NEET UG Re-Exam Preparations: आशीष सूद ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा!

Ashish Sood

Written by

in

NEET UG Re-Exam Preparations: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को नीट यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंडारा रोड स्थित सीएम स्कूल परीक्षा केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा संबंधित एसडीएम के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के बाद आशीष सूद ने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से दिल्ली में 21 जून को होने वाली नीट यूजी पुनर्परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए प्रत्येक केंद्र पर करीब 2,500 वर्ग फुट क्षेत्र में वातानुकूलित कूलिंग जोन बनाए गए हैं।

इन कूलिंग जोन में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शिकंजी, ओआरएस तथा प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने वाले विद्यार्थी भी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रही हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में नीट यूजी पुनर्परीक्षा के लिए कुल 97 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 69 सरकारी विद्यालय और 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस को भी तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहली बार नीट परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए इतनी व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी के मौसम में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *