Thieves Steal Copper Wire Worth ₹70.20 Lakh from Bhiwandi Warehouse: भिवंडी में गोदाम का ताला तोड़कर 70.20 लाख रुपये की कॉपर वायर चोरी

भिवंडी में गोदाम से 70.20 लाख रुपये की कॉपर वायर चोरी

Written by

in

,

दापोड़ा स्थित गोदाम से आर.आर. केबल के 130 कार्टन ले उड़े चोर, नारपोली पुलिस ने दर्ज किया मामला

भिवंडी | संवाददाता

भिवंडी के दापोड़ा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक व्यावसायिक गोदाम का ताला तोड़कर करीब 70 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की कॉपर वायर चोरी कर ली। चोर गोदाम में रखे आर.आर. केबल के 130 कार्टन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद नारपोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार दापोड़ा स्थित हरिहर कॉम्प्लेक्स के डी-3 भवन में गाला नंबर 1 और 2 में यह चोरी हुई। 18 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे से 20 जुलाई की सुबह 9:45 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने गोदाम के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे आर.आर. केबल के 130 कार्टन चोरी कर लिए।

शिकायत के अनुसार एक कार्टन की कीमत लगभग 54 हजार रुपये है। चोरी हुए सभी कार्टनों में कॉपर वायर थी, जिसकी कुल कीमत 70 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

गोदाम संचालक कशीश प्रफुल संघवी (27) की शिकायत पर नारपोली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(3) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक महेंद्र पाटील कर रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *