जापान और दक्षिण कोरिया की सफल यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

Written by

in

,

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आठ दिन की जापान और दक्षिण कोरिया की विदेश यात्रा पूरी कर आज रायपुर लौटे। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक कर्मा और पंथी नृत्यों की थिरकन से पूरा एयरपोर्ट परिसर गूंज उठा। पुष्प वर्षा, गजमालाओं और गर्मजोशी से लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। एयरपोर्ट के निकास द्वार से मीडिया गैलेरी तक पहुंचने में उन्हें करीब 15 मिनट लगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा बेहद सफल रही है।

विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास के नए रास्ते

उन्होंने बताया कि इस दौरे से छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे। जापान द्वारा भारत में 6 लाख करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की गई है, जिसका बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा। एआई, सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश की सहमति बनी है, जिससे युवाओं के लिए व्यापक रोजगार अवसर सृजित होंगे।


साय ने बताया कि जापान के ओसाका वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ का पवेलियन आकर्षण का केंद्र रहा, जहां प्रतिदिन तीस हजार से अधिक लोग पहुंचे। खास बात यह रही कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं की जानकारी जापानी भाषा में दी गई, जिससे निवेशकों तक राज्य की विशेषताओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सफलता मिली।
उन्होंने कहा कि पहली बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधि मंडल दक्षिण कोरिया पहुंचा और वहां स्थानीय भाषा में प्रस्तुतिकरण किया गया। कोरिया में आईसीसीके के साथ एमओयू हुआ, जिसके तहत छत्तीसगढ़ के लिए स्किल मैनपावर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा साबित करती है कि छत्तीसगढ़ केवल देश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरी दुनिया में अपने उत्पादों की पहचान बनाएगा और निवेश आकर्षित करेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *