Pre-Monsoon Drain Cleaning: वविश में बारिश से पहले शहर में जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति एवं गंदगी की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से वसई विरार शहर महानगरपालिका द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नालेसफाई कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए गए हैं। इन कार्यों का निरीक्षण महापौर अजीव पाटील एवं उपमहापौर मार्शल लोपीस ने संबंधित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ किया।
निरीक्षण के दौरान सनसिटी वसई (पश्चिम), गास, निर्मल परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे नालेसफाई कार्यों, गटरों एवं जल निकासी स्थलों का जायजा लिया गया। नालों में जमा गाद, प्लास्टिक कचरा एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। साथ ही बारिश से पहले सभी नालों की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित कर जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया गया।
संबंधित ख़बरें: Dr. Kailash Pawar Advises: स्वास्थ्य विभाग को नए HIV हॉटस्पॉट पर कड़ी नज़र रखने की ज़रूरत; डॉ. कैलाश पवार ने दी सलाह!
इस अवसर पर क्षेत्र के तालाबों का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को तालाबों की सफाई करने के निर्देश दिए गए। महापौर अजीव पाटील ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए महानगरपालिका प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियां कर रहा है।
वहीं उपमहापौर मार्शल लोपीस ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों में कचरा न फेंके तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महानगरपालिका का सहयोग करें। निरीक्षण दौरे के दौरान नगरसेवक परेश किणी, नगरसेविका दिप्ती भोईर, नगरसेविका सॅरल डाबरे, पूर्व सरपंच सायमन अल्मेडा, सालू अल्मेडा सहित अन्य पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक, संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

