Man Held for ₹7 Lakh Fake Gold Fraud: नकली सोने की चूड़ियां गिरवी रखकर ज्वेलर्स से 7 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Man Held for ₹7 Lakh Fake Gold Fraud

Written by

in

हॉलमार्क के नाम पर नकली आभूषण रखकर ऐंठी नकदी, जांच में खुली पोल; पुलिस कर रही है अन्य मामलों की भी पड़ताल

भिवंडी। भिवंडी में नकली सोने की चूड़ियों को असली हॉलमार्क आभूषण बताकर एक ज्वेलर्स से 7 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। निजामपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद शहर के सर्राफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, बाजारपेठ क्षेत्र स्थित सुमेध ज्वेलर्स के संचालक विमल भूरमल जैन (50) ने शिकायत दर्ज कराई कि डुंगे निवासी रमेश कालिराम भगत (57) 12 जून और 26 जून 2026 को उनकी दुकान पर आया था। आरोपी ने चार सोने की चूड़ियों को असली हॉलमार्क आभूषण बताकर गिरवी रखा, जिसके बदले ज्वेलर्स ने भरोसा कर उसे कुल 7 लाख रुपये नकद दे दिए।

बाद में आभूषणों की जांच कराने पर पता चला कि चूड़ियां असली सोने की नहीं थीं, बल्कि नकली थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सुनियोजित तरीके से नकली आभूषणों को असली बताकर ज्वेलर्स के साथ धोखाधड़ी की।

शिकायत के आधार पर निजामपुरा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 9 जुलाई 2026 को आरोपी रमेश कालिराम भगत को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अमित गोते कर रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह की ठगी की वारदात अन्य स्थानों पर भी की है या नहीं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *