Vasai-Virar Bribery: वसई-विरार मनपा का लिपिक 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार!

Vasai-Virar Bribery

Written by

in

, ,

Vasai-Virar Bribery: महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ठाणे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका के सातीवली विभागीय कार्यालय में कार्यरत लिपिक दिलीप लक्ष्मण लोखंडे (52) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता को अधिकृत भूमि मालिक की ओर से अवैध कब्जा तथा बिना अनुमति पेड़ काटने के मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई करवानी थी। इस कार्य के बदले आरोपी लिपिक दिलीप लोखंडे ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

संबंधित खबरें: Summer Sports Training Camp 2026: समर स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप 2026 डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर द्वारा ठाणे में हुआ आयोजित!

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने 27 मई 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो, ठाणे कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसीबी द्वारा शिकायत की जांच एवं सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ठाणे की टीम ने 2 जून 2026 को सातीवली स्थित विभागीय कार्यालय में जाल बिछाकर कार्रवाई की।

शाम करीब 5:20 बजे शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते समय आरोपी लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर वालीव पुलिस स्टेशन में आवश्यक प्रविष्टि दर्ज कराई है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई एसीबी ठाणे परिक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक शिवराज पाटील, अपर पुलिस अधीक्षक सुहास शिंदे एवं भागवत सोनावणे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अवसर पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है अथवा भ्रष्टाचार संबंधी कोई जानकारी हो तो तत्काल एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *