TVK to Form Government: तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर जारी सियासी असमंजस आखिरकार खत्म हो गया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को सरकार बनाने के लिए राज्यपाल आर. वी. अर्लेकर ने मंजूरी दे दी है। विजय शनिवार सुबह 11 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके 234 में से 107 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों के आंकड़े से 10 सीट पीछे रह गई थी। इसके चलते राज्यपाल ने शुरुआती दो मुलाकातों में विजय के सरकार बनाने के दावे को खारिज कर दिया था।
शुक्रवार शाम विजय ने तीसरी बार राज्यपाल आर.वी. आर्लेकर से मुलाकात की और कांग्रेस समेत अन्य दलों के समर्थन पत्र सौंपे। इसके बाद राज्यपाल ने टीवीके को सरकार गठन की अनुमति दे दी।
संबंधित ख़बरें: Rashtriya Purvanchal Ekta Party: वार्ड 74 में राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी की पब्लिक मीटिंग, तारा यादव ने सुनीं लोगों की समस्याएं!
टीवीके को कांग्रेस की 5 सीटों के अलावा विदुथलाई चीरुथाईगल कांची (वीसीके), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) (सीपीएम) की दो-दो सीटों का समर्थन मिला। इन समर्थन पत्रों के बाद विजय ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया।
सीपीआई और सीपीएम ने टीवीके को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीपीआई के प्रदेश सचिव वीरपांडियन ने कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से टीवीके को समर्थन दिया है और उनकी पार्टी ने भी लोकतांत्रिक परंपरा का पालन करते हुए समर्थन देने का फैसला लिया।
इस चुनाव में टीवीके ने अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्रविण मुनेत्र कझगम (डीएमके) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविण मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) के तमिलनाडु में 62 वर्षों से चले आ रहे राजनीतिक वर्चस्व को बड़ा झटका दिया है।
कांग्रेस ने सबसे पहले डीएमके से गठबंधन तोड़कर टीवीके को समर्थन देने का एलान किया था। इसके बाद अन्य सहयोगी दलों को भी टीवीके के साथ लाने के प्रयास तेज हुए, जिसके बाद आखिरकार विजय सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच गए।

