों तक निडर, निष्ठावान और निष्पक्ष सेवा दी। 31 जुलाई 2025 को उन्होंने पुलिस बल से सेवानिवृत्ति ली।1990 में पुलिस सेवा में शामिल हुए पालकर सर ने नौपाड़ा, कोपरी, एम. फुले चौक, कल्याण, कलवा, राबोडी और भ्रष्टाचार निरोधक थाने जैसे अहम पदों पर कार्य किया। नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में रहते हुए उन्होंने कलवा खरेगांव की बैंक डकैती मामले में 66 लाख रुपये बरामद कर अपराधियों की कमर तोड़ दी।अपने कार्यकाल में उन्होंने कई संगठित गिरोहों, आर्थिक अपराधों और सामाजिक अपराधों पर कड़ा प्रहार किया। कठोर अनुशासन, स्वच्छ छवि और स्पष्ट नीतियों के कारण वे जनता और सहकर्मियों दोनों के बीच आदर्श अधिकारी के रूप में पहचाने गए।सेवानिवृत्ति के अवसर पर उन्होंने कहा— “सेवा ही मेरा मार्ग था और जनता का विश्वास ही मेरा पुरस्कार है।” उनकी विदाई के साथ ही ठाणे पुलिस ने एक अनुशासित, निडर और प्रेरक अधिकारी को अलविदा कहा, लेकिन उनके काम की छाप हमेशा बनी रहेगी।

  • पुणे में कांग्रेस का ‘रोजगार सत्याग्रह’ सफल, 27 जिलों के बेरोजगार अभियंताओं ने लिया हिस्सा

    पुणे में कांग्रेस का ‘रोजगार सत्याग्रह’ सफल, 27 जिलों के बेरोजगार अभियंताओं ने लिया हिस्सा

    कांग्रेस के नेतृत्व में पुणे में आयोजित ‘रोजगार सत्याग्रह’ में 27 जिलों से 350 से अधिक बेरोजगार अभियंताओं ने हिस्सा लिया। WRD और WCD विभागों में 4600 से अधिक पदों पर भर्ती की मांग। कांग्रेस ने राज्य सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया।

    पुणे: महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पुणे जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने आज “रोजगार सत्याग्रह” शांतिपूर्ण, संगठित और प्रभावी रूप से संपन्न हुआ। यह आंदोलन जलसंपदा विभाग (WRD) और जलसंवर्धन विभाग (WCD) में 2019 से लंबित पड़ी 4,600 से अधिक अभियंता पदों की नियुक्ति प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। इस सत्याग्रह में राज्य के 27 जिलों से 350 से अधिक बेरोजगार अभियंताओं ने भाग लिया।

    आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं रोजगार विभाग के राज्य संयोजक धनंजय रामकृष्ण शिंदे ने किया। युवा अभियंताओं की संस्था “इंजीनियर्स असोसिएशन” ने राज्यव्यापी समर्थन प्रदान किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रदर्शनकारियों से संवाद किया और उन्हें पुणे दौरे में प्रत्यक्ष मुलाकात का आश्वासन देते हुए कहा, “रोजगार का मुद्दा राजनीति से ऊपर है, और युवाओं के न्यायसंगत अधिकारों के लिए कांग्रेस अंतिम सांस तक संघर्ष करेगी।”

    ज्येष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल तिवारी भी सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और युवाओं से संवाद किया। आंदोलन के अंत में कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। यदि इस अवधि में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो संभाजीनगर स्थित WALMI मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। इस बीच, संबंधित विभागीय मंत्री ने अगले सप्ताह वार्ता का आश्वासन दिया है।

  • ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बांद्रा टर्मिनस पर 19,060 रुपये की अवैध शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

    ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बांद्रा टर्मिनस पर 19,060 रुपये की अवैध शराब जब्त, तीन गिरफ्तार

    राष्ट्रीय स्वाभिमान। सुजीत मिश्रा

    मुंबई से बड़ी कार्रवाई: ट्रेन से अवैध शराब ले जा रहे तीन लोग गिरफ्तार

    मुंबई। बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर चलाए गए ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹19,060 कीमत की अवैध शराब जब्त की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

    यह कार्रवाई ट्रेन संख्या 22949 दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में की गई, जो प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 पर खड़ी थी।


    👮‍♂️ कार्रवाई का विवरण:

    • समय: दोपहर 2:35 बजे
    • टीम: हेड कांस्टेबल अनिल, कांस्टेबल विनीत और रामकरण (RPF अपराध शाखा, मुंबई सेंट्रल)
    • संदेहास्पद बैगों के साथ तीन यात्रियों को पकड़ा गया
    • पूछताछ: उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह द्वारा महिला स्टाफ की मौजूदगी में

    🧾 गिरफ्तार आरोपी:

    1. हितेश हिम्मतभाई (35 वर्ष) – अहमदाबाद
    2. राखी राठौड़ गिरीश परमार (35 वर्ष) – अहमदाबाद
    3. पूजा बेन सुरेशभाई (30 वर्ष) – अहमदाबाद

    इनके बैग से कुल 133 यूनिट अवैध शराब बरामद:

    • 128 टिन – Kingfisher Strong Premium Beer (500ml)
    • 5 बोतलें – DSP Black Whisky (180ml)

    📑 कानूनी कार्रवाई:

    • जब्त शराब का पंचनामा तैयार कर GRP बांद्रा को सौंपा गया
    • मामला दर्ज:
      • ACR No.: 318
      • धारा:
        • 65(a), 65(e) – महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम 1949
        • 3(5) – BNS 2023

  • ACB की कार्रवाई में अन्न आपूर्ति विभाग का मुख्य निरीक्षक विनायक निकम ₹1.75 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

    ACB की कार्रवाई में अन्न आपूर्ति विभाग का मुख्य निरीक्षक विनायक निकम ₹1.75 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

    राष्ट्रीय स्वाभिमान। शिवदिनेश शर्मा
    मुंबई। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अन्न व नागरी पुरवठा विभाग के मुख्य निरीक्षक विनायक वसंत निकम को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निकम पर कांदिवली और ठाणे की गैस एजेंसियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को रोकने के एवज में ₹2.5 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की कांदिवली और ठाणे में गैस एजेंसियाँ हैं। आरोपी अधिकारी ने अक्तूबर 2024 में कांदिवली और अगस्त 2024 में ठाणे की एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद आरोपी ने आगे कोई कार्रवाई न करने और व्यवसाय में बाधा न डालने के बदले ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

    शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और 29 जुलाई को विनायक निकम को ₹1.75 लाख की पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।

    सूत्रों के अनुसार, आरोपी के बैग से अतिरिक्त ₹10 लाख नकद मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

    यह कार्रवाई एसीबी के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संदीप दीवान, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अनिल घेरडीकर और राजेंद्र सांगले के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक सुनीता दिघे व ACB मुंबई टीम द्वारा की गई।

  • Central Railway: कुर्ला रेलवे स्टेशन पर दो शातिर सराईलुचकों को महिला सुरक्षा दस्ते ने पकड़ा

    Central Railway: कुर्ला रेलवे स्टेशन पर दो शातिर सराईलुचकों को महिला सुरक्षा दस्ते ने पकड़ा

    मुंबई। रेलवे पुलिस (सेंट्रल डिवीजन) की महिला सुरक्षा टीम ने कुर्ला रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान दो शातिर सराईलुचकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्षद कय्यूम अंसारी (निवासी अंधेरी) और वसीम शरीफ अंसारी के रूप में हुई है। महिला पुलिसकर्मियों—कलंबे, सरवदे, सुर्वे और साने—ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर संदिग्ध अवस्था में घूमते देख दोनों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए कुर्ला रेलवे पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

    पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अंधेरी और श्रीनगर पुलिस थानों में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। कुर्ला रेलवे पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संभाजी यादव के मार्गदर्शन में की गई।

  • भिवंडी-वाडा रोड पर गड्ढे ने ली युवक की जान, शव के साथ ग्रामीणों ने किया रास्ता रोको आंदोलन

    भिवंडी-वाडा रोड पर गड्ढे ने ली युवक की जान, शव के साथ ग्रामीणों ने किया रास्ता रोको आंदोलन

    भिवंडी: वाडा रोड पर गड्ढों की मार से इस मानसून में पहली जान चली गई। मडक्याचा पाड़ा निवासी 18 वर्षीय यश राजेश मोरे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद मृत युवक का शव जैसे ही गांव लाया गया, गुस्साए ग्रामीणों ने एम्बुलेंस को बीच सड़क पर रोक दिया और ठेकेदारों व अधिकारियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए रास्ता रोको आंदोलन शुरू कर दिया।

    जानकारी के अनुसार, यश मोरे और उसका मित्र यश बालाजी घुटे सुबह व्यायाम के लिए कवाड जा रहे थे। रास्ते में गड्ढे में बाइक फिसलने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ठाणे के निजी अस्पताल में दस दिन इलाज के बाद यश मोरे की बुधवार को मौत हो गई।

    शव गांव लाते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए सड़क जाम कर दी। शाम के व्यस्त समय में करीब दो घंटे तक भिवंडी-वाडा मार्ग पर यातायात ठप रहा।

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक राहुल झालटे, वरिष्ठ निरीक्षक हर्षवर्धन बारवे, और स्थानीय अपराध शाखा के सुरेश मनोरे मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से संवाद किया। आश्वासन मिलने के बाद कि संबंधित ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी अधिकारी के खिलाफ अपराध दर्ज किया जाएगा, आंदोलन समाप्त हुआ।

    वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बारवे ने बताया कि मृतक के पिता का पूरक बयान दर्ज कर मामले में लापरवाह अधिकारियों और ठेकेदारों को शामिल किया गया है। रास्ता रोको के चलते भिवंडी-वाडा मार्ग पर दोनों ओर पांच किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य किया।

    यह घटना एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही और जर्जर सड़कों की कीमत आम नागरिकों को जान देकर चुकाने की त्रासदी को उजागर करती है।