IRCTC News-RailNeer:रेलनीर की पानी की बोतल अब और सस्ती, 22 सितंबर से लागू होंगे नए रेट

रेलनीर की पानी की बोतल सस्ती हुई, 22 सितंबर से लागू होंगे नए रेट

Written by

in

,

मुंबई। रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। भारतीय रेलवे द्वारा संचालित ‘रेलनीर’ ब्रांड की पानी की बोतल अब सस्ती हो गई है। रेलवे बोर्ड ने 20 सितंबर को जारी परिपत्र में इसकी घोषणा की है, जिसके अनुसार 22 सितंबर से देशभर के सभी रेलवे स्टेशनों और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में ‘रेलनीर’ की नई दरें लागू होंगी।
अब एक लीटर की रेलनीर पानी की बोतल ₹15 की बजाय ₹14 में और 500 मिली की बोतल ₹10 की बजाय ₹9 में मिलेगी। यह बदलाव यात्रियों को स्वच्छ और सस्ता पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
रेलनीर का उत्पादन इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) द्वारा किया जाता है। यह ब्रांड मुख्य रूप से मुंबई के CSMT से कसारा/कर्जत, चर्चगेट से विरार, हार्बर लाइन, वापी और वलसाड जैसे स्टेशनों पर उपलब्ध है। हालांकि, उत्पादन में कमी आने पर रेलवे द्वारा चयनित अन्य ब्रांड की पानी की बोतलें भी बेची जाती हैं, जिनकी कीमतों में भी ₹1 की कटौती की गई है।
IRCTC के पश्चिम विभाग के सात प्रमुख प्लांट—अंबरनाथ, बुटीबोरी (नागपुर), मानेरी (जबलपुर), मंडीदीप (भोपाल), रामपुरा (राजस्थान), साणंद (गुजरात) और भुसावल—हर दिन लाखों यात्रियों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करते हैं। अंबरनाथ प्लांट में प्रतिदिन लगभग 1,74,000 बोतलों का उत्पादन होता है, जबकि अन्य प्लांट्स में औसतन 72,000 बोतलें रोजाना तैयार की जाती हैं।
IRCTC पश्चिम विभाग के समूह महाप्रबंधक गौरव झा ने बताया कि नई दरों की जानकारी सभी स्टॉलधारकों और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के कर्मचारियों तक पहुंचा दी गई है। साथ ही, बोतलों पर नई छपी हुई कीमतें—एक लीटर पर ₹14 और 500 मिली पर ₹9—स्पष्ट रूप से दर्शाई जाएंगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *