Blog

  • JSW Ventures: जेएसडब्ल्यू वेंचर्स ने नेतृत्व-टीम को किया मजबूत,विकास चांडक को पार्टनर बनाया!

    JSW Ventures: जेएसडब्ल्यू वेंचर्स ने नेतृत्व-टीम को किया मजबूत,विकास चांडक को पार्टनर बनाया!

    JSW Ventures: स्टार्टअप कंपनियों में शुरुआती चरण का निवेश करने वाली वेंचर कैपिटल फर्म जेएसडब्ल्यू वेंचर्स ने फंड-3 को प्रस्तुत करने से पहले अपनी नेतृत्व-टीम को मजबूत करते हुए विभिन्न उद्योगों का लम्बा अनुभव रखने वाले प्रबंधक तथा उद्यमी विकास चांडक को पार्टनर नियुक्त किया है।

    जेएसडब्ल्यू वेंचर्स में वह फंड की निवेश रणनीति, पूंजी जुटाने, निवेश, पोर्टफोलियो प्रबंधन तथा फिनटेक और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी क्षेत्र की निवेश प्राप्त कंपनियों से निकलने (एग्जिट) से जुड़े कार्यों की संयुक्त जिम्मेदारी संभालेंगे।

    संबंधित ख़बरें: World Environment Day: वेदांता ने धातु कारोबार में कार्बन उत्सर्जन की तीव्रता 15% घटाई

    कंपनी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि चांडक के पास कंज्यूमर, फिनटेक और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कई व्यवसायों को स्थापित करने, उनका विस्तार करने और उनके पुनर्गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए करने वाले विकास ने क्रेड, एतिहाद और आईसीआईसीआई बैंक जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ काम किया है।

    जेएसडब्ल्यू वेंचर्स से जुड़ने से पहले चांडक कुछ प्रमुख फिनटेक और उपभोक्ता व्यवसायों में रणनीति, उत्पाद विकास और बिजनेस संचालन का नेतृत्व कर चुके हैं। वह पिछले पांच वर्षों से सक्रिय एंजेल निवेशक भी रहे हैं। जेएसडब्ल्यू वेंचर्स के मैनेजिंग पार्टनर सचिन टैगरा ने उनकी नियुक्ति पर कहा, “विकास के पास व्यावसायिक समझ और टेक्नोलॉजी आधारित व्यवसायों को सफलतापूर्वक संचालित व विस्तार देने का बेहतर अनुभव है जो हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”

    जेएसडब्ल्यू वेंचर्स के पार्टनर विकास चांडक ने कहा: “जेएसडब्ल्यू वेंचर्स ने स्टार्टअप संस्थापकों के लिए एक मजबूत पार्टनर के रूप में अपनी पहचान बनाई है।इस फर्म से जुड़ना मुझे एक ऐसा बेहतर संस्थागत प्लेटफॉर्म देता है, जहाँ मैं अपने इन अनुभवों का उपयोग अनुशासित निवेश और अगली पीढ़ी के मजबूत, टेक्नोलॉजी-संचालित व्यवसायों की मदद के लिए कर सकूँ।”

  • Dr. Shrikant Shinde: खानदेश में शिवसंवाद दौरे पर रहेंगे डॉ. श्रीकांत शिंदे; नंदुरबार-धुले और जलगांव के 19 विधानसभा क्षेत्रों की करेंगे समीक्षा!

    Dr. Shrikant Shinde: खानदेश में शिवसंवाद दौरे पर रहेंगे डॉ. श्रीकांत शिंदे; नंदुरबार-धुले और जलगांव के 19 विधानसभा क्षेत्रों की करेंगे समीक्षा!

    Dr. Shrikant Shinde: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के लिए शिवसेना संसदीय दल के नेता एवं सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे 5 और 6 जून को दो दिवसीय खानदेश दौरे पर रहेंगे। ‘शिवसंवाद’ अभियान के तहत वे नंदुरबार, धुले और जलगांव जिलों के 19 विधानसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक समीक्षा करेंगे।

    इस दौरे में सांसद डॉ. शिंदे के साथ गुलाबराव पाटील, दादाजी भुसे, शिवसेना के सचिव भाऊसाहेब चौधरी तथा राज्य संगठन प्रमुख एवं पूर्व सांसद आनंद परांजपे भी उपस्थित रहेंगे। यह ‘शिवसंवाद दौरा’ का चौथा चरण है। इससे पहले डॉ. श्रीकांत शिंदे मराठवाड़ा क्षेत्र के जालना, नांदेड़, परभणी, हिंगोली और बीड जिलों का दौरा कर चुके हैं।

    5 जून का कार्यक्रम
    शुक्रवार को सुबह 10 बजे नंदुरबार जिले के तलोदा में अक्कलकुवा और शहादा विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक होगी। दोपहर 1 बजे नंदुरबार में नवापुर और नंदुरबार विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद शाम 5 बजे धुले में साक्री, शिंदखेड़ा, शिरपुर, धुले ग्रामीण और धुले शहर विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। रात्रि में जलगांव में मंत्री गुलाबराव पाटील के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भी डॉ. श्रीकांत शिंदे शामिल होंगे।

    संबंधित ख़बरें: Shweta Salvi Surrenders: 6.49 करोड़ रुपये के घोटाले की मुख्य आरोपी श्वेता सालवी ने आखिरकार किया सरेंडर!

    6 जून का कार्यक्रम
    शनिवार को सुबह 10 बजे चालीसगांव में पाचोरा, एरंडोल और चालीसगांव विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे अमलनेर में चोपड़ा, जलगांव ग्रामीण और अमलनेर विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा होगी।

    शाम 7 बजे मुक्ताईनगर में रावेर, मुक्ताईनगर, भुसावल और जामनेर विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठकों में संगठन की स्थिति, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान, बूथ स्तर की तैयारियों तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। डॉ. श्रीकांत शिंदे कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद भी करेंगे।

    खानदेश के बाद विदर्भ का दौरा
    शिवसेना द्वारा राज्य के 22 जिलों और 100 विधानसभा क्षेत्रों में ‘शिवसंवाद’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तथा बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति के संबंध में मार्गदर्शन दे रहे हैं।

    शिवसेना के सचिव भाऊसाहेब चौधरी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, खानदेश दौरे के बाद डॉ. श्रीकांत शिंदे पूर्व विदर्भ और पश्चिम विदर्भ क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे, जहां संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठकें और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

  • World Environment Day: वेदांता ने धातु कारोबार में कार्बन उत्सर्जन की तीव्रता 15% घटाई

    World Environment Day: वेदांता ने धातु कारोबार में कार्बन उत्सर्जन की तीव्रता 15% घटाई

    World Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वेदांता समूह ने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2021 की तुलना में उसके धातु कारोबार में कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन की तीव्रता में 15 प्रतिशत की कमी आई है। कंपनी ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, बायोमास ईंधन और हरित तकनीकों के उपयोग से यह उपलब्धि हासिल की गई है।

    वेदांता के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में उसके परिचालनों में नवीकरणीय ऊर्जा की खपत में साल-दर-साल 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई और यह लगभग 400 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई। इससे करीब 30 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को रोकने में मदद मिली। कंपनी ने 365 किलो टन बायोमास ईंधन का भी उपयोग किया, जिससे अनुमानित 5 से 6 लाख टन अतिरिक्त कार्बन उत्सर्जन में कमी आई।

    संबंधित ख़बरें: Women in Tech Accelerator Program: महिला टेक उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए बीएमयू की नई पहल!

    समूह ने बताया कि वित्त वर्ष 2021 में प्रति टन धातु उत्पादन पर कार्बन उत्सर्जन 6.45 टन था, जिसे घटाकर वित्त वर्ष 2026 में 5.44 टन कर दिया गया है। यह उपलब्धि वेदांता की चार-स्तरीय डीकार्बोनाइजेशन रणनीति के तहत हासिल हुई, जिसमें ऊर्जा दक्षता बढ़ाना, स्वच्छ ईंधनों का उपयोग, नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार और कार्बन ऑफसेटिंग उपाय शामिल हैं।

    वेदांता पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वृक्षारोपण और पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्स्थापन पर भी विशेष ध्यान दे रही है। कंपनी ने वर्ष 2021 से अब तक अपने परिचालन क्षेत्रों के आसपास लगभग 40 लाख पेड़ लगाए हैं। केवल वित्त वर्ष 2026 में ही करीब 10 लाख पौधे लगाए गए, जिससे खनन क्षेत्रों और औद्योगिक भूमि के पुनर्वास को बढ़ावा मिला है।

    कंपनी ने कहा कि वह वर्ल्ड इकनोमिक फोरम की ‘ट्रिलियन ट्रीज़’ पहल के तहत वर्ष 2030 तक 70 लाख पेड़ लगाने के लक्ष्य की दिशा में लगातार काम कर रही है। वेदांता का मानना है कि स्वच्छ ऊर्जा, कार्बन उत्सर्जन में कमी और व्यापक वृक्षारोपण जैसे कदम भविष्य में सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत आधार प्रदान करेंगे।

  • Asian Games 2026: एशियाई खेलों में पहली बार शामिल होगा वर्चुअल ताइक्वांडो

    Asian Games 2026: एशियाई खेलों में पहली बार शामिल होगा वर्चुअल ताइक्वांडो

    Asian Games 2026: 20वें एशियाई खेल 2026 में खेल प्रेमियों को तकनीक और खेल का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) ने पुष्टि की है कि आइची-नागोया एशियाई खेलों में पहली बार वर्चुअल ताइक्वांडो को आधिकारिक खेल के रूप में शामिल किया जाएगा।

    वर्चुअल ताइक्वांडो पारंपरिक ताइक्वांडो का डिजिटल संस्करण है, जिसमें खिलाड़ी वर्चुअल रियलिटी (वीआर) हेडसेट और मोशन-ट्रैकिंग उपकरणों की मदद से प्रतिस्पर्धा करते हैं। खिलाड़ी अपने वर्चुअल प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मुकाबला करते हुए निर्धारित समय में अधिकतम अंक हासिल करने का प्रयास करेंगे।

    संबंधित ख़बरें: MPL 2026: चंबल घड़ियाल्स की दमदार जीत, मालवा स्टैलियंस को 6 विकेट से हराया

    प्रतियोगिता का आयोजन मिश्रित-लिंग व्यक्तिगत प्रारूप में किया जाएगा, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक साथ भाग लेंगे। मुकाबले 16 खिलाड़ियों के नॉकआउट प्रारूप में खेले जाएंगे और विजेता का फैसला उनके ‘पावर गेज’ स्कोर के आधार पर होगा।

    वर्चुअल ताइक्वांडो के अलावा पैडल और टेकबॉल जैसे नए खेलों को भी एशियाई खेल 2026 के कार्यक्रम में शामिल किया गया है। टेकबॉल फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रित रूप है, जो दुनिया भर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

    जापान के आइची और नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे। इन खेलों में नई तकनीकों और आधुनिक खेल प्रारूपों को शामिल करने का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों और दर्शकों को आकर्षित करना है।

  • MPL 2026: चंबल घड़ियाल्स की दमदार जीत, मालवा स्टैलियंस को 6 विकेट से हराया

    MPL 2026: चंबल घड़ियाल्स की दमदार जीत, मालवा स्टैलियंस को 6 विकेट से हराया

    MPL 2026: आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में चंबल घड़ियाल्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मालवा स्टैलियंस को 6 विकेट से हरा दिया। होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में घड़ियाल्स ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन खेल दिखाया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी चंबल घड़ियाल्स की टीम ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया।

    आवेश खान और अक्षय सिंह की सटीक गेंदबाजी के सामने मालवा स्टैलियंस की शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी बिखर गई और टीम ने महज 23 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि, ऋषभ सिंह चौहान ने एक छोर संभाले रखा और 41 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाकर टीम को संकट से उबारा। निचले क्रम में प्रशांत कसदे ने 19 गेंदों में 29 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे स्टैलियंस 20 ओवर में 154/7 तक पहुंचने में सफल रही।

    संबंधित ख़बरें: Nainital Hockey Cup: हॉकी के रंग में रंगा नैनीताल, 100वें ट्रेड्स कप का आगाज

    155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबल घड़ियाल्स को शुरुआती झटके जरूर लगे। हर्षवर्धन सिंह ने अपूर्व द्विवेदी और कप्तान शुभम शर्मा को जल्दी आउट कर मैच को रोमांचक बना दिया। लेकिन इसके बाद अंकुश सिंह और रोहित कुमार गुप्ता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 73 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

    अंकुश सिंह ने पूरे मैच में शानदार नियंत्रण बनाए रखा और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के और तीन चौके शामिल रहे। वहीं रोहित कुमार गुप्ता ने 23 गेंदों में 37 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों ने नियमित अंतराल पर रन बनाकर विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।

    हालांकि गौतम रघुवंशी 17 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद त्रिपुरेश सिंह ने अंकुश का साथ देते हुए टीम को आसानी से जीत दिला दी। इस जीत के साथ चंबल घड़ियाल्स ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी और शानदार टीम प्रदर्शन का परिचय दिया।

  • Nainital Hockey Cup: हॉकी के रंग में रंगा नैनीताल, 100वें ट्रेड्स कप का आगाज

    Nainital Hockey Cup: हॉकी के रंग में रंगा नैनीताल, 100वें ट्रेड्स कप का आगाज

    Nainital Hockey Cup: उत्तराखंड की खूबसूरत पर्यटन नगरी नैनीताल में गुरुवार को 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। ऐतिहासिक डीएसए मैदान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से 49 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे पूरे शहर में खेल और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

    प्रतियोगिता का उद्घाटन कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने किया। उद्घाटन से पहले तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान ओलंपियन राजेंद्र रावत और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नरेंद्र बिष्ट व ललित शाह को विशेष सम्मान के साथ सुसज्जित वाहन में मैदान तक लाया गया। शोभायात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, पुलिस बैंड, छोलिया नृत्य दल, महिला समूहों और सांस्कृतिक कलाकारों ने भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।

    संबंधित ख़बरें: Rod Tucker 100th Test Match: रॉड टकर ने रचा इतिहास, 100 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग करने वाले चौथे अंपायर बने

    उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दीपक रावत ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है और ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

    डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता का यह 100वां संस्करण विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य हॉकी खेल को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में रुद्रपुर और आगरा की टीम आमने-सामने थीं। रोमांचक मुकाबले में रुद्रपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

  • Shweta Salvi Surrenders: 6.49 करोड़ रुपये के घोटाले की मुख्य आरोपी श्वेता सालवी ने आखिरकार किया सरेंडर!

    Shweta Salvi Surrenders: 6.49 करोड़ रुपये के घोटाले की मुख्य आरोपी श्वेता सालवी ने आखिरकार किया सरेंडर!

    Shweta Salvi Surrenders: ‘सुभद्रा मेटल्स प्रा. लि.’ में वरिष्ठ लेखापाल (सीनियर अकाउंटेंट) के पद पर रहते हुए कथित रूप से 6 करोड़ 49 लाख रुपये के आर्थिक गबन और धोखाधड़ी करने के मामले की मुख्य आरोपी श्वेता रुपेश सालवी ने आखिरकार कालाचौकी पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया है।

    जानकारी के अनुसार, मुंबई सत्र न्यायालय और मुंबई उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद श्वेता सालवी ने सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया का दरवाजा खटखटाया था। हालांकि, सर्वोच्च न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी भी प्रकार की राहत देने से इनकार कर दिया और आरोपी को 15 दिनों के भीतर संबंधित पुलिस स्टेशन या न्यायालय में सरेंडर करने का निर्देश दिया था। इसके बाद आज उसने कालाचौकी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

    क्या है मामला?
    आरोप है कि श्वेता सालवी ने कंपनी के निदेशकों का विश्वास जीतकर बैंक चेक, डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (डीएससी) और बैंक ओटीपी का अवैध रूप से उपयोग किया। उसने निदेशकों के फर्जी हस्ताक्षर कर करीब 15 वित्तीय संस्थानों और निजी साहूकारों से लगभग 3 करोड़ 60 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया और यह राशि अपने, अपने पति, भाई तथा अन्य सहयोगियों के बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी।

    जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी के विक्रेताओं (वेंडर्स) को भुगतान किए जाने का झांसा देने के लिए व्हाट्सएप पर फर्जी यूटीआर (UTR) नंबर भेजे गए। मामले में कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट चंद्रशेखर मोरे और उनकी पत्नी तेजस्विनी मोरे पर भी आर्थिक लाभ लेकर सहयोग करने के आरोप लगाए गए हैं।

    पुलिस हिरासत में होगी गहन पूछताछ
    घोटाला उजागर होने के बाद से श्वेता सालवी फरार चल रही थी। इस दौरान उसके कुछ रिश्तेदारों द्वारा कंपनी के निदेशकों को कथित रूप से धमकाने की शिकायतें भी सामने आई थीं।

    पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास करेंगी कि 6.49 करोड़ रुपये की राशि कहां-कहां स्थानांतरित की गई, उससे कौन-कौन सी संपत्तियां खरीदी गईं और इस कथित संगठित आर्थिक अपराध में अन्य किन लोगों की भूमिका रही है।

    मामले की जांच विजयकुमार शिंदे के मार्गदर्शन में तानाजी कुंभार द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

  • 50 STP Plants Shut Down: हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में 50 से ज़्यादा एसटीपी प्लांट बंद!

    50 STP Plants Shut Down: हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में 50 से ज़्यादा एसटीपी प्लांट बंद!

    50 STP Plants Shut Down: घोड़बंदर इलाके में पानी की कमी बढ़ने के साथ ही यह बात सामने आई है कि यहां हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में 50 से ज़्यादा एसटीपी प्लांट बंद हैं।विधायक संजय केलकर ने इस प्लांट को शुरू करने के लिए एडिशनल कमिश्नर प्रशांत रोडे और संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की और निर्देश दिए। इस प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए एक एक्शन प्लान तैयार किया गया है और इसे एक हफ्ते के अंदर लागू किया जाएगा।

    विधायक संजय केलकर ने बंद प्लांट्स को लेकर मनपा में एक जॉइंट मीटिंग की। इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर प्रशांत रोडे, सिटी इंजीनियर के साथ-साथ सिटी डेवलपमेंट डिपार्टमेंट, पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट के अधिकारी और हीरानंदानी एस्टेट, रितु पार्क के प्रतिनिधि, स्थानीय नगरसेवक विकास पाटिल, कैलाश म्हात्रे आदि मौजूद थे।

    एसटीपी प्लांट्स से पानी को दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है और इससे करीब 25 परसेंट पानी की बचत होती है। लेकिन,विधायक संजय केलकर ने मीटिंग में बताया कि हीरानंदानी एस्टेट, रितु पार्क वगैरह हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में 15 प्लांट काम नहीं कर रहे हैं और 30 प्लांट शुरू नहीं हुए हैं। यह प्लांट पानी को रीसायकल करके 25 परसेंट पीने का पानी बचा सकता है।

    संबंधित ख़बरें: Bhim Army Demands: बदर समिति की रिपोर्ट रद्द करो, अनुसूचित जाति उपवर्गीकरण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाओ – भीम आर्मी

    इससे इस इलाके में अभी जो पानी की कमी है, वह कम हो जाएगी, इसलिए मिस्टर केलकर ने मांग की कि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को इस प्लांट को शुरू करने की पहल करनी चाहिए। इस समय हुई चर्चा के बाद इस प्लांट को शुरू करने के लिए एक एक्शन प्लान तैयार किया गया। मिस्टर केलकर ने मीडिया को बताया कि इस पर एक हफ्ते तक काम किया जाएगा और फिर एक रिव्यू मीटिंग होगी।

    16 छोटी इंडस्ट्रीज़ को राहत
    वागले इलाके में फिरोदाई कंपाउंड में इंडस्ट्रियल सेक्टर की करीब 16 छोटी इंडस्ट्रीज़ को ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने क्लस्टर स्कीम लागू करने के लिए 48 घंटे के अंदर गिराने का नोटिस दिया है। इस कार्रवाई से 350 से ज़्यादा वर्कर्स और उनके 1400 से ज़्यादा मेंबर्स की रोजी-रोटी पर बुरा असर पड़ने की संभावना है।

    बुधवार को विधायक संजय केलकर ने साइट का इंस्पेक्शन किया था और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी। गुरुवार को उन्होंने मनपा में कमिश्नर सौरभ राव से मुलाकात की और छोटे बिजनेसमैन की शिकायतें बताईं। इस मौके पर कमिश्नर ने कहा कि सही हल निकाला जाएगा और इन छोटे बिजनेसमैन के साथ नाइंसाफी नहीं होगी।

  • Bhim Army Demands: बदर समिति की रिपोर्ट रद्द करो, अनुसूचित जाति उपवर्गीकरण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाओ – भीम आर्मी

    Bhim Army Demands: बदर समिति की रिपोर्ट रद्द करो, अनुसूचित जाति उपवर्गीकरण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाओ – भीम आर्मी

    Bhim Army Demands: अनुसूचित जाति आरक्षण में उपवर्गीकरण के विरोध में गुरुवार को भीम आर्मी की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से मंत्रालय तक विशाल मोर्चा निकाला गया। मोर्चे के माध्यम से महाराष्ट्र सरकार द्वारा गठित न्यायमूर्ति अनंत बदर समिति की रिपोर्ट को तत्काल रद्द करने तथा अनुसूचित जातियों के उपवर्गीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई।

    भीम आर्मी द्वारा सरकार को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि महाराष्ट्र की 59 अनुसूचित जातियों में से किसी भी जाति के प्रतिनिधि को समिति में शामिल नहीं किया गया। साथ ही व्यापक जनसुनवाई, आपत्तियां और संबंधित पक्षों से परामर्श किए बिना रिपोर्ट तैयार की गई है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है।

    संगठन ने आरोप लगाया कि समिति की पूरी रिपोर्ट, अनुभवजन्य आंकड़े, कार्यप्रणाली और सिफारिशें अब तक सार्वजनिक नहीं की गई हैं। ऐसे में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं मानी जा सकती। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित संवैधानिक मानकों का पालन किए बिना सरकार जल्दबाजी में उपवर्गीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

    संबंधित ख़बरें: Sneha Patil Fierce Campaign: भिवंडी में बढ़ते प्रदूषण पर भाजपा नगरसेविका स्नेहा पाटिल का हल्लाबोल!

    मोर्चे के बाद भीम आर्मी के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के ओएसडी पाटणकर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही मुख्यमंत्री और भीम आर्मी के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित कराने का आश्वासन दिया।

    भीम आर्मी की प्रमुख मांगें
    ●न्यायमूर्ति अनंत बदर समिति की रिपोर्ट तत्काल रद्द की जाए।
    ●अनुसूचित जाति उपवर्गीकरण प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
    ●समिति की पूरी रिपोर्ट और अनुभवजन्य आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं।
    ●सभी 59 अनुसूचित जातियों, सामाजिक संगठनों और विशेषज्ञों से व्यापक परामर्श किया जाए।
    ●सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किए बिना आगे कोई कार्रवाई न की जाए।

    भीम आर्मी ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

  • Sneha Patil Fierce Campaign: भिवंडी में बढ़ते प्रदूषण पर भाजपा नगरसेविका स्नेहा पाटिल का हल्लाबोल!

    Sneha Patil Fierce Campaign: भिवंडी में बढ़ते प्रदूषण पर भाजपा नगरसेविका स्नेहा पाटिल का हल्लाबोल!

    Sneha Patil Fierce Campaign: भिवंडी शहर में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण को लेकर भाजपा नगरसेविका स्नेहा मेहुल पाटिल ने महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष सिद्धेश कदम से मुंबई में मुलाकात कर शहर की गंभीर पर्यावरणीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

    ज्ञापन में कहा गया है कि भिवंडी में डाइंग-साइजिंग इकाइयों की चिमनियों से निकलने वाले धुएं और मोती निर्माण कारखानों में रासायनिक पदार्थों के जलने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 333 के पार पहुंच गया है। इसके कारण बुजुर्गों, बच्चों और श्वसन रोगियों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

    स्नेहा पाटिल ने आरोप लगाया कि कई साइजिंग कारखानों में कोयले के बजाय प्लास्टिक, प्लाईवुड और रासायनिक कचरे जैसे खतरनाक पदार्थों को खुलेआम जलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की जानकारी में यह सब होने के बावजूद संबंधित इकाइयों को अब तक ‘ग्रीन कैटेगरी’ में रखा गया है। उन्होंने ऐसे उद्योगों को तत्काल ‘रेड कैटेगरी’ में डालकर सील करने की मांग की।

    संबंधित ख़बरें: Major Crackdown on Sand Storage: केवणी और काल्हेर में अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 23 कुंडियां ध्वस्त

    ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शहर में प्रतिदिन 75 मीट्रिक टन क्षमता वाला कचरा प्रसंस्करण प्रकल्प केवल कागजों तक सीमित है और वर्षों से बंद पड़ा है। साथ ही वर्ष 2022 से 2026 तक भिवंडी महानगरपालिका द्वारा एक भी पर्यावरण स्थिति रिपोर्ट जारी नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।

    स्नेहा पाटिल ने दावा किया कि शहर में वायु गुणवत्ता मापने वाले उपकरण भी बंद रखे गए हैं, जिससे वास्तविक प्रदूषण स्तर सामने नहीं आ पा रहा है। उन्होंने मनपा प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों पर केवल कागजी कार्रवाई कर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

    उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी दिनों में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भिवंडीवासियों को साथ लेकर “अधिकारी हटाओ, महानगरपालिका को ताला लगाओ” आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। भिवंडी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर उठी यह मांग अब स्थानीय प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।