Nitin Shukla Arrested: विवाह का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में BMC के सहायक आयुक्त नितिन शुक्ला गिरफ्तार!

Nitin Shukla Arrested

Written by

in

मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के के-ईस्ट वॉर्ड के सहायक आयुक्त नितिन शुक्ला को एक महिला के साथ विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना से पालिका के प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। विक्रोली पार्कसाइट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Nitin Shukla Arrested)

पुलिस के अनुसार, आरोपी नितिन शुक्ला (38) और शिकायतकर्ता महिला की मुलाकात उस समय हुई थी, जब दोनों विक्रोली स्थित बिल्डिंग प्रपोजल विभाग में कार्यरत थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि शुक्ला ने महिला को बताया कि उसके अपनी पत्नी के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं और वह उससे अलग होने वाला है। इसी आधार पर उसने महिला से विवाह करने का वादा किया।

महिला ने उस पर विश्वास करते हुए उसके साथ संबंध बनाए। लेकिन समय बीतने के साथ महिला को एहसास हुआ कि शुक्ला लगातार शादी की बात टाल रहा है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिससे यह पूरा मामला सामने आया। महिला की शिकायत के आधार पर विक्रोली पार्कसाइट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी तथ्य सामने आ सकते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितिन शुक्ला इससे पहले एफ-नॉर्थ वॉर्ड में प्रभाग अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।

इसके बाद उन्हें के-ईस्ट वॉर्ड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया और बाद में उनकी पूर्णकालिक सहायक आयुक्त के रूप में नियुक्ति हुई। एक वरिष्ठ पालिका अधिकारी के खिलाफ इस तरह का मामला दर्ज होने से प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *