Blog

  • Maharashtra Political News: ठाणे में पानी-कचरे की समस्या जस की तस, महायुति के ‘सभ्य शहर’ दावे पर सुप्रिया सुले का हमला

    Maharashtra Political News: ठाणे में पानी-कचरे की समस्या जस की तस, महायुति के ‘सभ्य शहर’ दावे पर सुप्रिया सुले का हमला

    ठाणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने ठाणे की बदहाल बुनियादी सुविधाओं को लेकर सत्तारूढ़ महायुति सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भले ही सरकार ठाणे को “सभ्य शहर” बताने के दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यहां आज भी पानी की किल्लत, कूड़ाघरों की कमी और नागरिक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

    नगर निकाय चुनाव से पहले एनसीपी (एसपी) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सुले ने कहा कि ठाणे कभी छोटा शहर था, जहां बेहतर जीवन की उम्मीद में देश-प्रदेश से लोग आए। लेकिन आज वही लोग बुनियादी जरूरतों के लिए जूझ रहे हैं।

    सुले ने विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर धन स्वीकृत किए जाने के सरकारी दावों पर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर वाकई इतना पैसा आया है तो पानी, कचरा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याएं अब तक क्यों नहीं सुलझीं। उन्होंने मतदाताओं से “बदलाव की भाषा” बोलने और निकाय चुनाव में सत्ताधारियों को जवाब देने की अपील की।

  • Mumbai Manpa Election 2026:मुंबई मनपा चुनाव 2026: कांग्रेस ने की निरीक्षकों की नियुक्ति

    Mumbai Manpa Election 2026:मुंबई मनपा चुनाव 2026: कांग्रेस ने की निरीक्षकों की नियुक्ति

    मुंबई। मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मुंबई के लिए जिलेवार निरीक्षकों की नियुक्ति की है। पार्टी ने अपने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे कांग्रेस की मजबूत चुनावी प्रदर्शन के लिए एकजुट होकर काम करें।

    मुंबई उत्तर के निरीक्षक चरण सिंह सप्रा होंगे, जबकि मुंबई उत्तर-पूर्व के लिए जॅनेट डी’सूझा और मुंबई उत्तर-पश्चिम के लिए राजेश शर्मा नियुक्त किए गए हैं। मुंबई उत्तर-मध्य का प्रभार शिवजी सिंह को दिया गया है, मुंबई दक्षिण-मध्य के लिए सचिन सावंत और मुंबई दक्षिण के लिए भाई जगताप जिम्मेदार होंगे।

    कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व मुंबई प्रभारी यू. बी. वेंकटेश ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठनात्मक रूप से सक्रिय रहें और चुनावी तैयारियों में पूर्ण सहयोग दें। पार्टी इस बार मुंबई में मजबूत प्रदर्शन के लिए पूरी तरह जुटी हुई है।

  • Polution: BJP शासन में धूल प्रदूषण पर आदेश जारी, लेकिन कार्रवाई का कोई हिसाब नहीं : RTI से खुलासा

    Polution: BJP शासन में धूल प्रदूषण पर आदेश जारी, लेकिन कार्रवाई का कोई हिसाब नहीं : RTI से खुलासा

    डबल इंजन सरकार में भी दमघोंटू लापरवाही

    डबल इंजन सरकार में भी दमघोंटू लापरवाही

    RTI LOGO

    R. S. Network

    मुंबई। केंद्र और राज्य—दोनों जगह भाजपा की “डबल इंजन सरकार” होने के बावजूद मुंबई आज भी धूल प्रदूषण से कराह रही है। हालात इतने बदतर हैं कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा जारी किए गए सख्त पर्यावरणीय आदेशों का पालन हुआ या नहीं, इसकी जानकारी तक खुद सरकारी महकमों के पास मौजूद नहीं है। यह चौंकाने वाला सच एक आरटीआई आवेदन के जवाब में सामने आया है, जिसने प्रशासनिक लापरवाही की परतें खोल दी हैं।

    हाईकोर्ट का आदेश, पर अमल नदारद

    पिछले साल मई में बीएमसी के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए सभी निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता सेंसर और एलईडी डिस्प्ले लगाना अनिवार्य किया था। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना और सख्त कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया था। लेकिन हकीकत यह है कि इन आदेशों का कितना पालन हुआ, कितनी कार्रवाई हुई और कितने बिल्डरों पर जुर्माना लगा—इसका कोई समेकित रिकॉर्ड मौजूद ही नहीं है।

    RTI में सरकारी स्वीकारोक्ति

    सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र घाडगे द्वारा दायर आरटीआई के जवाब में बीएमसी के पर्यावरण विभाग ने स्वीकार किया कि कितने निर्माण स्थलों पर सेंसर लगाए गए, इसकी जानकारी नहीं, नियम तोड़ने वालों पर कितनी कार्रवाई हुई, इसका कोई डेटा नहीं, इस योजना पर कितना सरकारी पैसा खर्च हुआ, इसका भी कोई विवरण उपलब्ध नहीं, इतना ही नहीं, विभाग ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि जानकारी अलग-अलग वार्ड कार्यालयों से मांगी जा सकती है।

    सवालों के घेरे में डबल इंजन सरकार

    जहां भाजपा बार-बार “डबल इंजन सरकार” के फायदे गिनाती है, वहीं यह मामला दिखाता है कि जिम्मेदारी का इंजन ही गायब है। शहर स्तर पर आदेश जारी होते हैं, लेकिन उसकी निगरानी के लिए न तो कोई केंद्रीय तंत्र है और न ही जवाबदेही तय की गई है।

    कार्यकर्ता का सीधा आरोप

    जितेंद्र घाडगे ने कहा कि जब सरकार और नगर निगम दोनों भाजपा के नियंत्रण में हैं, तब भी अगर हाईकोर्ट से जुड़े आदेशों की निगरानी नहीं हो रही, तो यह सीधी प्रशासनिक विफलता है। आदेश केवल कागज़ों में रह गए हैं और जनता प्रदूषण की कीमत अपनी सेहत से चुका रही है।”

    निर्माण माफिया को खुली छूट?

    मुंबई में मेट्रो, कोस्टल रोड, पुनर्विकास परियोजनाओं और ऊंची इमारतों के निर्माण से धूल प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। आरोप है कि सरकारी ढील और निगरानी के अभाव में निर्माण माफिया को खुली छूट मिल रही है, जबकि आम नागरिक सांस की बीमारियों से जूझ रहे हैं।

    जनता पूछ रही है सवाल कि जब केंद्र, राज्य और नगर निकाय—तीनों जगह भाजपा का शासन है, तब भी अगर पर्यावरण जैसे गंभीर मुद्दे पर यह हाल है, तो सवाल उठना लाज़िमी है कि क्या डबल इंजन सरकार सिर्फ नारों तक सीमित है, और ज़मीनी स्तर पर सरकारी महकमे बेलगाम हैं?

  • Kalyan Election: पैनल क्रमांक 13 की विजय रैली से चुनावी माहौल गरमाया, सैकड़ों नागरिकों की उमड़ी भीड़

    Kalyan Election: पैनल क्रमांक 13 की विजय रैली से चुनावी माहौल गरमाया, सैकड़ों नागरिकों की उमड़ी भीड़

    आर.एस. नेटवर्क । संवाददाता

    कल्याण: पैनल क्रमांक 13 में चुनावी सरगर्मी तेज होती नजर आ रही है। चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में आज पैनल के उम्मीदवारों द्वारा आयोजित विशाल जनरैली ने पूरे वार्ड का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया। सैकड़ों नागरिकों की मौजूदगी वाली यह रैली किसी विजय जुलूस से कम नहीं दिखी।

    पूरे वार्ड में उत्साह, नारेबाजी और जनसमर्थन का माहौल छाया रहा। पैनल क्रमांक 13 से चुनाव मैदान में उतरी पूजा संजय गायकवाड़, विक्की तरे, सरोज मनोज राय और महादेव रायभोले को रैली के दौरान जनता का व्यापक समर्थन मिलता नजर आया।

    उम्मीदवारों के प्रचार को मजबूती देने के लिए रैली में विधायिका सुलभा गायकवाड़, वरिष्ठ नेता संजय मोरे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वार्ड के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय नागरिकों ने फूल मालाओं और विजय तिलक के साथ उम्मीदवारों का भव्य स्वागत किया।

    जनसमर्थन की यह तस्वीरें चुनावी समीकरणों को प्रभावित करती दिख रही हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में पैनल क्रमांक 13 की यह रैली राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गई है। अब सभी की निगाहें मतदान के दिन पर टिकी हुई हैं।

  • Navi Numbai ; नवी मुंबई में भाजपा को बड़ी मजबूती: उत्तर भारतीय नेता कमलेश वर्मा सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का सामूहिक पक्ष प्रवेश

    नवी मुंबई |नवी मुंबई की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी मजबूती मिली है। महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश नाईक के मार्गदर्शन और भाजपा के पूर्व सांसद व प्रचार प्रमुख संजय नाईक के नेतृत्व में उत्तर भारतीय समाज से जुड़े कई प्रमुख नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा में सामूहिक रूप से प्रवेश किया।

    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक रविंद्र चव्हाण की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभावशाली नगरसेवक अमित मेडकर और राजेश शिंदे के सहयोग से शिवसेना से असंतुष्ट उत्तर भारतीय संघटक कमलेश वर्मा ने अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ 2 जनवरी 2025 को पावना स्थित व्हाइट हाउस कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

    इसी अवसर पर उत्तर भारतीय संगठन के अध्यक्ष तथा उभाटा के विभाग प्रमुख रामस्वरूप दाहिया भी अपने सहयोगियों के साथ भाजपा में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने भाजपा की बढ़ती ताकत का स्पष्ट संकेत दिया।

    भाजपा में प्रवेश करने वालों में गिरधारी लाल गुप्ता, शफीक खान, रमेश वर्मा, राजन गुप्ता, उमेश तिवारी, विद्याधर तिवारी, रोशन शेख, सुनील खन्ना, अजय गुप्ता (वाशी), अभिजीत गगने, मिराज खान, रवी राठोड़, आशिफ शेख, सागर गुप्ता, राजेश वर्मा, सत्येंद्र वर्मा सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हैं।बताया जाता है कि प्रभाग क्रमांक 14 और 20 में परप्रांतीय मतदाताओं की संख्या अधिक है और इन क्षेत्रों में कमलेश वर्मा का व्यापक जनसंपर्क है। वे वर्ष 2000 और 2005 में उत्तर भारतीय समाज के समर्थन से चुनाव लड़ चुके हैं और दोनों ही बार दूसरे स्थान पर रहे थे।

    भाजपा नेतृत्व द्वारा किए गए विकास कार्यों, मंत्री गणेश नाईक की बढ़ती लोकप्रियता और आगामी महानगरपालिका चुनाव को लेकर पार्टी प्रत्याशियों की सक्रियता से उत्तर भारतीय समाज का विश्वास भाजपा पर और मजबूत हुआ है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसका सीधा लाभ आगामी नवी मुंबई महानगरपालिका चुनाव में भाजपा को मिलने की पूरी संभावना है।

  • खोपोली हत्याकांड: राजनीतिक रंजिश में नगरसेविका के पति मंगेश कालोखे की हत्या, दो कॉन्ट्रैक्ट किलर गिरफ्तार, एक फरार

    खोपोली हत्याकांड: राजनीतिक रंजिश में नगरसेविका के पति मंगेश कालोखे की हत्या, दो कॉन्ट्रैक्ट किलर गिरफ्तार, एक फरार

    खोपोली में दिनदहाड़े हत्या का खुलासा, सुपारी देकर की गई वारदात, पुलिस जांच तेज

    नवी मुंबई।खोपोली नगर परिषद की नवनिर्वाचित शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) की नगरसेविका मानसी कालोखे के पति मंगेश कालोखे (45) की हत्या मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और कॉन्ट्रैक्ट किलरों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस सनसनीखेज हत्याकांड का एक मुख्य कॉन्ट्रैक्ट किलर अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

    व्यस्त चौराहे पर दिनदहाड़े हत्या

    गौरतलब है कि 26 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे, खोपोली के एक व्यस्त चौराहे पर मंगेश कालोखे की तलवार, कोयता और कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के वक्त वे अपनी दो बेटियों को स्कूल छोड़कर बाइक से घर लौट रहे थे।पुलिस के अनुसार, हमलावर पहले से ही काले रंग की कार में घात लगाकर बैठे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।

    मुख्य साजिशकर्ता रविंद्र देवकर

    रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल ने बताया कि इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता रविंद्र देवकर है, जो एनसीपी (अजित पवार गुट) की नेता उर्मिला देवकर का पति है।हाल ही में हुए खोपोली नगर परिषद चुनाव में मानसी कालोखे ने उर्मिला देवकर को पराजित किया था, जिसके बाद राजनीतिक रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई।सुपारी देकर कराई गई हत्यापुलिस के अनुसार, रविंद्र देवकर ने मंगेश कालोखे की हत्या के लिए तीन कॉन्ट्रैक्ट किलरों को सुपारी दी थी।हत्या को अंजाम देने वाले कुल पांच आरोपियों में—रविंद्र देवकर का बड़ा बेटा दर्शन देवकर,उसका बॉडीगार्ड महेश धायतडाक,और तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर शामिल हैं।इनमें से दो कॉन्ट्रैक्ट किलरों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य कॉन्ट्रैक्ट किलर फरार है।

    एनसीपी नेताओं की भूमिका की जांच

    एसपी आंचल दलाल ने बताया कि पुलिस इस मामले में रायगढ़ जिला एनसीपी अध्यक्ष सुधाकर घारे और एनसीपी प्रवक्ता भारत भगत की भूमिका की भी जांच कर रही है।मृतक के भतीजे द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में दोनों के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मुख्य कॉन्ट्रैक्ट किलर की गिरफ्तारी के बाद ही इनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।अब तक 9 आरोपी गिरफ्तारइससे पहले, हत्या के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें रविंद्र देवकर, उसकी पत्नी उर्मिला देवकर, बेटे दर्शन और धनंजयएनसीपी समर्थक विशाल देशमुख, दिलीप पवार, महेश धायतडाक, सागर मोरे, सचिन खराडे शामिल हैं।वहीं, एफआईआर में नामजद सामाजिक कार्यकर्ता सचिन चव्हाण की तलाश अभी भी जारी है।जांच तेज, जल्द गिरफ्तारी का दावापुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज़ी से जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

  • MUSLIM-HINDU: कांग्रेस राम-विरोधी और उबाठा मुस्लिम वोटों के लिए उर्दू में प्रचार कर रही है: संजय निरुपम

    MUSLIM-HINDU: कांग्रेस राम-विरोधी और उबाठा मुस्लिम वोटों के लिए उर्दू में प्रचार कर रही है: संजय निरुपम

    मुंबई। शिवसेना नेता संजय निरुपम(Sanjay Nirupam) ने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट (उबाठा) (UBT Shiv Sena) पर जोरदार हमला बोला है। नाना पटोले (Nana Patole) द्वारा राहुल गांधी(Rahul Gandhi) की तुलना भगवान राम से किए जाने पर निरुपम ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस की पहचान शुरू से ही राम-विरोधी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और आज तक अयोध्या में बने राम मंदिर में दर्शन तक नहीं किए।

    संजय निरुपम ने कहा, “कांग्रेस के नेता खुद को राम के आदर्शों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि वे रावण के अनुयायी रहे हैं। अगर नाना पटोले का दावा है कि राहुल गांधी भगवान राम के आदर्शों के अनुसार दबे-कुचले लोगों के लिए काम कर रहे हैं, तो फिर हर दो महीने में वे कोलंबिया, पेरू, इटली, लंदन और थाईलैंड क्यों जाते हैं? आखिर यह किस तरह का जनसेवा कार्य है?”

    निरुपम ने उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिस शिवसेना की स्थापना हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे ने की थी और जो हमेशा हिंदी, हिंदू और हिंदुस्तान के विचारों के साथ मजबूती से खड़ी रही, आज वही पार्टी मुस्लिम वोट बैंक के लिए अपनी मूल पहचान से भटकती नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उबाठा गुट प्रचार में हिंदी और मराठी को छोड़कर उर्दू भाषा का इस्तेमाल कर रहा है।

    संजय निरुपम ने आगे कहा कि उद्धव ठाकरे गुट जिहादी सोच रखने वालों के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है और उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर रहा है। यह इस गुट की असलियत को उजागर करता है और शिवसेना की मूल विचारधारा से पूरी तरह अलग है।

    मुंबई महानगरपालिका (मनपा) चुनाव को लेकर निरुपम ने दावा किया कि मुंबई का अगला मेयर मराठी मानुस होगा और वह छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों से प्रेरित होगा। उन्होंने कहा कि मुंबई की मराठी जनता ही अंतिम फैसला करेगी और किसी भी तरह की तुष्टिकरण की राजनीति को नकार देगी।

    इसके अलावा संजय निरुपम ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को देखते हुए शाहरुख खान को अपनी टीम में बांग्लादेशी खिलाड़ी शामिल नहीं करने चाहिए। निरुपम के इस बयान ने राजनीतिक के साथ-साथ फिल्मी हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है।

    कुल मिलाकर संजय निरुपम के इन बयानों से महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ गया है और आगामी मनपा चुनावों से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

  • भाजपा को मिली ताकत, कांग्रेस को होगा नुकसान: मालाड वार्ड 47 में बदला चुनावी माहौल

    भाजपा को मिली ताकत, कांग्रेस को होगा नुकसान: मालाड वार्ड 47 में बदला चुनावी माहौल

    मुंबई।
    मुंबई महानगरपालिका के आगामी सार्वत्रिक चुनाव 2025–26 की पृष्ठभूमि में मालाड क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 47 में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के मुंबई अध्यक्ष तेजिंदर सतनाम सिंह तिवाना को वार्ड 47 से भाजपा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

    स्थानीय, उच्च शिक्षित और लगातार जनसंपर्क में सक्रिय उम्मीदवार के चयन से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि युवा नेतृत्व को आगे लाने का पार्टी का यह फैसला आगामी चुनावों में निर्णायक साबित हो सकता है।

    कांग्रेस नेताओं का सामूहिक इस्तीफा, भाजपा में औपचारिक प्रवेश

    इस बीच कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा जब उत्तर मुंबई जिला कांग्रेस के महासचिव अरविंद क्वार्डोस तथा कांग्रेस झुग्गी पुनर्विकास प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरुगन पिल्लई ने अपने सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

    यह भव्य पक्ष प्रवेश कार्यक्रम केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    भाजपा के नेतृत्व और विकास नीति पर जताया भरोसा

    पार्टी में प्रवेश के बाद नवप्रवेशी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा का सशक्त संगठन, विकासोन्मुख नीतियाँ तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का दूरदर्शी नेतृत्व ही उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा ही आम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में सक्षम है।

    वार्ड 47 में जीत का भरोसा, मालाड की राजनीति में बदलाव के संकेत

    कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि तेजिंदर सतनाम सिंह तिवाना वार्ड क्रमांक 47 से भारी बहुमत से विजयी होंगे। चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा यह झटका मालाड की राजनीति में निर्णायक मोड़ ला सकता है, ऐसी चर्चा राजनीतिक हलकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों में भी तेज़ हो गई है।

  • BMC Election 2025-26: मुंबईकरों को प्रशासन और बुनियादी सुविधाएँ देने में भ्रष्ट महायुती पूरी तरह नाकाम: सांसद वर्षा गायकवाड

    BMC Election 2025-26: मुंबईकरों को प्रशासन और बुनियादी सुविधाएँ देने में भ्रष्ट महायुती पूरी तरह नाकाम: सांसद वर्षा गायकवाड

    मुंबई महानगरपालिका में भ्रष्ट युती के कारनामों के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रहार, प्रदर्शन का उद्घाटन

    कांग्रेस का ऐलान: भ्रष्टाचारमुक्त, पारदर्शी और जनहितकारी मुंबई देंगे

    मुंबई कांग्रेस का महायुती पर हमला, बीएमसी को खोखला करने और खुली लूट का आरोप

    मुंबई।
    मुंबई कांग्रेस ने महायुती सरकार पर मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को पूरी तरह खोखला करने, बीते तीन वर्षों में मुंबईकरों की गाढ़ी कमाई की खुली लूट करने और नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का दावा है कि वर्ष 2017 से 2022 के दौरान बीएमसी की कुल कार्यक्षमता मात्र 38 प्रतिशत रही, जो प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट प्रमाण है।

    राजीव गांधी भवन में ‘युती काला चिट्ठा’ जारी

    इन आरोपों को लेकर राजीव गांधी भवन में कांग्रेस द्वारा बीएमसी के कथित भ्रष्टाचार पर आधारित ‘युती काला चिट्ठा’ जारी किया गया। इस अवसर पर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा एकनाथ गायकवाड़, मुंबई कांग्रेस प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस तथा पूर्व मंत्री व विधायक असलम शेख प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

    नगर नियोजन और नागरिक सुविधाओं में विफल रही महायुती : वर्षा गायकवाड़

    सभा को संबोधित करते हुए सांसद वर्षा गायकवाड़ ने भाजपा-नेतृत्व वाली महायुती पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नगर नियोजन, प्रशासन और मूलभूत नागरिक सुविधाएँ देने में यह गठबंधन पूरी तरह असफल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुंबई को भ्रष्टाचार से मुक्त कर पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

    12 हजार करोड़ की जमा राशि घटी, प्रदूषण में अव्वल मुंबई

    सांसद गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि बीते तीन वर्षों में बीएमसी की मुदत जमा राशि में करीब 12 हजार करोड़ रुपये की गिरावट आई है। आज मुंबई देश में वायु प्रदूषण के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गई है। निर्माण कार्यों से उठने वाली धूल आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है।

    बेस्ट को कमजोर करने और निजीकरण की साजिश का आरोप

    उन्होंने कहा कि मुंबईकरों की जीवनरेखा मानी जाने वाली बेस्ट को जानबूझकर घाटे में डालकर यात्रियों पर लगातार भाड़ावृद्धि का बोझ डाला जा रहा है। किराए लगभग दोगुने कर दिए गए हैं और सार्वजनिक परिवहन को कमजोर कर बेस्ट डिपो की जमीनें निजी हाथों में देने की साजिश रची जा रही है।

    मिठी नदी गाद घोटाले का भी जिक्र

    सांसद गायकवाड़ ने मिठी नदी की सफाई के नाम पर हजारों करोड़ रुपये के गाद घोटाले का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि फर्जी एमओयू के जरिए ठेकेदारों और अधिकारियों द्वारा खुली लूट की गई, जो महायुती सरकार के भ्रष्ट कारभार का उदाहरण है।

    उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा,
    “मुंबईकरों की यह लूट अब बंद होनी चाहिए। इसके लिए भ्रष्ट महायुती को सत्ता से बाहर करना जरूरी है।”

    कांग्रेस सत्ता में आई तो मुंबई के लिए ये वादे

    सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि यदि मुंबई महानगरपालिका में कांग्रेस की सत्ता आती है तो—

    • बेस्ट बेड़े में 6,000 से अधिक नई बसें शामिल की जाएंगी
    • हर मुंबईकर को यूनिवर्सल फ्री हेल्थ कार्ड और मुफ्त दवाइयाँ दी जाएंगी
    • बंद पड़ी मराठी स्कूलों को पुनः शुरू कर उनका नवीनीकरण किया जाएगा
    • मुंबई की पानी आपूर्ति 5,000 एमएलडी तक बढ़ाई जाएगी
    • पथविक्रेता अधिनियम 2014 को सख्ती से लागू किया जाएगा
    • निर्माण कार्यों से होने वाले प्रदूषण पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे

    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह कांग्रेस और महाआघाड़ी के सहयोगी दल संयुक्त जाहीरनामा जारी करेंगे।

  • Bhagwat Katha:प्रगतिनगर में 4 जनवरी से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भागवताचार्य श्याम जी महाराज की मधुर वाणी से बहेगा भक्ति-रस

    Bhagwat Katha:प्रगतिनगर में 4 जनवरी से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भागवताचार्य श्याम जी महाराज की मधुर वाणी से बहेगा भक्ति-रस

    नालासोपारा पूर्व में स्थित प्रगतिनगर क्षेत्र में आगामी 4 जनवरी से श्रीमद्भागवत कथा(Bhagwat Katha) का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सुप्रसिद्ध भागवताचार्य श्याम जी महाराज अपनी मधुर एवं ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगे।

    आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा श्रवण के माध्यम से श्रोताओं को आध्यात्मिक शांति, सदाचार और जीवन मूल्यों की प्रेरणा प्राप्त होगी।

    आयोजकों के अनुसार, कथा प्रतिदिन निर्धारित समय पर होगी, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया जा रहा है और भक्तिमय वातावरण तैयार किया जा रहा है।

    इस धार्मिक आयोजन के प्रमुख मार्गदर्शक नालासोपारा के विधायक राजन नाइक एवं भाजपा नेता पंकज दत्तात्रेय देशमुख हैं, जिनके मार्गदर्शन में आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

    आयोजन समिति में संस्था अध्यक्ष राजेश तिवारी के साथ शिवकुमार शुक्ल, नरेंद्र दुबे ‘सोनू’, सुरेश शुक्ल, दीपक दुबे, अजीत सिंह, दया सिंह, अनुराग दुबे, विनोद दुबे, अरविंद दुबे, दीपक तिवारी, अभिषेक मिश्रा, अनूप मिश्रा, संतोष दुबे, प्रतीक दुबे, मोहन मौर्य सहित संस्था के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे रहेंगे।