MPL 2026: पिछले सीजन में उपविजेता रही Chambal Gharials ने आगामी Madhya Pradesh League T20 Scindia Cup 2026 के लिए अपनी पुरुष और महिला टीमों की घोषणा कर दी है। पुरुष टीम की कमान भारतीय तेज गेंदबाज Avesh Khan को सौंपी गई है, जबकि महिला टीम का नेतृत्व अनुभवी ऑलराउंडर Pooja Vastrakar करेंगी।
टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि पिछले सीजन के अनुभव का फायदा इस बार खिताब की दौड़ में मिलेगा। पुरुष टीम में आवेश खान के अलावा शुभम शर्मा और पिछले सीजन के फाइनल में शानदार अर्धशतक लगाने वाले त्रिपुरेश सिंह जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं महिला टीम में पूजा वस्त्रकर के साथ कई युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन देखने को मिलेगा।
चंबल घड़ियाल्स के प्रतिनिधि दिव्यराज सिंह किरार ने कहा कि टीम पिछले वर्ष खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंची थी और उसी अनुभव के आधार पर इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी ने ऐसे खिलाड़ियों का चयन किया है जो दबाव की परिस्थितियों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
संबंधित ख़बरें: England vs India Women: इंग्लैंड वीमेन ने भारत को 26 रन से हराया, टी20 सीरीज 1-1 से बराबर!
MPL 2026 का नया सत्र 3 जून से शुरू होगा। पुरुष वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में ग्वालियर चीताज और उज्जैन फाल्कन्स आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार का MPL अब तक का सबसे बड़ा संस्करण माना जा रहा है।
पुरुष वर्ग में 10 टीमें और महिला वर्ग में 5 फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। पुरुष वर्ग में मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स नई टीमों के रूप में शामिल हुई हैं, जबकि महिला वर्ग में ग्वालियर शेरनीज और रॉयल निमाड़ ईगल्स की एंट्री हुई है। चंबल घड़ियाल्स को उम्मीद है कि अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का यह मिश्रण टीम को MPL 2026 में खिताब का मजबूत दावेदार बनाएगा।

