NEET-UG 2026: पहली ही कोशिश में 596 अंक और AIR 11,470 हासिल कर भिवंडी के शेख वामिक ने बढ़ाया शहर का मान

पहली ही कोशिश में NEET-UG 2026 में 596 अंक और AIR 11,470 हासिल करने वाले भिवंडी के छात्र शेख वामिक का विद्यालय में सम्मान किया गया

Written by

in

,

स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में हुआ सम्मान, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने दी शुभकामनाएं

भिवंडी | संवाददाता

राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 के परिणामों में भिवंडी के मेधावी छात्र शेख वामिक अब्दुल वदूद ने पहली ही कोशिश में शानदार सफलता हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के छात्र शेख वामिक ने 596 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 11,470 हासिल की है।

उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर निशांत एज्युकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मुख्याध्यापक एल. यू. पाल, निशांत सर, शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शेख वामिक और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नीट जैसी देश की सबसे कठिन और प्रतिस्पर्धी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में पहली ही बार सफलता प्राप्त कर शेख वामिक ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिचय दिया है। उनकी सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे भिवंडी शहर में खुशी का माहौल है।

शेख वामिक के पिता अब्दुल वदूद मोहम्मद दीन शेख भिवंडी के अमजदिया हाई स्कूल में शिक्षक हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार में हर्ष का वातावरण है। शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी शेख वामिक की सफलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह में कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे और सभी ने शेख वामिक की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *