ठाणे। राज्य के वन मंत्री और पालघर के पालक मंत्री गणेश नाईक ने गणेशोत्सव से पहले सड़कों के गड्ढे भरने और मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री नाईक की अध्यक्षता में राम गणेश गडकरी रंगायतन में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों ने 200 से अधिक आवेदन प्रस्तुत किए। ठाणे मनपा, जिला कलेक्टर, लोक निर्माण विभाग, महावितरण, महानगर गैस, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
जनता दरबार में घोड़बंदर मार्ग और अन्य स्थानों की क्षतिग्रस्त सड़कों, वाहनों की बढ़ती संख्या और यातायात जाम जैसी समस्याओं पर चर्चा हुई। मंत्री नाईक ने मनपा, लोक निर्माण विभाग और राज्य सड़क विकास निगम के अधिकारियों को गणेशोत्सव से पहले सभी सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने के आदेश दिए।
साथ ही, गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब बनाने और सुविधाजनक स्थानों पर विसर्जन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। ठाणे परिवहन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के बाद बकाया राशि संबंधी शिकायतों का समाधान भी मंत्री नाईक ने अधिकारियों को कराने का निर्देश दिया।
मंत्री ने कहा कि शहर में बढ़ती जनसंख्या और वाहनों की संख्या को देखते हुए एलिवेटेड रोड और नई सड़क निर्माण परियोजनाओं के माध्यम से यातायात जाम की समस्या का समाधान किया जाएगा।
Blog
-

वन मंत्री गणेश नाईक ने गणेशोत्सव से पहले सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए
-

मुंबई शॉक: कुशीनगर एक्सप्रेस में 3 साल के मासूम का शव मिला, हत्या का राज खुला;आरोपी भाई गिरफ्तार
राष्ट्रीय स्वाभिमान। शिवदिनेश शर्मा
मुंबई: दिल दहला देने वाली घटना! कुशीनगर एक्सप्रेस के बी2 एसी कोच के शौचालय में सिर्फ 3 साल का मासूम बच्चा मृत पाया गया। शव की पहचान सूरत के अमरोली के रहने वाले बच्चे के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, यह मासूम रात को लापता हुआ था। उसके माता-पिता ने 22 अगस्त को अमरोली पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन मुंबई में इस खौफनाक खोज ने सबको हिला कर रख दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि बच्चे की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या की गई थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या करने वाला मासूम का ही मौसी का लड़का भाई, विकाश शाह, था। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुंबई रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना से रेलवे यात्री भी स्तब्ध हैं और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के लाखों सुरक्षा दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
इस दर्दनाक घटना ने न केवल मासूम के परिवार को तहस-नहस कर दिया है, बल्कि पूरे शहर में रेलवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-

गड्ढे ने ली डॉक्टर की जान, नागरिकों ने किया सड़क जाम
भिवंडी : वंजारपट्टी नाका इलाके में सड़क पर बने गड्ढे के कारण डॉ. मोहम्मद नसीम अमीनूद्दीन अंसारी (58) की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। डॉ. नसीम रात को ढाबे से घर लौट रहे थे, तभी सड़क की दरार में उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और पीछे से आ रहे ट्रक के टायर के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले और निजामपुर पुलिस स्टेशन की टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया। ट्रक ड्राइवर मोहम्मद बिलाल को हिरासत में लिया गया है।
नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। कई सड़कों पर गड्ढे और कॉन्क्रीट-डामर का अंतर लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। सुबह स्थानीय नागरिकों ने खुद उस गड्ढे में गिट्टी डालकर उसे भरने की कोशिश की।
विधायक रईस शेख ने अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। नगर पालिका उपायुक्त विक्रम दराडे ने इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। -

धामणकर नाका मित्रमंडल का भव्य गणेशोत्सव, रक्तदानियों को 10 लाख बीमा
भिवंडी: “एकता के राजा” के रूप में पहचाने जाने वाले धामणकर नाका मित्रमंडल और स्वाभिमान सेवा संस्था इस वर्ष 37वां सार्वजनिक गणेशोत्सव भव्य सजावट और कई सामाजिक पहलों के साथ मनाएंगे।
संस्था अध्यक्ष संतोष शेट्टी ने बताया कि इस दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले हर व्यक्ति को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा।
भक्तों के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में बन रहे “वृंदावन चंद्रोदय मंदिर” की 130 फीट ऊंची प्रतिकृति प्रदर्शित की जाएगी, जो पर्यावरण अनुकूल सामग्री से तैयार की गई है। सामाजिक पहल में वृद्धाश्रम दर्शन, नेत्र चिकित्सा शिविर, मुफ्त चश्मे और मोतियाबिंद सर्जरी शामिल हैं। इसके अलावा ‘स्वाभिमान श्री गणेश दर्शन’ और घरेलू गणेश दर्शन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
सुरक्षा के लिए 26 सीसीटीवी कैमरे, 50 सुरक्षा गार्ड और सैकड़ों मंडल कार्यकर्ता सेवा में तैनात रहेंगे। मंडल का यह आयोजन भिवंडी में सामाजिक जागरूकता और भव्य उत्सव का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। -

भिवंडी में ट्रैफिक जाम और गड्ढों पर फूटा जनता का गुस्सा, अंजुरफाटा और मानकोली नाका पर सड़क पर उतरे हजारों लोग
भिवंडी: खस्ताहाल सड़कों और जानलेवा ट्रैफिक जाम से त्रस्त नागरिकों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। अंजुरफाटा और मानकोली नाका पर हजारों लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सुबह 11 बजे अंजुरफाटा चौक पर स्थानीय नागरिकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि भारी वाहनों की अंधाधुंध आवाजाही से रोज़ाना घंटों जाम लगता है। स्कूली बच्चे, मरीज और कर्मचारी सभी फंसे रहते हैं। गड्ढों से हादसे बढ़ रहे हैं और एम्बुलेंस तक जाम में अटक जाती है।
मानकोली नाका पर मनसे शहराध्यक्ष मनोज गुलवी के नेतृत्व में आंदोलन हुआ, जिसमें कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष निलेश भोईर भी शामिल हुए। गुलवी ने कहा कि जब तक भारी वाहनों पर रोक और सड़क मरम्मत नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, भोईर ने साफ किया कि यह राजनीतिक नहीं बल्कि जनता की जिंदगी से जुड़ा मुद्दा है।
नागरिकों ने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन और उग्र होगा। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह इस गंभीर समस्या का समाधान कब और कैसे करता है। -

Bhiwandi Ganeshotsav 2025: मंदी के बावजूद भिवंडी में गणेशोत्सव की धूम, भक्तों में जबरदस्त उत्साह
भिवंडी। पावरलूम नगरी भिवंडी भले ही भीषण मंदी की चपेट में हो, लेकिन गणेशोत्सव को लेकर भक्तों में उत्साह चरम पर है। सार्वजनिक पंडालों की सजावट का काम जोरों पर है, वहीं घरेलू गणपति की स्थापना करने वाले लोग भी विघ्नहर्ता के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। शहरभर में बप्पा का आगमन जल्लोष और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है।
भिवंडी के कपड़ा उद्योग पर जीएसटी लागू होने के बाद से गहरा संकट छाया हुआ है। कपड़ा उत्पादन लागत से कम भाव पर बिक रहा है, जिससे लूम उद्योग और अन्य लघु उद्योग मंदी का शिकार हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद स्थानीय लोग गणेशोत्सव को लेकर पूरी श्रद्धा से तैयारियां कर रहे हैं
भिवंडी मनपा क्षेत्र में इस वर्ष 135 सार्वजनिक मंडलों के अलावा करीब 10 हजार घरेलू गणपति की स्थापना की जाएगी। मशहूर धामनकरनाका मित्र मंडल ने इस बार वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर की झांकी तैयार की है, जिस पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मंडल अध्यक्ष और पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी ने बताया कि भव्य मंदिर निर्माण का काम अंतिम चरण में है। इसी तरह स्व. नाना मित्र मंडल, छत्रपति मराठा मित्र मंडल और शहर के अन्य गणेश मंडलों ने भी बताया कि मंदी के बावजूद सहयोगी हाथ पीछे नहीं हटे हैं और उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
श्रीरंग नगर के ॐ साईं मित्र मंडल का इस बार रजत जयंती वर्ष है। मंडल संस्थापक प्रदीप केसरवानी ने कहा कि इस अवसर पर गणेशोत्सव का आयोजन विशेष धूमधाम और भव्य सजावट के साथ किया जा रहा है। घरेलू गणपति बैठाने वाले परिवारों का भी कहना है कि मंदी चाहे कितनी भी गंभीर क्यों न हो, साल भर में एक बार घर में विघ्नहर्ता का आगमन जरूर होगा और उनसे प्रार्थना की जाएगी कि शहर से मंदी का विघ्न दूर हो।
विसर्जन घाटों की सफाई शुरू, मनपा ने कसी कमर
भिवंडी मनपा क्षेत्र के 10 प्रमुख विसर्जन घाटों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। गणेशोत्सव से पहले भक्तों की मांग पर मनपा प्रशासन ने आरोग्य विभाग की मदद से घाटों से कीचड़, कचरा और घास हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मनपा जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर ने बताया कि घाटों का निरीक्षण मनपा आयुक्त और डीसीपी द्वारा किया जा चुका है। सफाई कार्य प्रभाग समिति और वार्ड निहाय निगरानी में किया जा रहा है। पटनावर ने आश्वासन दिया कि इस बार गणेशोत्सव के दौरान शहर की सड़कों और विसर्जन घाटों को पूरी तरह साफ रखा जाएगा। -

बीएमसी सहकारी बैंक चुनाव 2025/2030 मतगणना में गड़बड़ी का आरोप, विष्णु घुमरे ने की दोबारा गिनती की मांग
मुंबई। दि मुन्सिपल सहकारी बैंक संचालक चुनाव 2025-2030 की मतगणना के दौरान गंभीर गड़बड़ी का आरोप सामने आया है। सरकार पैनल के प्रमुख विष्णु घुमरे ने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी ने जानबूझकर उनके समर्थित उम्मीदवारों को हराने की साजिश की और वोटों में हेरफेर किया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और सहकारी व्यवस्था के साथ अन्याय है, इसलिए वोटों की दोबारा गिनती कराई जानी चाहिए।
घुमरे ने इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा पदाधिकारियों और उनके पैनल के साथ जानबूझकर भेदभाव किया गया है। इस गड़बड़ी की जांच कराई जानी चाहिए और निष्पक्ष तरीके से पुनः मतगणना होनी चाहिए।
इस बीच चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। सर्वसाधारण गट में सहकार पैनल से विवेक आठवले, किरण आव्हाड, अभिजीत बागुल, बोरीचा बिपीन, घारे सुरेश, जाधव विजय नाना, इंदल राठोड, महेश ठाकरे, बनसोडे नितीन और कसबे कुणाल विजयी हुए हैं। वहीं जय सहकार पैनल से विष्णु घुमरे, मुकेश घुमरे, दरेकर संतोष और दामोदरे रविंद्र को जीत मिली है।
राखीव गट में ओबीसी सीट पर सहकार पैनल के भानुदास भोईर, एनटी सीट पर जय सहकार पैनल के राजेंद्र कराडे और एससी सीट पर सहकार पैनल के गिरीष जाधव विजयी हुए। महिला गट में सहकार पैनल की लीना इंगळे और जय सहकार पैनल की कविता विशे को सफलता हासिल हुई।
चुनाव नतीजों के बीच विष्णु घुमरे के आरोपों ने पूरे चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है। -

वडाला पुलिस ने 10.30 लाख रुपये का 52 किलो गांजा जब्त किया, दो आरोपी गिरफ्तार
मुंबई। वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.30 लाख रुपये मूल्य का 52 किलो गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम अबूबकर मेहंदी हसन शान और शाहबाज शमीन खान हैं। दोनों एक सफेद वैगनआर कार (MH 01 EE 3013) में गांजा लेकर जा रहे थे।
पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी
जोन 4 के पुलिस उपायुक्त आर. रागसुधा के मार्गदर्शन में गश्त कर रही वडाला ट्रक टर्मिनल पुलिस टीम को संदिग्ध कार दिखाई दी। जब अपराध दस्ते ने कार रोकने की कोशिश की तो चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
कार से बरामद हुआ 52 किलो गांजा
तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(ए), 20(बी)(2)(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
अदालत ने भेजा पुलिस हिरासत में
जब्त किए गए माल का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 10.30 लाख रुपये आंका गया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 25 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। -

BEST Election 2025: बेस्ट की क्रेडिट सोसायटी के पदाधिकारी चुनाव में ठाकरे बंधुओं को लगा बड़ा झटका, 21-0 मैदान से साफ
मुंबई। मुंबई में हुए बहुप्रतीक्षित दी बेस्ट एम्प्लॉईज को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी (BEST Election 2025) के नतीजे घोषित हो गए हैं। बैलेट पेपर पर हुए इस चुनाव में ठाकरे बंधुओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी, लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के एक साथ आने के बावजूद उनके उत्कर्ष पैनल को एक भी सीट नहीं मिली। इस परिणाम ने शिवसेना और मनसे दोनों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनाव में दोनों दल मिलकर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।शिवसेना-मनसे मैदान से साफ
18 अगस्त को इस चुनाव के लिए मतदान हुआ था। मंगलवार को नतीजे आने थे, लेकिन मुंबई में हुई जोरदार बारिश के कारण मतगणना में देरी हुई और देर रात परिणाम घोषित किया गया। चुनाव में कुल 21 सीटें थीं, जिसमें शशांक राव पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 सीटें जीत लीं। वहीं भाजपा, शिवसेना शिंदे गुट और नितेश राणे की संयुक्त महायुती के सहकार समृद्धि पैनल को 7 सीटें मिलीं। ठाकरे गुट और मनसे के उत्कर्ष पैनल को कोई सफलता नहीं मिली।पिछले 9 वर्षों से चली आ रही अपनी सत्ता हाथ से गई
इस नतीजे के साथ ठाकरे गुट की शिवसेना ने बेस्ट पतपेढी में पिछले 9 वर्षों से चली आ रही अपनी सत्ता भी गंवा दी। माना जा रहा है कि यह हार शिवसेना (उद्धव गुट) और मनसे दोनों के लिए आगामी चुनावों में एक बड़ा झटका साबित हो सकती है। -

एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने भरा उपराष्ट्रपति पद का नामांकन, पीएम मोदी रहे प्रस्तावक
नई दिल्ली। एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ भाजपा और एनडीए नेता मौजूद रहे।
तमिलनाडु के गाउंडर–कोंगु वेल्लालर (ओबीसी) समुदाय से आने वाले राधाकृष्णन का राजनीतिक करियर लंबा रहा है। वे 1998 में पहली बार सांसद बने और 2023 में झारखंड के राज्यपाल नियुक्त हुए। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। उपराष्ट्रपति चुने जाने पर वे तमिलनाडु से इस पद पर पहुंचने वाले तीसरे नेता होंगे।
नामांकन दाखिल करने से पहले राधाकृष्णन ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, धर्मेंद्र प्रधान, राम मोहन नायडू किंजरापु, एल. मुरुगन और भाजपा नेता विनोद तावड़े भी मौजूद रहे।
चुनाव आयोग की घोषणा के मुताबिक उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना भी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है, जबकि उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 788 सांसद मतदान करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 17 अगस्त को एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया था। उपराष्ट्रपति पद जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद खाली हुआ है। धनखड़ ने 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र से पहले स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था।