Kerala Monsoon 2026: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 24 घंटों के भीतर केरल में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून के आगमन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं और इसके साथ ही दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि केरल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तेज हवाओं, गरज-चमक और व्यापक वर्षा की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। इसके प्रभाव से केरल के अलावा लक्षद्वीप, तमिलनाडु, अरब सागर के कुछ हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के क्षेत्रों में भी वर्षा गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
संबंधित खबरें: Hauz Rani Fire Tragedy: कांग्रेस ने दिल्ली सरकार पर साधा निशाना, निष्पक्ष जांच की मांग
गौरतलब है कि सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, लेकिन इस वर्ष इसकी आधिकारिक दस्तक में हल्की देरी देखी गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में मानसून केरल पहुंचकर देश में चार महीने लंबे वर्षा ऋतु की औपचारिक शुरुआत कर सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून का आगमन कृषि, जल संसाधनों और देश की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। किसानों और संबंधित विभागों की नजर अब मानसून की प्रगति पर टिकी हुई है।

