Shankaracharya Ji’s Major Announcement: शंकराचार्य जी की बड़ी घोषणा, जल्द शुरू होगी “गो-एलएक्स” वेबसाइट!

Shankaracharya

Written by

in

Shankaracharya Ji’s Major Announcement: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौमाता संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए कहा है कि देशभर में गौमाता को वध से बचाने के लिए गायों को खरीदा जाएगा। इसके लिए ओएलएक्स की तर्ज पर “गो-एलएक्स” नामक वेबसाइट शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से गाय बेचने के इच्छुक लोग संपर्क कर सकेंगे और गौमाता को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जाएगा।

81 दिवसीय गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा के दौरान जारी वीडियो संदेश में शंकराचार्य जी ने कहा कि हिंदू समाज किसी भी परिस्थिति में गौमाता को कसाइयों के हाथ नहीं सौंपता। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विषय पर समाज के खिलाफ झूठा नैरेटिव तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी हिंदू को यह जानकारी हो जाए कि गाय को वध के उद्देश्य से खरीदा जा रहा है, तो वह किसी भी कीमत पर गाय नहीं बेचेगा। उन्होंने कुछ समाचार चैनलों में दिखाई जा रही उन खबरों को भी भ्रामक बताया, जिनमें दावा किया गया कि मुसलमानों द्वारा गाय न खरीदने से हिंदू व्यापारी आर्थिक संकट में हैं।

शंकराचार्य जी ने कहा कि हिंदू परंपरा में गाय को माता का स्थान प्राप्त है और गौसेवा को धर्म माना गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कई मुस्लिम समाज के लोगों ने उनसे संपर्क कर गौमाता संरक्षण अभियान का समर्थन किया है तथा यह कहा है कि उनके धर्म में गाय का मांस खाना अनिवार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि समाज में गौहत्या बंद हो जाए तो हिंदू-मुस्लिम वैमनस्य भी काफी हद तक कम हो सकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि “गो-एलएक्स” योजना के माध्यम से उनकी संस्था स्वयं गाय खरीदकर उसके संरक्षण एवं सेवा की व्यवस्था करेगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए शंकराचार्य जी के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि जल्द ही “गो-एलएक्स” वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा और इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *