Colaba Police File Case Against Artist T. Venkanna and Curator Abhay Maskara for Alleged Obscene Artworks: कोलाबा स्थित गैलरी मास्कारा में हिंदू देवी-देवताओं की कथित आपत्तिजनक और अश्लील चित्रकारी को लेकर विवाद खड़ा

मुंबई। कोलाबा स्थित गैलरी मास्कारा में हिंदू देवी-देवताओं की कथित आपत्तिजनक और अश्लील चित्रकारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वकील विशाल लालचंद नाखवा की शिकायत पर कोलाबा पुलिस ने कलाकार टी. वेन्कन्ना और क्यूरेटर अभय मास्कारा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता नाखवा ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से गैलरी में प्रदर्शित विवादास्पद चित्रों की जानकारी मिली। गैलरी पहुंचने पर उन्होंने एक फ्रेम में देवी महाकाली और भगवान शिव को अर्धनग्न अवस्था में चित्रित देखा, जिस पर “Union for Peace” लिखा था। इसके अलावा, गैलरी में कई नग्न पुरुषों और महिलाओं की यौन विषयक चित्रकारी भी प्रदर्शित थी।

नाखवा ने आरोप लगाया कि गैलरी में नाबालिगों के प्रवेश को रोकने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड नहीं था। जब उन्होंने स्टाफ से इस विषय में सवाल किया, तो उन्हें बताया गया कि यह कलाकार की दृष्टिकोण को दर्शाता है और कला के उद्देश्य से प्रदर्शित किया गया है। विरोध जताने पर गैलरी स्टाफ ने नाखवा को बाहर जाने को कहा और खुद लंच ब्रेक के लिए कमरे में बंद हो गए।

पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। सोशल मीडिया पर गैलरी की तस्वीरें वायरल होने के बाद गैलरी के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोलाबा से हिंदू जागरण के कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय सेविका समिती की कार्यकर्ता मिताली भरत पटेल के साथ मनूर राठौड, पंकज व अन्य कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *