एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने भरा उपराष्ट्रपति पद का नामांकन, पीएम मोदी रहे प्रस्तावक

उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करते सीपी राधाकृष्णन, साथ में पीएम मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता।

Written by

in

,

नई दिल्ली। एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ भाजपा और एनडीए नेता मौजूद रहे।

तमिलनाडु के गाउंडर–कोंगु वेल्लालर (ओबीसी) समुदाय से आने वाले राधाकृष्णन का राजनीतिक करियर लंबा रहा है। वे 1998 में पहली बार सांसद बने और 2023 में झारखंड के राज्यपाल नियुक्त हुए। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। उपराष्ट्रपति चुने जाने पर वे तमिलनाडु से इस पद पर पहुंचने वाले तीसरे नेता होंगे।

नामांकन दाखिल करने से पहले राधाकृष्णन ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, धर्मेंद्र प्रधान, राम मोहन नायडू किंजरापु, एल. मुरुगन और भाजपा नेता विनोद तावड़े भी मौजूद रहे।

चुनाव आयोग की घोषणा के मुताबिक उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना भी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है, जबकि उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 788 सांसद मतदान करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 17 अगस्त को एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद राधाकृष्णन के नाम का ऐलान किया था। उपराष्ट्रपति पद जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद खाली हुआ है। धनखड़ ने 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र से पहले स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *