Blog

  • Satya Morcha: मुंबई में INDIA का ‘सत्य का मोर्चा’: बोगस मतदाता सूची के खिलाफ महाविकास आघाड़ी का तीखा हमला

    Satya Morcha: मुंबई में INDIA का ‘सत्य का मोर्चा’: बोगस मतदाता सूची के खिलाफ महाविकास आघाड़ी का तीखा हमला

    मुंबई: महाराष्ट्र में विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर एक बार फिर मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल उठे हैं। कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य और पूर्व मंत्री बाला साहेब थोरात ने मुंबई में आयोजित महाविकास आघाड़ी (MVA) के भव्य सर्वदलीय ‘सत्य का मोर्चा’ को संबोधित करते हुए कहा कि “यह मोर्चा सिर्फ़ चुनाव आयोग के खिलाफ नहीं, बल्कि उन लोगों के खिलाफ है जो चुनाव आयोग को नियंत्रित करते हैं।”

    थोरात ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में बोगस मतदाता सूचियों का बड़े पैमाने पर उपयोग हुआ था और अब वही सूचियाँ स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनावों के लिए भी इस्तेमाल की जा रही हैं। उन्होंने मांग की कि इन सूचियों को तुरंत दुरुस्त किया जाए और तभी स्थानीय चुनाव कराए जाएँ।

    उन्होंने कहा, “देशभर में मतचोरी हुई है — यह बात लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सबूतों के साथ उजागर की थी, लेकिन केंद्रीय चुनाव आयोग ने उस पर केवल औपचारिक और भ्रामक जवाब दिया। आयोग का उत्तर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सबसे बोगस जवाबों में से एक है।”

    थोरात ने आगे बताया कि उनके संगमनेर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण भाग में ही 9,500 से अधिक फर्जी मतदाता पाए गए हैं। “हमने आपत्ति दर्ज कराते हुए दुरुस्ती की मांग की, लेकिन तहसीलदार का कहना है कि उनके पास संशोधन का कोई अधिकार नहीं है। यदि यही सूची नगरपालिकाओं, महानगरपालिकाओं और जिला परिषद चुनावों में इस्तेमाल की जाएगी, तो यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है,” उन्होंने कहा।

    उन्होंने राज्य चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष की ओर से बार-बार आग्रह के बावजूद आयोग कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है।

    इस बीच, सत्ता पक्ष द्वारा निकाले गए ‘मूक मोर्चा’ पर तंज कसते हुए थोरात ने कहा, “जब हम ‘सत्य का मोर्चा’ निकाल रहे हैं, तो सत्ताधारी दल मूक मोर्चा निकाल रहे हैं — कहीं इसमें चुनाव आयोग भी शामिल तो नहीं?”

    कार्यक्रम में शरद पवार, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे जैसे दिग्गज नेताओं ने भी हिस्सा लिया और भाजपा-महायुती सरकार के साथ-साथ चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा।

    “आयोग का सर्वर किसके कार्यालय में?: उद्धव ठाकरे का तीखा सवाल

    मुंबई: मुंबई में आयोजित महाविकास आघाड़ी के ‘सत्य का महामोर्चा’ में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गट) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा और मतचोरी की साज़िश चल रही है।

    सभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने चौंकाने वाला खुलासा किया — “मेरे और मेरे परिवार के चार सदस्यों के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की गई है। यह कोई सामान्य गलती नहीं बल्कि एक सोची-समझी चाल है। सवाल यह है कि आयोग का सर्वर आखिर किसके कार्यालय में है? कौन तय करता है कि किसका नाम हटाना है और किसे जोड़ना है? यह पूरा खेल लोकतंत्र को कमजोर करने की दिशा में है।”

    मुंबई में आयोजित महाविकास आघाड़ी के ‘सत्य का महामोर्चा’ में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने चुनाव आयोग पर मतदाता सूची और EVM में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

    उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन कर झूठे मोबाइल नंबर के माध्यम से उनके परिवार के नाम हटाने का प्रयास किया गया था। चुनाव आयोग की टीम जब सत्यापन के लिए उनके घर पहुँची, तब यह बात सामने आई। उद्धव ने कहा, “यह साज़िश 23 अक्टूबर को रची गई थी — अब हमें न्याय चाहिए और हम इस पूरे मामले में अदालत का दरवाज़ा खटखटाएँगे।”


    मुंबई में आयोजित महाविकास आघाड़ी के ‘सत्य का महामोर्चा’ में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने चुनाव आयोग पर मतदाता सूची और EVM में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

    राज ठाकरे का आरोप: EVM और मतदाता सूचियों में गड़बड़ी का सबूत मेरे पास है’

    मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि वह 2017 से लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि EVM और मतदाता सूचियाँ दोनों में घोटाला है। उन्होंने दावा किया कि कल्याण ग्रामीण, डोंबिवली, मुरबाड और भिवंडी के 4,500 मतदाताओं ने मुंबई के मलबार हिल मतदारसंघ में भी मतदान किया है।
    राज ठाकरे ने मंच से कहा, “यह कारस्थानें चुनाव आयोग के माध्यम से चल रही हैं। अगर ऐसे ही चुनाव होंगे तो हम लोकतंत्र में कैसे भरोसा करें? अब जनता को जागरूक होना होगा — एक-एक मतदाता सूची की जाँच करनी होगी, और अगर कहीं डुप्लिकेट या फर्जी नाम मिले तो वहीं उजागर करना होगा।”

    उन्होंने अपने पास मौजूद दस्तावेज़ों का ‘सबूतों का ढेर’ मंच पर दिखाया, जिसमें हर लोकसभा क्षेत्र में 50,000 से 1 लाख तक दोहराए गए मतदाता नाम होने का दावा किया गया।


    मुंबई में आयोजित महाविकास आघाड़ी के ‘सत्य का महामोर्चा’ में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने चुनाव आयोग पर मतदाता सूची और EVM में गड़बड़ी का आरोप लगाया।

    मोर्चे में ‘यमराज’ का अनोखा प्रदर्शन

    मोर्चे में एक व्यक्ति ने यमराज के वेश में आकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उसने कहा, “मैं यमलोक से आया हूँ — 80, 90, 117, 124 साल के जो मतदाता इस दुनिया में नहीं हैं, उन्हें अब ले जाने आया हूँ। जो ‘झुकेगा नहीं’ बोलते हैं, पहले उन्हें ही ले जाऊँगा!”


    ‘लाल सलाम’ से गूंजा मोर्चा परिसर

    इस मोर्चे में वामपंथी नेताओं शैलेंद्र कांबळे, अजित नवले, सुभाष लांडे, प्रकाश रेड्डी और मिलिंद रानडे ने ‘लाल सलाम’ के नारे लगाकर माहौल में जोश भर दिया। उनके साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस और उद्धव सेना के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।


    राज ठाकरे का लोकल ट्रेन से चर्चगेट तक सफर

    राज ठाकरे ने मोर्चे में शामिल होने के लिए दादर से चर्चगेट तक लोकल ट्रेन से सफर किया। भीड़ के कारण उन्होंने दो लोकल ट्रेनें छोड़ीं और तीसरी (10:22 की) ट्रेन में सफर किया। दिलचस्प बात यह रही कि उन्हें “विंडो सीट” मिली और कुछ यात्रियों के कहने पर उन्होंने उनके टिकट पर ऑटोग्राफ भी दिए।


    हम अदालत में जाएंगे, जनता का न्याय सबसे बड़ा: उद्धव ठाकरे

    भाजपा की आलोचना करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि जब विपक्ष चुनाव आयोग से सवाल करता है, तो सत्ताधारी पूछते हैं — “अदालत में क्यों नहीं जाते?” अब हम अदालत में भी जाएंगे और जनता के न्यायालय में भी जाएंगे।
    उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र की जनता लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को माफ़ नहीं करेगी। अगर मतचोरी करके चुनाव कराने की कोशिश की गई, तो यह जनता अपनी मुट्ठी का जवाब उनके सिर पर देगी।”

  • National Book Trust:गोरखपुर विश्वविद्यालय में पुस्तक महोत्सव का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आचार्य पवन त्रिपाठी रहे उपस्थित

    National Book Trust:गोरखपुर विश्वविद्यालय में पुस्तक महोत्सव का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आचार्य पवन त्रिपाठी रहे उपस्थित

    गोरखपुर, 1 दिसंबर: राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (National Book Trust) के तत्वाधान में आयोजित “गोरखपुर पुस्तक महोत्सव” का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट, मुंबई के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रवि किशन शुक्ल, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के चेयरमैन मिलिंद मराठे, निदेशक युवराज मलिक, गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन, वरिष्ठ प्रशासक अवनीश अवस्थी, विधायक प्रदीप शुक्ल, पूर्व मंत्री श्रीराम चौहान, विधायक विपिन सिंह, विमलेश पासवान और सरवन निषाद सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

    उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “पुस्तकें समाज की चेतना को जीवित रखती हैं और एक सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार बनती हैं। गोरखपुर पुस्तक महोत्सव इस दिशा में एक प्रेरक पहल है।”

    आचार्य पवन त्रिपाठी ने अपने वक्तव्य में कहा कि “पुस्तकें केवल ज्ञान का साधन नहीं, बल्कि संस्कृति, मूल्य और परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजन भारतीय चिंतन को नई ऊर्जा देते हैं।”

    कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, लेखकों और प्रकाशकों ने साहित्य और संस्कृति पर संवाद किया। महोत्सव में देशभर से आए प्रकाशकों और लेखकों ने अपनी पुस्तकों का प्रदर्शन किया, जिससे विश्वविद्यालय का परिसर ज्ञान और संस्कृति का केंद्र बन गया।

  • DCM Eknath Shinde News:उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में श्री विट्ठल की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया

    DCM Eknath Shinde News:उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में श्री विट्ठल की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया

    पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर घाट, उपवन में आयोजन, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक और सांसद नरेश म्हस्के उपस्थित

    ठाणे: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (DCM Eknath Shinde) ने ठाणे के पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर घाट, उपवन(UpvanLake) में श्री सावला विट्ठल (VitthalStatue) की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद नरेश म्हस्के(NareshMhaskey), पूर्व विधायक रवींद्र फाटक, पूर्व महापौर एच.एस. पाटिल, और प्रसिद्ध कीर्तनकार निवृत्ती महाराज देशमुख (इंदोरीकर) सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।

    उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि “सावला विट्ठल की यह विशाल प्रतिमा उपवन क्षेत्र को पवित्रता और आध्यात्मिकता से भर देती है। अब ठाणे ने पंढरपुर का रूप धारण कर लिया है। यह केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि भक्ति और समर्पण का प्रतीक है।”

    उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री रहते हुए मैंने अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं को गति दी, लेकिन आज का यह समारोह मेरे लिए सबसे विशेष है — क्योंकि यह समारोह जन-भावना, श्रद्धा और संस्कृति का उत्सव है।”

    शिंदे ने अपने संबोधन में बताया कि महाराष्ट्र संतों और वीरों की भूमि है। “छत्रपति शिवाजी महाराज की इस पवित्र भूमि पर वारकरी संप्रदाय हमारी संस्कृति की आत्मा है। जब मैं मुख्यमंत्री था, तब हमारी सरकार ने वारकरी दिंड्याओं (WarakariSampraday) को अनुदान देने, उनके लिए बीमा योजना लागू करने और दिंड्याओं को टोल-फ्री करने का निर्णय लिया था,” उन्होंने कहा।

    इस समारोह में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपनगर अभियंता सुधीर गायकवाड़, और कार्यकारी अभियंता संजय कदम भी मौजूद थे।

    परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि “ऐसी चार भव्य प्रतिमाएँ स्थापित की जा रही हैं — इनमें से एक ठाणे के उपवन तालाब पर, एक राम मंदिर तालाब पर, और दो मीरा-भायंदर में स्थापित की जाएँगी।”

    समारोह के अंत में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने संत परंपरा को नमन करते हुए कहा कि “गरीबों के देवता विट्ठल की यह प्रतिमा हमें निस्वार्थ सेवा और विनम्रता की प्रेरणा देती रहेगी।”

  • Thane Development News: कोपरी की ज़िंदगी कीचड़ में फँसी: पुनर्विकास कार्यों से सड़कें बनी दलदल, नागरिकों का जीवन दूभर

    Thane Development News: कोपरी की ज़िंदगी कीचड़ में फँसी: पुनर्विकास कार्यों से सड़कें बनी दलदल, नागरिकों का जीवन दूभर

    ठाणे, 30 अक्टूबर: ठाणे का कोपरी इलाका इन दिनों कीचड़, मिट्टी और अव्यवस्था से जूझ रहा है। जहाँ एक ओर पुनर्विकास परियोजनाओं के नाम पर इमारतों की खुदाई का काम दिन-रात चल रहा है, वहीं सड़क पर फैली मिट्टी और बारिश के पानी ने पूरे इलाके को कीचड़ के दलदल में बदल दिया है।

    पैदल चलना, स्कूल के बच्चों का आना-जाना, और दोपहिया वाहनों का आवागमन — सब एक “जोखिम भरा सफ़र” बन गया है। हर दिन किसी न किसी के फिसलने, कपड़े गंदे होने या मामूली चोट लगने की घटनाएँ सामने आ रही हैं।

    स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह से देर रात तक खुदाई और डंपरों के आने-जाने से सड़कों पर मिट्टी की परत जम जाती है। जैसे ही बारिश होती है, सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं। “डंपर चालक मिट्टी को ढककर नहीं ले जाते, जिससे पूरी सड़क पर गाद फैल जाती है,” एक निवासी ने कहा।

    कोपरी में बड़े पैमाने पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की उचित निगरानी न होने से नागरिकों का जीवन दूभर हो गया है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी परेशान हैं। “पैर रखने की जगह नहीं मिलती,” एक महिला निवासी ने नाराज़गी जताई।

    स्थानीय नागरिकों ने ठाणे नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। “हर दिन लाखों रुपये वसूलने वाला नगर निगम नागरिकों की दुर्दशा पर चुप क्यों है?” — यह सवाल गुस्साए नागरिकों ने उठाया। उन्होंने प्रशासन से मिट्टी हटाने और सड़कों की सफाई के लिए विशेष टीम तैनात करने की अपील की है।

    स्कूल और दफ़्तर के समय में यहाँ भीषण भीड़ रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना और बढ़ जाती है। कई रिक्शा और दोपहिया वाहन चालक अब इन सड़कों से गुजरने से बचने लगे हैं।

    सुनील नाइक, ठाणे पूर्व ने बताया कि निवासियों को उम्मीद है कि ठाणे नगर निगम इस “कीचड़ मार्च” को गंभीरता से लेगा और पुनर्विकास के नाम पर फैले इस अव्यवस्था पर जल्द नियंत्रण करेगा।

  • Maharashtra News Retirement :सहायक प्रशासन अधिकारी कल्पना तोरावणे सेवानिवृत्त, ठाणे जिला परिषद ने किया सम्मान

    Maharashtra News Retirement :सहायक प्रशासन अधिकारी कल्पना तोरावणे सेवानिवृत्त, ठाणे जिला परिषद ने किया सम्मान

    ठाणे: ठाणे जिला परिषद (Zilla Parishad) के सामान्य प्रशासन विभाग में सहायक प्रशासन अधिकारी के पद पर कार्यरत कल्पना तोरावणे शुक्रवार को सेवानिवृत्त हुईं। इस अवसर पर जिला परिषद मुख्यालय (Head office) में आयोजित सम्मान समारोह में उनके उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई।

    कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानाडे, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजिंक्य पवार और उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सामान्य प्रशासन) अविनाश फड़तारे उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने तोरावणे के अनुशासित, परिश्रमी और ईमानदार कार्यशैली की सराहना की।

    अजिंक्य पवार ने अपने संबोधन में कहा कि, “कल्पना तोरावणे ने प्रशासनिक अनुशासन और सेवा भावना (RespectAndHonor) का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका कार्य आगामी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।” वहीं अविनाश फड़तारे ने उनके सकारात्मक दृष्टिकोण और कार्यकुशलता को ठाणे जिला परिषद की संपत्ति बताया।

    कल्पना तोरावणे ने वर्ष 1998 में जिला परिषद सेवा जॉइन की थी। अपने 27 वर्ष के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहकर प्रशासनिक कार्यों को कुशलतापूर्वक संपादित किया। कार्य के साथ उन्होंने कानून की डिग्री और पत्रकारिता में डिप्लोमा प्राप्त कर यह सिद्ध किया कि “सीखने की कोई उम्र नहीं होती।”

    उनके समर्पण और दक्षता के चलते उन्हें “जिला परिषद कर्मचारी ऑफ द ईयर” पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

    सेवानिवृत्ति के अवसर पर उनके परिवार और सहकर्मियों ने उन्हें भावनात्मक विदाई दी। कार्यक्रम के अंत में ठाणे जिला परिषद परिवार की ओर से उन्हें स्वस्थ, सुखद और संतोषपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ दी गईं।

  • Ambernath News:अंबरनाथ में ‘100 फ़र्ज़ी मतदाता’ मामले ने मचाया बवाल: प्रवीण गोसावी की 5 लाख की चुनौती!

    Ambernath News:अंबरनाथ में ‘100 फ़र्ज़ी मतदाता’ मामले ने मचाया बवाल: प्रवीण गोसावी की 5 लाख की चुनौती!

    संजय राजगुरु

    अंबरनाथ (Ambernath News): आगामी नगर परिषद और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले अंबरनाथ की राजनीति में बड़ा हड़कंप मच गया है। सामाजिक कार्यकर्ता और नगर परिषद चुनाव के इच्छुक उम्मीदवार प्रवीण गोसावी ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि अंबरनाथ नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 26 (महालक्ष्मी नगर–संतोषी माता नगर क्षेत्र) की मतदाता सूची में करीब “100 मुस्लिम फ़र्ज़ी मतदाता”(Fake Voters) शामिल किए गए हैं। उनके इस दावे ने पूरे शहर में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है।

    गोसावी ने राज्य चुनाव आयोग (Election Commission)को दिए अपने लिखित बयान में कहा है कि 2009 से इस वार्ड की मतदाता सूची में एक ही पते पर लगभग 100 मतदाता दर्ज हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाता है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग की है ताकि पता चल सके कि ये मतदाता वास्तव में उसी पते पर रहते भी हैं या नहीं।

    प्रवीण गोसावी(PravinGosavi) ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका आरोप किसी धर्म या समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि फर्जी पंजीकरण की व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा, “अगर ये सभी मतदाता असली साबित होते हैं और वास्तव में मौजूद हैं, तो मैं व्यक्तिगत रूप से 5 लाख रुपये का इनाम दूँगा।”

    उन्होंने राज्य चुनाव आयोग (ElectionCommission) को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आयोग बिना संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित किए चुनाव कराता है, तो इससे लोकतंत्र की नींव कमजोर होगी। गोसावी ने कहा, “अगर फर्जी मतदाताओं के ज़रिए मतदान हुआ तो मैं खुद ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की पहल करूंगा। यदि इससे क़ानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होगी।”

    गोसावी के इस दावे के बाद महालक्ष्मी नगर और आसपास के क्षेत्रों में इस मुद्दे पर तीखी चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने इलाके में एक बड़ा बैनर भी लगाया है, जिसमें कथित ‘100 फर्जी मतदाताओं’ की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इससे स्थानीय नागरिकों में उत्सुकता और बहस दोनों बढ़ गई हैं। कुछ लोग तो अब मज़ाक में कहने लगे हैं कि “कौन है वो सौ लोग?” ताकि 5 लाख रुपये का इनाम पा सकें।

    राज्य भर में मतदाता सूचियों में फर्जी प्रविष्टियों और त्रुटियों को लेकर विवाद पहले से ही चल रहा है। ऐसे में अंबरनाथ का यह मामला न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि राज्य चुनाव आयोग के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। अब सबकी निगाहें आयोग की जांच पर टिकी हैं , क्या ये 100 मतदाता वास्तव में मौजूद हैं या यह एक राजनीतिक दांव है? आने वाले दिनों में यह मामला अंबरनाथ की राजनीति का सबसे चर्चित मुद्दा बन सकता है।

  • Ulhasnagar News: गुरुद्वारे में उपदेशक रिंकू भाई पर बुजुर्ग महिला को धक्का देने का आरोप, सोशल मीडिया पर विवाद भड़का

    Ulhasnagar News: गुरुद्वारे में उपदेशक रिंकू भाई पर बुजुर्ग महिला को धक्का देने का आरोप, सोशल मीडिया पर विवाद भड़का

    Ulhasnagar News:उल्हासनगर के गुरु अर्जुन देव गुरुद्वारे में उपदेशक रिंकू भाई द्वारा एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु को धक्का देने की घटना ने विवाद खड़ा कर दिया है। वीडियो वायरल (Viral Video) होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आईं। अनुयायियों ने इसे सिख मर्यादा का मामला बताते हुए बचाव किया।

    उल्हासनगर। विनम्रता, संयम और अहंकार पर नियंत्रण के अपने उपदेशों के लिए प्रसिद्ध उपदेशक रिंकू भाई (Rinku Bhai) एक विवाद में घिर गए हैं। उल्हासनगर के गुरु अर्जुन देव गुरुद्वारे (Gurudwara News) में एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु को धक्का देने की कथित घटना के बाद धार्मिक समुदाय में आक्रोश फैल गया है। यह घटना कुछ दिन पहले अमृतवेला प्रभात फेरी(ReligiousNews) के बाद हुई, जब रिंकू भाई गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेकने पहुंचे थे।

    गवाहों के अनुसार, श्रद्धा से भावविभोर एक बुजुर्ग महिला (Old Women) ने उन पर फूल बरसाकर स्वागत किया, लेकिन यह कृत्य उपदेशक को नागवार गुज़रा। उन्होंने कथित तौर पर महिला को धक्का देकर अपनी नाराज़गी जताई। यह पूरी घटना गुरुद्वारे के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

    स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अहंकार त्यागने और विनम्रता का संदेश देता है, उसे अपने आचरण में भी वही गुण दिखाने चाहिए। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने रिंकू भाई की आलोचना की और उन्हें माफ़ी मांगने की सलाह दी। वहीं, कुछ लोगों ने इस विवाद को समुदाय की एकता पर प्रहार बताकर शांतिपूर्ण समाधान की अपील की।

    रिंकू भाई के अनुयायियों ने उनका बचाव करते हुए दावा किया कि उन्होंने किसी को धक्का नहीं दिया। उनके मुताबिक, गुरुद्वारे के अंदर किसी व्यक्ति पर फूल बरसाना सिख धार्मिक मर्यादा के विरुद्ध है। मर्यादा के अनुसार, फूल केवल गुरु ग्रंथ साहिब की शोभायात्रा या सजावट के लिए प्रयोग किए जा सकते हैं, किसी उपदेशक पर नहीं।

    अनुयायियों ने बताया कि महिला ने इस बात के लिए माफी भी मांगी थी, जिसके बाद मामला वहीं शांत हो गया था। हालांकि वीडियो के वायरल होने से सोशल मीडिया पर फिर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने इसे धार्मिक मर्यादा बनाम मानवीय संवेदना का मुद्दा बताया।

    फिलहाल गुरुद्वारे के प्रबंधन समिति ने इस प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, जबकि स्थानीय पुलिस ने कहा है कि अब तक किसी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। समुदाय के वरिष्ठ सदस्यों ने दोनों पक्षों से संवाद के ज़रिए मामले को शांतिपूर्वक निपटाने की अपील की है।

  • Hospital Liquor Smuggling: उल्हासनगर मध्यवर्ती अस्पताल में शराब तस्करी की कोशिश नाकाम, दवा के पैकेट में छिपाई गई बोतल जब्त

    Hospital Liquor Smuggling: उल्हासनगर मध्यवर्ती अस्पताल में शराब तस्करी की कोशिश नाकाम, दवा के पैकेट में छिपाई गई बोतल जब्त

    उल्हासनगर: उल्हासनगर मध्यवर्ती अस्पताल में शराब तस्करी (Liquor Smuggling) की एक कोशिश प्रशासन की सतर्कता से नाकाम हो गई। शनिवार दोपहर, अस्पताल के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्डों ने एक व्यक्ति को दवा के पैकेट में शराब की बोतल छिपाकर लाने की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गणेश चव्हाण के रूप में हुई है। वह एक मरीज के रिश्तेदार के रूप में अस्पताल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद पैकेट की तलाशी ली गई। तलाशी में दवा के पैकेट में चतुराई से छिपाई गई शराब की बोतल बरामद हुई। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल शराब की बोतल जब्त कर ली और आरोपी को अस्पताल में प्रवेश करने से रोक दिया।

    अस्पताल प्रशासन ने घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि “अस्पताल एक स्वास्थ्य सेवा केंद्र है, यहां नशीले पदार्थों की कोई जगह नहीं है। मरीजों और परिजनों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी की गई है। भविष्य में ऐसे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

    ज्ञात हो कि उल्हासनगर मध्यवर्ती अस्पताल परिसर में गुटखा, तंबाकू और शराब जैसे पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे इन पदार्थों को अंदर लाने की कोशिश करते हैं, लेकिन प्रशासन की चौकसी से ऐसे प्रयास लगातार नाकाम हो रहे हैं।

  • Kavi Sammelan:बोईसर में कवि सम्मेलन में गूंजे राष्ट्रभक्ति और संस्कृति के स्वर

    Kavi Sammelan:बोईसर में कवि सम्मेलन में गूंजे राष्ट्रभक्ति और संस्कृति के स्वर

    पालघर। बोईसर के टीमा हाल में राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन में धर्म, संस्कृति और देशभक्ति की भावना पूरे जोश से गूंजी। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि से हुआ। सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सावरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    सम्मेलन में देशभर के कवियों में दीपक श्रीवास्तव, विनीत शंकर, प्रदीप स्वामी, सत्यभामा सिंह, रूपाली राउत और खुशबू गोयल ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वीर रस, हास्य और भक्ति के रंगों से सजी इस शाम में ‘शिवगर्जना दल’ की प्रस्तुति ने माहौल में जोश भर दिया।

    समाज के विभिन्न वर्गों की उपस्थिति ने इसे सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन और आयोजन संघ के पदाधिकारियों तथा महिला कार्यकर्ताओं ने सफलतापूर्वक किया। समापन आभार और सम्मान भोज के साथ हुआ।

  • National Unity:भिवंडी मनपा ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

    National Unity:भिवंडी मनपा ने सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

    भिवंडी: भिवंडी महानगरपालिका ने मंगलवार को स्वर्गीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया। मनपा की नई प्रशासनिक इमारत के तल मंजिला सभागार में हुए इस कार्यक्रम में उपायुक्त (मुख्यालय) विक्रम दराडे और लेखा एवं वित्त अधिकारी रामप्रसाद सोलंके ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

    इसके बाद प्रभाग समिति एक के सहायक आयुक्त मकसुम शेख और कार्यालय अधीक्षक लक्ष्मण कोंकणी ने आईजीएम अस्पताल परिसर में स्थित स्वर्गीय इंदिरा गांधी की अर्ध-प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

    कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त विक्रम दराडे ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “सरदार पटेल के आदर्शों से हमें प्रेरणा लेकर देश की एकता और सामूहिक प्रगति के लिए समर्पित रहना चाहिए।”

    इस मौके पर शहर अभियंता जमील पटेल, कर निर्धारण अधिकारी सुधीर गुरव, स्थापना विभाग प्रमुख दीपिका ठाकरे, नगर विकास अधिकारी समीर जावरे, वाहन प्रबंधक प्रशांत सांख्य, तथा बारानिशी विभाग प्रमुख सुरेखा पावड़े सहित अनेक मनपा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

    भिवंडी मनपा का यह आयोजन न केवल दोनों महान नेताओं के योगदान को स्मरण करने का अवसर बना, बल्कि शहर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करने वाला कार्यक्रम साबित हुआ।