मुंबई/पुणे। महाराष्ट्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के चलते राज्य में 50 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को नुकसान हुआ है, 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों पशुओं की जान गई है। इस गंभीर स्थिति के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रमेश चेन्नीथला ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब महाराष्ट्र संकट में है, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्यों नहीं आए? क्या वे अपने आगामी दौरे में नुकसानग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करेंगे?”
पुणे में पश्चिम महाराष्ट्र के जिलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें रमेश चेन्नीथला, प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ, सांसद प्रणिती शिंदे, सतेज पाटील, अभय छाजेड़, मोहन जोशी, गोपाल तिवारी, शिवराज मोरे सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। बैठक में स्थानीय स्वराज्य संस्था चुनाव, प्राकृतिक आपदा और किसानों की मदद पर चर्चा हुई।
चेन्नीथला ने कहा कि कांग्रेस ने प्रति हेक्टेयर ₹50,000 की सहायता की मांग की है, लेकिन राज्य सरकार ने अब तक एक रुपया भी नहीं दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मिले, लेकिन किसानों के लिए कोई विशेष पैकेज लिए बिना खाली हाथ लौट आए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को किसानों की मदद से ज्यादा गढ़चिरौली की खदानों में रुचि है।
धाराशिव जिले के प्रशासन के असंवेदनशील रवैये पर भी उन्होंने नाराजगी जताई, जहां जिलाधिकारी और तहसीलदार बॉलीवुड गानों पर नाचते नजर आए। चुनाव आयोग द्वारा VV Pat का उपयोग न करने के निर्णय पर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई और भाजपा समर्थक रुख अपनाने का आरोप लगाया। हर्षवर्धन सपकाळ ने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्वराज्य संस्था चुनावों में गठबंधन का निर्णय स्थानीय स्तर पर लेने का अधिकार दिया गया है और मित्र दलों को इसकी जानकारी दी गई है।
Congress Slams Government Over Lack of Aid to Farmers Amid Maharashtra’s Natural Disaster and Centre’s Apathy: केंद्र और राज्य सरकार की मदद के अभाव से महाराष्ट्र में किसान परेशान : रमेश चेन्नीथला

Leave a Reply