Cockroach Janata Party: सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) नाम का व्यंग्यात्मक अभियान तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, जस्टिस सूर्यकांत ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया।
इस अभियान की शुरुआत महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के अभिजीत दीपके ने की। उनका कहना है कि युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ से किए जाने के बाद उन्होंने विरोध के तौर पर यह पैरोडी प्लेटफॉर्म बनाया। देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो गया।
संबंधित ख़बरें: India US Relations: 23 मई से भारत दौरे पर रहेंगे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, परमाणु ऊर्जा सहयोग पर रहेगा जोर!
कॉकरोच जनता पार्टी की वेबसाइट और इंस्टाग्राम पेज तेजी से वायरल हुए हैं। पार्टी के इंस्टाग्राम पर 40 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं, जबकि दो लाख से अधिक लोग इसकी सदस्यता के लिए रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं।
अभिजीत दीपके पहले आम आदमी पार्टी की कम्युनिकेशन टीम के साथ काम कर चुके हैं और फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई पूरी कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह अभियान युवाओं की बेरोजगारी, निराशा और मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था के खिलाफ व्यंग्यात्मक आवाज बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जेन ज़ी हिंसा नहीं, बल्कि व्यंग्य और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना चाहता है। अभिजीत के मुताबिक, यह सिर्फ सोशल मीडिया मजाक नहीं बल्कि युवाओं की नई राजनीतिक सोच की शुरुआत है।

