Religare Housing New CEO: रिलिगेयर हाउसिंग के नए सीईओ बने पवन गुप्ता!

Religare Housing

Written by

in

,

Religare Housing New CEO: हाउसिंग फाइनेंस कंपनी रिलिगेयर हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस ने इस क्षेत्र के अनुभवी पवन के. गुप्ता को अपना प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। रिलिगेयर हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस रिलिगेयर एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सहायक कंपनी की सहायक कंपनी है।

कंपनी ने शनिवार को बताया कि गुप्ता की नियुक्ति 01 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। हाउसिंग फाइनेंस और मॉर्गेज व्यवसाय के निर्माण, विस्तार और परिवर्तन में उनके पास तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उनके पास कंपनी का विकास सुनिश्चित करने के लिए उसकी जोखिम प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने, ऋण पोर्टफोलियो का विस्तार करने तथा तकनीकी सुधारों को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी होगी।

रिलिगेयर एंटरप्राइजेज मानव संसाधन के समूह प्रमुख इंद्रनील चौधरी ने श्री गुप्ता की नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि वह हाउसिंग फाइनेंस उद्योग के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पेशेवर हैं। उन्होंने इस क्षेत्र के हर चरण का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस क्षेत्र की गुप्ता की व्यापक समझ और व्यावहारिक नेतृत्व शैली कंपनी को नयी ऊंचाइयों तक ले जायेगी।

गुप्ता पिछले नौ साल से कंपनी से जुड़े हुए है। इस दौरान उन्होंने कंपनी के व्यवसाय में उल्लेखनीय परिवर्तन का नेतृत्व किया। उन्होंने प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियों को बढ़ाकर 3,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया, परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार किया, कंपनी की रेटिंग बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई, शाखाओं का नेटवर्क बढ़ाकर 162 स्थानों तक विस्तारित किया तथा पूंजी बाजार के विभिन्न साधनों के माध्यम से कंपनी के फंडिंग प्रोफाइल में विविधता लेकर आये।

अपनी नियुक्ति पर गुप्ता ने कहा, “वंचित और असंगठित क्षेत्र के परिवारों की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने वाली एक मजबूत और तकनीक-संचालित हाउसिंग फाइनेंस संस्था का निर्माण करना मेरे लिए बेहद सार्थक अवसर है। मैं टीम के साथ मिलकर कंपनी की बुनियाद को और मजबूत करने, सुशासित एवं अनुशासित विकास सुनिश्चित करने तथा ग्राहकों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने के लिए उत्साहित हूं।”

रिलिगेयर हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस से जुड़ने से पहले गुप्ता मुथूट हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे। इससे पहले उन्होंने दीवान हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, डॉयचे पोस्टबैंक होम फाइनेंस लिमिटेड और बीएचडब्ल्यू बिरला होम फाइनेंस में 17 वर्षों तक विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। उनके पास आईसीएफएआई, हैदराबाद से चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट की उपाधि है। उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर से मार्केटिंग एवं फाइनेंस में एमबीए तथा भौतिकी (ऑनर्स) में बी.एससी. की डिग्री हासिल की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *